
पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ख़बरों की मानें तो 21 अगस्त की रात से पर्यटक अब चांदनी रात में भी प्यार के प्रतीक ताजमहल का दीदार कर सकेंगे। इससे पहले कोरोना वायरस महामारी के चलते ताजमहल को पिछले साल 2020 में ताजमहल को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। हालांकि, कई महीने के बाद ताजमहल को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया था, लेकिन नाईट व्यू की इजाजत नहीं दी गई थी। इस साल अप्रैल में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के चलते ताजमहल को दोबारा से बंद कर दिया गया था। लंबे समय के बाद संक्रमण दर कम होने और ठीक होने की दर बढ़ने की स्थिति में ताजमहल को खोल दिया गया था, लेकिन नाईट व्यू की इजाजत फिर से नहीं दी गई थी। अब तकरीबन 16 महीने के बाद ताजमहल को नाईट व्यू के लिए खोल दिया गया है। इसका मतलब यह है कि अब आप चांदनी रात में भी ताजमहल का दीदार कर सकते हैं। हालांकि, कोरोना महामारी के दौर में कई आवश्यक नियमों का पालन करना अनिवार्य है। आइए, इसके बारे में सबकुछ जानते हैं-
टाइम स्लाॅट और कोरोना गाइडलाइंस -

पर्यटक तीन स्लॉट में ताजमहल का दीदार कर सकते हैं। एक स्लॉट में महज 50 पर्यटकों को जाने की इजाजत होगी। ताजमहल के दीदार का समय रात 8:30-9:00 बजे तक, फिर 9:00-9:30 बजे तक, और रात 9:30-10:00 बजे रखा गया है। ताजमहल परिसर में प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था होगी। पर्यटकों को इस जगह सैनिटाइज़ किया जाएगा। जबकि ताजमहल परिसर में पर्टयकों को शारीरिक दूरी का ख्याल रखना पड़ेगा। पर्यटकों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य है। अगर कोई बिना मास्क के आता है, तो उसे ताजमहल परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ताज व्यू प्वाइंट विकसित किया गया-

आगरा विकास प्राधिकरण ने ताज व्यू प्वाइंट को विकसित किया है। वहां से ताज व्यू प्वाइंट पर पूर्णमासी से 5 दिन पहले और 5 दिन बाद तक रात्रि दर्शन की सुविधा शुरू करने जा रहा है। आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजेंद्र पेंसिया के मुताबिक ताज व्यू प्वाइंट पर इसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। एक तरफ ग्रीन कवर बढ़ाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ टॉयलेट जैसी सुविधाओं की व्यवस्था भी की जा रही है और ऐसे में दिन के अलावा रात में भी आगरा विकास प्राधिकरण ताज व्यू प्वाइंट को खोलने जा रहा है।
टिकट बुकिंग -

ताजमहल के नाइट व्यू के लिए टिकट व्यवस्था पहले की तरह ऑनलाइन रहेगी। पर्यटक एक दिन पहले टिकट बुकिंग कर सकते हैं। ताज के रात्रि दीदार के लिए ASI ऑफिस के काउंटर से एक दिन पहले टिकट बुक कर सकते हैं। एएसआई ऑफिस आगरा में 22 माल रोड पर मौजूद है। इसके अलावा आप ताजमहल देखने के लिए ऑफिशियल वेबसाइट www.asi.payumoney.com और www.asiagracircle.in पर टिकट खरीद सकते हैं। भारतीय और विदेशी दोनों पर्यटकों को ई-टिकट बुकिंग की सुविधा मिलती है।