पुरानी दिल्ली में स्थित चाँदनी चौक की धूम पूरी दुनिया में है। चाहे यहाँ की पुरानी इमारतों की बात हो, मंदिर-मस्जिद-गुरुद्वारा-चर्च के अद्भुत संगम की बात हो, भीड़भाड़ की बात हो या फिर हो बात यहाँ सड़क किनारे मिलने वाले स्ट्रीट फूड की, ये दुनिया भर में अपनी पहचान बनाए हुए है। मुगलों द्वारा निर्मित चाँदनी चौक सदियों से अपने स्वाद के लिए मशहूर है। कई दुकानें तो यहाँ अकबर के शासनकाल से ही है। एक समय पर 'परांठे वाली गली' में बनने वाले स्वाद को चखने पूरी दुनिया यहाँ आती थी लेकिन धीरे-धीरे उसने अपनी चमक खो दी। हमें स्वीकारना होगा कि परांठे वाली गली में अब वो पुरानी बात नहीं रही। ऐसे में हम कुछ और जगहों के नाम आपके सामने लेकर आए हैं, जहाँ का स्वाद चखकर आप भी अभिभूत हो जाएँगे।
1. नटराज के दही-भल्ले
दिल्ली में अगर सबसे मशहूर कहीं के दही-भल्ले हैं, तो वो हैं नटराज के। आलू टिक्की को दही में डुबोकर अनारदाने व चटनियों के स्वाद के साथ आपको परोसा जाता है, तो मुँह में पानी आना स्वाभाविक है। नटराज के दही-भल्ले जितने मशहूर हैं, उतनी ही मशहूर है यहाँ की आलू-टिक्की। यहाँ आने पर दोनों चखियेगा।
कैसे जाएँ? निकटतम मेट्रो स्टेशन चाँदनी चौक है।
सम्पर्क: 098112 08811
लागत:- ₹50/-
समय: सुबह 10:30 से रात 09:30 तक।

2. रबड़ी-लस्सी वाले की रबड़ी-लस्सी
अगर मैं कहूँ कि दिल्ली की सबसे बेहतरीन लस्सी इसी दुकान में मिलती है, तो इसका स्वाद चखकर आप कोई आश्चर्य नहीं होगा। तमाम तरह की लस्सी बनाकर, उसे मिट्टी के बर्तन में आपको देने वाला ये दुकान, अपनी स्पेशल रबड़ी-लस्सी के लिए मशहूर है। इसके गाढ़े रबड़ी लस्सी को जब आप चखेंगे तो वाह-वाही किए बिना नहीं रह सकेंगे।
पता: दुकान नम्बर- 1447/A, शीशगंज गुरुद्वारे के पास, चाँदनी चौक।
सम्पर्क: +91 7065541220
लागत: फ्लेवर के अनुसार लस्सी के दाम अलग हैं। रबड़ी लस्सी-₹70/-
समय: सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक।

3. काके दी हट्टी का पनीर-नान
काके की हट्टी अपने स्वाद के लिए शहर भर में मशहूर है। जो एक बार यहाँ का स्वाद चख लेता है, भूल नहीं पाता। तमाम तरह के नान, दाल मखनी, परांठा, लस्सी, पनीर टिक्का, पनीर मटर मसाला, पालक पनीर का मेन्यू है यहाँ, बस आपके ऑर्डर करने की देरी है। दिल्ली में सबसे बड़े यहाँ के किंग साइज नान बेहद मशहूर हैं। गार्लिक नान ज़रूर चखिएगा। भीड़ के कारण थोड़ा इंतज़ार करना पड़ सकता है, मगर वो इंतज़ार बेकार नहीं जाएगा।
पता: 654-666, चर्च मिशन रोड, फतेहपुरी, चाँदनी चौक।
सम्पर्क: 011 43552754
लागत: ₹500 लगभग (दो लोगों के लिए)
समय: सुबह 8 बजे से रात 1 बजे तक।

4. ओल्ड फेमस जलेबी वाला
दिल्ली की सबसे पुरानी दुकानों में से एक इस ओल्ड दुकान की जलेबी-समोसे बेहद फेमस हैं। देसी घी की जलेबी, मटर समोसा, पनीर जलेबी, जलेबी रबड़ी, आलू समोसा, सब अपने आप में अनोखे हैं। यहाँ की जलेबी साइज में बड़ी और सॉफ्ट होती हैं जोकि मुँह में रखते ही पिघल जाती है। यहाँ का स्वाद चखने के बाद आपको एहसास हो जाएगा कि क्यों इतने वर्ष बीत जाने के बावजूद ये आज भी इतनी मशहूर है।
पता: दरिबा कॉर्नर, चाँदनी चौक।
सम्पर्क: 011 23256973
लागत: ₹100 (दो लोगों के लिए)
समय: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक।

5. श्री बालाजी चाट भंडार की पापड़ी चाट
160 साल से भी अधिक हो चुकी इस दुकान को वर्तमान में इसकी पाँचवी पीढ़ी चला रही है। हर प्रकार की चाट मिल जाएगी आपको यहाँ। यहाँ बनाया जाने वाला कलमी वड़ा मेरी तरह शायद आपने भी पहली बार ही चखा होगा। लोगों के बीच धारणा है कि यहाँ की चाट में डाले जाने वाले मसाले गुप्त विधि से तैयार किए जाते हैं। सच तो ये भी है कि अगर चाँदनी चौक आकर श्री बालाजी के चाट नहीं खाई, तो कुछ भी नहीं खाया।
पता: दुकान नम्बर- 1462, शीशगंज गुरुद्वारा के निकट, चाँदनी चौक।
सम्पर्क: +91 9313743753
लागत: ₹100/- (दो लोगों के लिए)
समय: दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक।
तो ये हैं चाँदनी चौक की अनेक प्रसिद्ध दुकानों में से कुछ स्वाद के अड्डे। ये जगहें एंटीक हैं काफी, क्योंकि इनका स्वाद इसके अलावा और कहीं नहीं मिलेगा। इतने साल बीत जाने के बाद भी इन दुकानों ने पुरानी दिल्ली की उस स्वाद को जिंदा रखा है। कभी इस ओर आएँ, तो खाना मत भूलिएगा।
क्या आप भी ऐसी दुकानों और जगहों के बारे में जानते हैं जो आज भी लोगों के दिल में जगह बनाए हुए हैं? तो इसकी जानकारी यहाँ लिखें।
Tripoto हिंदी अब इंस्टाग्राम पर! हमें फॉलो करें और सुंदर जगहों के बारे में जानें।