
देश में जल्द ही गणेश चतुर्थी का पर्व शुरू होने वाले है और इसे लेकर जोर सोर से तैयारियां भी शुरू हो गई है। इस साल यह त्यौहार 10 सितम्बर से शुरू रहा है। इन दिनों देश में जगह-जगह भगवान गणेश के मंदिरों की साज सज्जा चल रही है और जगहों-जगहों पर गणेश जी की झांकियां भी सजाई जा रही हैं। इसके साथ ही कई लोग गणेश चतुर्थी पर मिलने वाली छुट्टियों का फायदा उठा कर इस दौरान घूमने-फिरने का मन भी बना रहे हैं, और अगर आप गणेश चतुर्थी के असली रंग देखना चाहते हैं तो गणेशोत्सव के दौरान भारत के इन स्थानों का रूख करें। क्योंकि इन स्थानों से बेहतरीन गणेश चतुर्थी का नजारा आपको और कहीं नहीं देखने को मिलेगा। तो आइए जानते हैं वो खास जगहें कौन सी हैं।
मुंबई

गणेश चतुर्थी मुंबई में मनाए जाने वाले सबसे बड़े त्यौहारो में से एक है भारत में गणेश चतुर्थी हर जगह मनाई जाती है लेकिन मुंबई में गणेश चतुर्थी का अलग ही माहौल देखने को मिलता है। इस दौरान मुंबई में कई जगह गणेश पंडाल लगाए जाते हैं। महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी का कार्यक्रम 7 से 10 दिनों तक चलता है और इस दौरान पूरे मुंबई शहर में त्यौहार जैसा माहौल होता है। गणेश विसर्जन के साथ ही इस त्यौहार का अंत होता है। गणेश विसर्जन देखने के लिए आप चौपाटी बीच जा सकते हैं।
गोवा

महाराष्ट्र की तरह गोवा में भी गणेश उत्सव की धूम देखने मिलती है 10 दिनों तक चलने वाले गणेशोत्सव के दौरान आप गोवा के प्रत्येक हिस्से को इसके रंग में रंगा देखेंगे। गोवा के मापुसा इलाके में गणेशोत्सव का ज्यादा उत्साह देखने को मिलता है क्योंकि यहाँ कई प्रसिद्ध गणेश मंदिर भी हैं। गोवा में गणेश उत्सव की तैयारियां एक महीने पहले ही शुरू हो जाती है। शहरो में रहने वाले लोग इस त्यौहार को मनाने के लिए अपने पुश्तैनी घरों में जाते हैं।
हैदराबाद

अगर आप सोच रहे हैं कि हैदराबाद निजामों का शहर है और यहाँ गणेश उत्सव का ज्यादा क्रेज नहीं होता है तो आप गलत सोच रहे हैं। हैदराबाद का एक अलग रूप भी है जो गणेशोत्सव के दौरान देखने को मिलता है। हैदराबाद में भारत की सबसे बड़ी गणेश की मूर्ति लगाई जाती है जो हैदराबाद के खैरताबाद में स्थापित की जाती है। अगर गणेश विसर्जन के दौरान हैदराबाद में हैं तो हुसैन सागर झील में गणेश विसर्जन को देख सकते हैं।
बेंगलुरु

हर साल बेंगलुरु के एपीएस कॉलेज ग्राउंड में गणेश उत्सव का आयोजन किया जाता है जिसमें करीब 10 लाख लोग जुटते हैं। पिछले पांच दशकों से यह कार्यक्रम हर साल आयोजित किया जा रहा है और हर साल इस त्यौहार की अलग छटा देखने को मिलती है। 11 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में लोग बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस दौरान यहाँ कई कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है।
गणपति पूले

गणपति पूले महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में स्थित है जहाँ स्वयंभू गणपति मंदिर स्थित है। यहाँ का मंदिर इसलिए भी खास है क्योंकि यह देश के उन चुनिंदा गणपति मंदिरों में से एक है जहाँ मूर्ति का चेहरा पश्चिम की ओर है। 400 साल पुराना यह मंदिर यहाँ का प्रमुख आकर्षण केन्द्र भी है। इसके अलावा मंदिर के पीछे गणेश के आकार की पहाड़ी भी पर्यटकों को आकर्षित करती है। यहाँ गणेश चतुर्थी पर खास कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
पुणे

गणेश चतुर्थी को को पूरे महाराष्ट्र में पूरे हर्षोउल्लास के साथ मनाया जाता है और पुणे शहर भी इसमें पीछे नहीं है। पुणे में गणेशोत्सव का त्यौहार पेशवाओं के समय से मनाया जा रहा है। कस्बा गणपति, तुलसी बाग गणपति, तोम्बडी जोगेश्वर गणपति और केसरीवाडा गणपति पुणे की मशहूर गणपति की मूर्तियां हैं। इसके अलावा दगडूशेठ हलवाई गणपति भी काफी फेमस है यहाँ देश के प्रमुख मंदिरों की प्रतिकृति बनाई जाती है।
दिवेआगर

यह गांव महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित है। यह गांव उस समय चर्चा में आया जब एक 80 वर्षीय महिला को अपने खेतों में भगवान गणेश की सोने की मूर्ति मिली। यह भगवान गणेश का मंदिर है जहाँ हर साल गणेश चतुर्थी का त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। इसके अलावा मंदिर के साथ में स्थित बीच भी पर्यटकों के लिए एक बड़ा आकर्षण है।
क्या आपने भी गणेश चतुर्थी पर इन बेहतरीन शहरों की यात्रा की हैं। अपने अनुभव को हमारे साथ शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
आपको हमारा यह आर्टिकल कैसा लगा हमे कमेंट्स में जरूर बतायें।
अपनी यात्राओं के अनुभव को Tripoto मुसाफिरों के साथ बाँटने के लिए यहाँ क्लिक करें।
बांग्ला और गुजराती के सफ़रनामे पढ़ने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।