कृपया उचित दूरी रखें! ये 5 द्वीप दे रहे हैं सोशल डिस्टैंस के साथ छुट्टियाँ बिताने का शानदार मौका

Tripoto
Photo of कृपया उचित दूरी रखें! ये 5 द्वीप दे रहे हैं सोशल डिस्टैंस के साथ छुट्टियाँ बिताने का शानदार मौका by Deeksha

भारत में भीड़ की एकदम कमी नहीं है। आप देश के किसी भी कोने में चले जाइए, हर जगह लोगों से भरी मिलेगी। क्योंकि अब धीरे धीरे घुमक्कड़ी शुरू हो रही है। लेकिन इसका ये मतलब नहीं है कि आप बिना सोचे समझे किसी भी जगह पर जा सकते हैं। अब भी सुरक्षा के लिए दूरी बनाकर रखना ज़रूरी है। ऐसे में पहाड़ों में जाने की जगह क्यों ना उन जगहों को देखा जाए जहाँ ज़्यादा लोग नहीं आते हैं। स्नोफॉल और हसीन वादियों से थोड़ा ब्रेक लेकर किसी छोटे से आइलैंड पर एक ट्रॉपिकल विकेशन पर जाना अच्छा प्लान रहेगा। आखिर बीच की ठंडी रेत पर टहलना और समुंदर की लहरों में मस्ती करना किसको नहीं पसंद आएगा। बीच पर जाने की चाहत कभी ख़तम नहीं होती है लेकिन मस्ती के साथ सावधानी भी ज़रूरी है और इन सभी बातों का ध्यान रखते हुए हमने 5 द्वीपों की सूची तैयार की है।

1. सेंट मैरी आइलैंड

कोकोनट आइलैंड के नाम से मशहूर कर्नाटक का सेंट मेरी आइलैंड ट्रॉपिकल विकेशन के लिए बिल्कुल सही जगह है। ये आइलैंड 4 छोटे द्वीपों से बना हुआ है इसलिए दूर से देखने में ये एक बड़े गुच्छे की तरह लगता है। बहुत कम लोग जानते होंगे कि ये वही आइलैंड है जिसके रास्ते वास्को डी गामा भारत आए थे। आइलैंड यहां मिलने वाले बेसाल्ट पत्थर के लिए भी जाना जाता है। इस द्वीप का ज़्यादातर हिस्सा इन्हीं पत्थरों से बना हुआ है। कहा जाता है करीब 88 मिलियन साल पहले मदागास्कर भारत से जुड़ा हुआ था और वहाँ फटने वाले ज्वालामुखियों की वजह से ये सभी पत्थर बने। यहाँ की बीच बेहद साफ हैं और समुद्र की लहरों में होने का एहसास दिलाती हैं। यहाँ बिखरी सफेद रेत इस जगह को और भी मखमली बना देती है। अरब सागर के खूबसूरत नज़ारों से सजा ये आइलैंड कर्नाटक के तट से 4 मील दूर है और यहाँ पहुँचने के लिए आपको फेरी की सवारी करनी होती है। यहाँ आने के लिए आप मालपे से फेरी ले सकते हैं जिसमें 30 मिनट का समय लगता है।

सबसे सही समय: दिसंबर से जनवरी।

2. माजुली आइलैंड

इतिहास और संस्कृति को समेटने वाले ये द्वीप नदी पर बना विश्व का सबसे बड़ा द्वीप है। ब्रह्मापुत्र नदी पर बना माजुली आइलैंड की जितनी तारीफ़ की जाए कम है और यही वजह है असम के पर्यटन मैप पर इस जगह का ख़ास होना बिल्कुल बनता है। आइलैंड की खासियत यहाँ से दिखाई देने वाला सनराइज और सनसेट का बेशकीमती नज़ारे हैं जिन्हें मिस करने की भूल नहीं करनी चाहिए। एक तरफ़ जहाँ ब्रह्मापुत्र नदी इस जगह की खूबसूरती में चार चाँद लगाती है, वहीं दूसरी तरफ सतरा इसे सांस्कृतिक पहचान दिलाता है। आमतौर पर द्वीप पर रेत होती है लेकिन माजुली का ज़्यादातर हिस्सा काई और दलदल से बना हुआ है। इसकी ये खासियत माजुली को बाकी सभी जगहों से अलग करती है। यहाँ पर मिलने वाला असमी खाना इतना शानदार होता है कि आपका इस जगह से वापस जाने का मन नहीं करेगा। क्योंकि ये नदी पर स्तिथ है इसलिए यहाँ आने के लिए आपके पास केवल एक रास्ता है। माजुली आने के लिए आपको जोरहट के निमती घाट से फेरी लेनी होती है जिसमें 1 घंटे का समय लगता है।

सबसे सही समय: सितंबर से मार्च।

3. दीवर आइलैंड

क्या आपने दिल चाहता है फ़िल्म देखी है? तो बता दें फ़िल्म में दिखाई देने वाले दिलकश नज़ारे गोवा के इसी द्वीप में फिल्माए गए हैं। गोवा वो जगह है जो अपने हिप्पी कल्चर और पार्टी वाले माहौल के लिए पूरी दुनिया में फेमस है। लेकिन अगर आप गोवा की इन भीड़ वाली जगहों पर ना जाकर किसी शांत और सुंदर जगह पर जाना चाहते हैं तो दीवर आइलैंड बेस्ट जगह है। बाकी गोवा की तरह यहाँ भी पारंपरिक पुर्तगाली आर्किटेक्चर देखने को मिलता है। द्वीप पर रिलैक्स करने के बहुत ऑप्शन हैं। आप चाहें तो बीच पर बने किसी कॉटेज में भी रह सकते हैं। इस आइलैंड पर देखने के लिए भी कई चीज़ें हैं। यहाँ आप पुराने मंदिर और चर्च देख सकते हैं या पुर्तगाली एहसास को महसूस करने के लिए सड़कों पर टहल सकते हैं। ये आइलैंड पंजिम से 10 किलोमीटर दूर है और पुराने गोवा से सिर्फ़ तीन में से एक फेरी लेकर यहाँ पहुँचा जा सकता है।

सबसे सही समय: नवंबर से फरवरी।

4. कव्वयी आइलैंड

ये छोटा सा आइलैंड नॉर्थ केरल के बैकवॉटर्स पर स्तिथ है और इसकी खासियत यहाँ का इतिहास है। इब्न बतूता और मार्को पोली जैसे बेहद नामचीन घुमक्कड़ों ने इस आइलैंड के बारे में अपने भारत यात्रा में लिखा है। केरल वो जगह है जिसे गोड्स ओन कंट्री भी कहा जाता है तो आप समझ ही सकते हैं यहाँ की हर जगह कितनी मोहक होगी। ये द्वीप नॉर्थ केरल का सबसे बड़ा इकोसिस्टम भी है और ब्रिटिशों के समय इस जगह पर यहाँ एक बड़ा बंदरगाह हुआ करता था। यहाँ जंगल हैं, झील हैं और कई सारे खूबसूरत वॉटरफॉल भी हैं। इस आइलैंड पर पहुँचने का केवल एक रास्ता है। कव्वयी आने के लिए सबसे पहले आपको कन्नूर आना होगा जो यहाँ से 1 घंटे की दूरी पर है। सोशल डिस्टैंस करने के लिए इससे सुंदर और शांत जगह शायद ही कोई होगी।

सबसे सही समय: पूरा साल।

5. लिटिल अंडमान आइलैंड

बाकी अंडमान के मुकाबले में इस आइलैंड पर उतने टूरिस्ट नहीं आते हैं। ये भारत के सबसे खूबसूरत द्वीपों में से एक है और यहाँ साफ सुथरे रेतीले बीच और शानदार वॉटरफॉल की कमी नहीं है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर ये जगह आपको निराश होने का का मौका नहीं देगी। यहाँ आप ट्रेकिंग कर सकते हैं, रेन फॉरेस्ट देख सकते हैं और सर्फिंग भी कर सकते हैं। अगर आपका बजट कम है लेकिन आप बीच पर छुट्टियाँ मनाने का सोच रहें हैं तो इस जगह से बेहतर जगह आपको नहीं मिलेगी। चाहे आप परिवार के साथ हों या अपने पार्टनर के साथ, इस ट्रॉपिकल वीकेशन का मज़ा ही कुछ और है। ये आइलैंड पोर्ट ब्लेयर से 120 किलोमीटर दूर है और यहाँ पहुँचने के लिए आपको फीनिक्स बे पोर्ट से फेरी लेनी होती है। इस सफर को तय करने में लगभग 8 घंटों का समय लगता है इसलिए सोशल डिस्टैंस होना लाज़मी है।

सबसे सही समय: दिसंबर से फरवरी।

क्या आपने इनमें से किसी आइलैंड की यात्रा की है? अपना अनुभव शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

रोज़ाना वॉट्सएप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें

Further Reads