घुमक्कड़ी में फैशन का तड़का जोड़ने के लिए जरूर करें इन 7 शहरों की सैर

Tripoto
Photo of घुमक्कड़ी में फैशन का तड़का जोड़ने के लिए जरूर करें इन 7 शहरों की सैर by Deeksha

यात्राओं में हम हमेशा एक प्रकार का नयापन ढूंढते हैं। अपनी रोज-रोज की जिंदगी से थोड़ा हटकर कुछ करने की चाह हमें घर से दूर ले जाती है। घूमने के लिए हम कभी पहाड़ों की ओर निकल जाते हैं तो कभी समुंदर की लहरें हमें अपने पास बुला लेती हैं। कुछ अलग करने के लिए हम कितना सब कुछ करते हैं। फिर जब फैशन की बात आती है तब पीछे क्यों हटना?

क्या आप जानते हैं जिन शहरों को आप मात्र घुमक्कड़ी का ठिकाना समझते थे वहाँ की गलियों में फैशन में बसता है। जब किसी भी नई जगह के कल्चर को जानना हमें रोमांचित करता है तो क्या उसी कल्चर से प्रेरणा लेकर हम कुछ नया नहीं बना सकते? ऐसा बिल्कुल मुमकिन है। अगर आप सोच रहे हैं कि अपने फैशन गेम को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए आपको कहाँ जाना चाहिए तो आपकी मदद हम कर देते हैं।

1. मुंबई

फैशन की बात हो और मायानगरी मुंबई का जिक्र ना हो ऐसा मुमकिन नहीं है। भारत की औद्योगिक राजधानी के नाम से मशहूर मुंबई में आपको फैशन से जुड़े हर लेटेस्ट ट्रेंड के बारे में तुरंत जानकारी मिलेगी। मुंबई देश की सबसे बड़ी फिल्मी दुनिया का घर है। जिसकी वजह से यहाँ का फैशन थोड़ा अलग लेकिन बेहद लाजवाब होता है। शायद ही कोई फैशन ट्रेंड होगा जो आपको मुंबई में नहीं दिखाई देगा। बॉलीवुड में तो फैशन इंडस्ट्री का जलवा रहता है। फिल्मी सितारों की चमकीली दुनिया से लेकर आम लोगों तक हर कोई फैशन के लेटेस्ट ट्रेंड के बारे में जानकारी रखता है। मुंबई को सपनों की नगरी कहा जाता है और ये कहना गलत नहीं होगा कि यहाँ लोगों का कपड़े पहनने का ढंग उनके उन्हीं सपनों में रंग भरने जैसा होता है। भारतीय ब्रैंड्स के अलावा मुंबई में तमाम विदेशी कंपनियों के भी बड़े बड़े शोरूम हैं। मुंबई वो शहर है जहाँ तंग जेब के बावजूद आपको फैशन करने से कोई नहीं रोक सकता है। आप यहाँ के लोकल बाजारों में जाकर अपने मनपसंद कपड़े खरीद सकते हैं। कुछ भी कहा जाए मुंबई का फैशन हर किसी को अपना दीवाना बना लेता है।

2. गोवा

अगर आपको लगता है गोवा की पहचान वहाँ का पार्टी कल्चर और हिप्पी टाइप माहौल है तो आप इन सबके बीच एक बहुत जरूरी चीज देखने से चूक गए हैं। वही हिप्पी कल्चर के बीच गोवा का फेमस फैशन बसता है। आमतौर पर लोग वेकेशन एन्जॉय करने के लिए गोवा आते हैं। यहाँ वो आराम से रिलैक्स करते हुए छुट्टियों का मजा लेना चाहते हैं। ऐसे में आपको गोवा में टाइट और फिटिंग वाले कपड़े पहने बहुत कम लोग दिखेंगे। गोवा का फैशन वहाँ के हिप्पी कल्चर से ही लिया गया है। गोवा में ज्यादातर लोग खूबसूरत ड्रेस के साथ हिप्पी टाइप इयरिंग पहने दिखाई देंगे। कुछ लोग शॉर्ट्स और लंबी स्कर्ट्स पहनना भी पसंद करते हैं। आमतौर पर लोगों जो हल्के रंगों वाले कपड़े पहनना अच्छा लगता है। ये केवल गोवा के लिए ही नहीं है। आप किसी भी बीच डेस्टिनेशन पर चले जाइए, आपको ज्यादातर लोग इसी अवतार में दिखाई देंगे। फैशन के मामले में गोवा में कई शॉपिंग मॉल भी हैं। लेकिन यदि आप पक्के गोवा फैशन को जीना चाहते हैं तो आपको बीच के आसपास लगने वाले बाजारों से खरीदारी करनी चाहिए। यहाँ बोहो थीम से लेकर उससे मिलती हुई ज्वेलरी तक सारी चीजें आप बेहद सकते दामों में मिल जाएंगी।

3. नई दिल्ली

Photo of घुमक्कड़ी में फैशन का तड़का जोड़ने के लिए जरूर करें इन 7 शहरों की सैर 2/3 by Deeksha
श्रेय: योर स्पेस

शॉपिंग करने का शौक रखने वाले लोगों के लिए दिल्ली सबसे बढ़िया और सस्ती जगह है। दिल्ली में आपको बड़े बड़े मॉल और शोरूम से लेकर लोकल बाजारों तक सारी चीजें मिल जाएंगी। दिल्ली में फैशन की थोड़ी अलग परिभाषा है। दिल्लीवालों का फैशन गेम थोड़ा लग्जरी लेकिन क्लासी होता है। दिल्ली के लोगों को फैशन की जितनी समझ है उतनी शायद आपको और कहीं नहीं होगी। दिल्ली में आपको सरोजनी बाजार के सस्ते लेकिन टिकाऊ फैशन से लेकर माइकल क्लार्क जैसे अमीर और ब्रैंड्स तक हर चीज का बढ़िया नजारा देखने के लिए मिलेगा। यहाँ का हर युवा जानता है कि मस्टर्ड कुर्ते को इंडो वेस्टर्न ट्विस्ट के साथ कैसे पहना जा सकता है। कनॉट प्लेस, करोल बाग, सरोजनी, चांदनी चौक ये सब शॉपिंग करने के लिए दिल्ली की टॉप जगहों में से हैं। खास बात ये भी है कि दिल्ली में आपको महंगी से महंगी चीज से लेकर कम दाम के कपड़ों तक हर सामान आसानी से मिल जाएगा। अगर आपको भी फैशन में रुचि है तो दिल्ली जाने का प्लान जरूर बनाना चाहिए।

4. शिलांग

शिलांग यकीनन मुंबई और दिल्ली के जितना बड़ा शहर नहीं है। लेकिन इसका ये मतलब बिल्कुल भी नहीं है कि ये जगह फैशन के मामले में उनसे कम है। शिलांग का फैशन बाकी सभी शहरों से एकदम अलग है। यहाँ का फैशन वेस्टर्न देशों से प्रेरित है जो इसको सबसे यूनीक बनाता है। खास बात ये भी है कि शिलांग के युवाओं में फैशन को लेकर काफी जोश है। यहाँ के लोग ना तो किसी नए ट्रेंड को अपनाने से कतराते हैं और ना ही किसी जमे हुए फैशन ट्रेंड के साथ चलने से पीछे हटते हैं। शिलांग को भारत का म्यूजिक कैपिटल भी कहा जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि देश के कई बड़े संगीतकारों का जन्म इसी खूबसूरत जगह पर हुआ है। ऐसा मुमकिन है कि बाकी शहरों में लोग बाहर जाते समय ही फैशनेबल कपड़े पहनते हों। लेकिन आपको ये जानकार आश्चर्य होगा कि शिलांग के लोग रोजमर्रा की जिंदगी में भी नए नए ट्रेंड और रंगों के साथ एक्सपेरिमेंट करना पसंद करते हैं। बता दें शिलांग का हिप हॉप स्टाइल के चर्चे पूरे भारत की फैशन इंडस्ट्री में होते आए हैं। कब क्या चीज ट्रेंड में है ये शिलांग के लोगों को अच्छी तरह मालूम रहता है।

5. कोलकाता

कोलकाता को सिटी ऑफ जॉय कहा जाता है। यहाँ की सुबह चाय की टपरी पर अनगिनत कहानियों से होती है। वैसे बता दें कोलकाता में एक चीज और है जिसके लिए ये शहर फेमस है। कोलकाता हर फैशन डिजाइनर के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। कोलकाता के लोगों का रोज का स्टाइल ही इतना दिलचस्प है कि आप देखते रह जाएंगे। खास मौकों पर तो ये शहर और भी झूम उठता है। तरह तरह के कपड़ों को अलग अलग तरीकों से स्टाइल करके उसमें हल्का सा वेस्टर्न स्वाद पिरो देने की समझ सिर्फ आपको कोलकाता के लोगों ने है मिलेगी। कोलकाता का स्ट्रीट स्टाइल जिसमें लंबे कुर्ते को रंग-बिरंगे पैंट के साथ जोड़कर पहना जाता है बेहद शानदार लगता है। यदि आपने साथ में सिल्वर ज्वेलरी पहन ली फिर ये कॉम्बिनेशन और भी बढ़िया लगने लगता है। कोलकाता में फैशन की दुनिया में नाम कमा चुके कई बड़े डिजाइनरों के शोरूम भी हैं। सभ्यसची और अनामिका खन्ना जैसे नाम यहाँ फैशन से लगाव रखने वाले हर इंसान को मुजबानी याद हैं। बनारसी साड़ी से लेकर जामधनी कॉटन से गुलजार कोलकाता के बाजारों में आपको हर तरह का लेटेस्ट ट्रेंड मिल जाएगा।

6. बेंगलुरु

भारत की सिलिकॉन वैली के नाम से मशहूर इस जगह का नाम केवल आईटी क्षेत्र में ही नहीं है। यहाँ का फैशन भी एक ऐसी चीज है जो आपकी नजरों को बेंगलुरु की तरफ मोड़ देने के लिए काफी है। पुराने और नए फैशन ट्रेंड्स का परफेक्ट मिश्रण वाले इस शहर की ज्यादातर आबादी युवा आईटी एक्सपर्ट से बनी हुई है। जिसकी वजह से यहाँ हर नए फैशन ट्रेंड की डिमांड बहुत तेजी से ऊपर जाती है। बेंगलुरु में इंडियन प्रिंट के कपड़ों ने भी खूब लोकप्रियता बटोरी है। राजस्थानी ब्लॉक प्रिंट और कलमकारी से लेकर इक्कत और वेस्टर्न क्रॉप टॉप तक सभी फैशन ट्रेंड्स यहाँ आसानी से देखे जा सकते हैं। बेंगलुरु में आपको फैशन के मामले में बड़ी वैरायटी देखने के लिए मिलेगी। खाकी स्कर्ट्स, पार्टी ड्रेस और जंक ज्वेलरी से लेकर सादे कुर्तों तक हर एक चीज यहाँ के लोगों को पसंद आती है। बेंगलुरु की आबादी की तरह ही यहाँ का फैशन ट्रेंड भी युवा एनर्जी से भरा हुआ है।

7. हैदराबाद

हैदराबाद का फैशन अपने आप में अनोखा है। यहाँ के फैशन को समझना 400 साल पुरानी सभ्यता में डुबकी लगाने जैसा है। हैदराबाद का लोकल कल्चर गौरवशाली मुगल दरबार से प्रेरणा लेता है जो एक समय पर इस शहर पर राज किया करते थे। हैदराबादी फैशन ठीक वहीं से लिया गया है। यहाँ के फैशन ट्रेंड्स इतना सारे चटख रंगों को मिलाकर बनते हैं कि इन्हें अनदेखा करना मुमकिन ही नहीं है। कुंदन की खूबसूरत ज्वेलरी से लेकर पारंपरिक कलमकारी, पोचंपल्ली इकत और गडवाल तक इस शहर में फैशन के अनगिनत ऑप्शन्स हैं। हैदराबाद के लोगों को जितना लोकल और स्ट्रीट बाजारों से शॉपिंग करना पसन्द है उन्हें टॉप ब्रैंड्स भी उतना ही आकर्षित करते हैं। कविता गट्टा और अनुश्री रेड्डी जैसे टॉप डिजाइनरों के शोरूम लोगों को फैशन के और नजदीक ले आते हैं। एक तरफ जहाँ लेटेस्ट फैशन ट्रेंड हैदराबादियों को पसंद आता है वहीं दूसरी तरफ चारमीनार और पुराने हैदराबाद से पारंपरिक चीजें खरीदना भी इनकी बकेट लिस्ट का हिस्सा रहता है। तो अगर आपके अंदर भी फैशन का कीड़ा है तो हैदराबाद का निजामी ट्रेंड आपको जरूर ट्राई करना चाहिए।

क्या आपने इन फैशनेबल शहरों की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।

Further Reads