
ताजमहल के सिर एक बार फिर नंबर वन का ताज सजा है। घरेलू पर्यटकों के बीच ताजमहल देश का सबसे लोकप्रिय स्थल बना हुआ है। पर्यटन मंत्रालय की ओर से जारी एक रिपोर्ट के अनुसार ताजमहल देश के संरक्षित स्थलों में शामिल 10 लोकप्रिय स्थानों में पहले स्थान पर कायम है। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2021-22 में घरेलू पर्यटकों ने सबसे ज्यादा ताजमहल को पसंद किया। सबसे ज्यादा घरेलू पर्यटक ताजमहल को देखने पहुंचे। लोगों के बीच ताजमहल की लोकप्रियता अब भी बनी हुई है।
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने विश्व पर्यटन दिवस पर ‘इंडिया टूरिज्म स्टैटिस्टिक्स 2022’ शीर्षक वाली रिपोर्ट जारी किया। घरेलू पर्यटकों के बीच लोकप्रियता के मामले में ताजमहल के बाद दिल्ली स्थित लाल किला दूसरे और कुतुब मीनार तीसरे स्थान पर रहा। रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2021-22 में ताजमहल को देखने 32.9 लाख घरेलू पर्यटक पहुंचे, जबकि लालकिला देखने 13.2 लाख और कुतुब मीनार देखने के लिए 11.5 लाख पर्यटक पहुंचे।

हालांकि इस साल ताजमहल विदेशी पर्यटकों के बीच लोकप्रियता के मामले पर दूसरे स्थान पर रहा। वर्ष 2021-22 में 38 हजार विदेशी पर्यटक ताजमहल देखने पहुंचे। जबकि तमिलनाडु में ममल्लापुरम के स्मारकों को देखने के लिए करीब 1.4 लाख विदेशी पर्यटक पहुंचे। उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना नदी के किनारे बना ताजमहल करीब 42 एकड़ में फैला है। इसे बनाने में करीब 21 साल लगे थे। बताया जाता है कि मोहब्बत की निशानी ताजमहल को शाहजहां ने मुमताज की याद में बनवाया था।

सफेद संगमरमर से तराश कर बनाए गए ताजमहल को देखने के लिए दुनिया भर से हर साल हजारों लोग आते हैं। वैसे ये बात जरूर है कि कोरोना महामारी के कारण हर जगह पर्यटकों की संख्या में काफी गिरावट आई है लेकिन अब स्थिति सामान्य होने के साथ ही लोग फिर से घर से निकलने लगे हैं। ताजमहल देखने के साथ आप आगरा में आगरा का किला, स्वामी जी महाराज की समाधि, राम बाग, महताब बाग, इत्माद-उद-दौला का मकबरा, जामा मस्जिद, श्री वेदमाता गायत्री ट्रस्ट को भी देख सकते हैं।

ताजमहल के देखने के लिए आपको टिकट भी लेने होते हैं। भारतीय पर्यटकों के लिए टिकट 50 रुपये का है, जबकि विदेशी पर्यटकों के लिए यह प्रवेश शुल्क 1100 रुपये का है। यहां पहुंचना काफी आसान है। आगरा देश के सभी प्रमुख शहरों से रेल, सड़क और वायुमार्ग से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। आप कहीं से भी यहां आसानी से पहुंच सकते हैं।
