यहाँ या वहाँ? स्नोफॉल का भरपूर मजा लेने के लिए मनाली जाएँ या गुलमर्ग?

Tripoto
Photo of यहाँ या वहाँ? स्नोफॉल का भरपूर मजा लेने के लिए मनाली जाएँ या गुलमर्ग? by Deeksha

बर्फ ऐसी चीज है जिसको देखकर हर किसी का मन खिल उठता है। चाहे छोटा बच्चा हो या नौजवान, बर्फ से भरे मैदान में खेलना दोनों को खूब भाता है। पहाड़ों में स्नोफॉल देखने का एक अलग नशा होता है। ऐसा लगता है बहुत समय से बंजर और बेजान पड़े पहाड़ों पर किसी ने जिंदगी के कुछ छींट डाल दिए हैं। स्नोफॉल होने के पहले और बाद के मौसम की जितनी तारीफ की जाए कम होगी। कहते हैं पहाड़ों में स्नोफॉल होने के पहले से ही बदल अपना नाटकीय अंदाज दिखने लग जाते हैं। फिर स्नोफॉल होती है और उसके बाद आती है जमा देने वाली ठंड की लहर। हम अक्सर सोचते है विदेशों में स्नोफॉल ज्यादा खूबसूरत होती है लेकिन असल में ऐसा नहीं है। भारत में दो जगहें ऐसी हैं जहाँ की स्नोफॉल देखकर आपकी आत्मा खुश हो जाएगी। ये दो जगहें हैं हिमाचली शहर मनाली और कश्मीरी सौंदर्य से भरा गुलमर्ग। अगर आप मनाली और गुलमर्ग की स्नोफॉल के बीच तय नहीं कर पा रहे हैं तो आपकी ये परेशानी हम दूर कर देते हैं।

1. भीड़ और शोर-शराबा

मनाली: मनाली हमेशा से सभी लोगों के लिए पहली पसंद रहा है और इसी वजह से गुलमर्ग की तुलना में मनाली में ज्यादा भीड़ रहती है। आप साल के किसी भी समय मनाली चले आइए, यहाँ की सड़कें हमेशा लोगों से गुलजार मिलेंगी। बहुत सारे लोग हनीमून मनाने के लिए भी मनाली आना पसंद करते हैं इसलिए सर्दियों के मौसम में भी यहाँ भीड़ होने की पूरी संभावनाएँ हैं। अगर आप उन लोगों में से हैं जो भीड़ से दूर रहना चाहते हैं तो आपको मनाली आने के पहले थोड़ा सोच लेना चाहिए।

गुलमर्ग: मनाली के मुकाबले गुलमर्ग में कम लोग आते हैं। कश्मीर को धरती पर जन्नत कहा जाता है लेकिन इसके बावजूद कश्मीर आने वाले टूरिस्टों की संख्या बहुत कम है। ज्यादातर गुलमर्ग वही लोग आते हैं जिन्हें बर्फ में एडवेंचर करना पसंद आता है। क्योंकि गुलमर्ग में उतने टूरिस्ट नहीं आते हैं इसलिए यहाँ पर मिलने वाली बर्फ भी साफ बनी रहती है। बर्फ में खेलने के अलावा आप गुलमर्ग में गोंडोला की सवारी करने का मजा भी ले सकते हैं।

2. गुच्छे वाली स्नोफॉल

मनाली: मनाली में स्नोफॉल के समय बर्फ के गुच्छे गिरते हैं। हल्के-फुल्के बर्फ के ये गुच्छे बदल के छोटे टुकड़े जैसे लगते हैं जिन्हें देखना सचमुच में बहुत खूबसूरत होता है। अगर आप मनाली में सबसे शानदार स्नोफॉल देखना चाहते हैं तो आपको रोहतांग पास आना चाहिए। यहाँ आप अच्छे से इन गुच्छों को गिरते हुए देख पाएँगे। क्योंकि मनाली में स्नोफॉल गुच्छों में होती है इसलिए सभी सड़कें गीली हो जाती हैं और यहाँ फिसलन जैसे हालात हो जाते हैं। अगर आप मनाली जाएँ तो सावधानी रखना बहुत जरूरी है।

गुलमर्ग: गुलमर्ग में आपको पाउडर स्नो मिलेगी। पाउडर स्नो यानी गुलमर्ग में स्नोफॉल के समय आपको बर्फ का कोई गुच्छा नहीं दिखाई देगा। बल्कि आपकी बर्फ के छोटे-छोटे टुकड़े या दाने दिखाई देंगे। जिसकी वजह से अगर आप गुलमर्ग में स्नोफॉल के ठीक बाद टहलने निकलेंगे तो आपके पैर बर्फ में धस भी सकते हैं।

3. कब जाएँ?

मनाली: अगर आप मनाली में एकदम ताजी स्नोफॉल देखने का मजा उठाना चाहते हैं तो आपको अक्टूबर से फरवरी के बीच आना चाहिए। इस समय मनाली में ठंड एकदम चरम पर रहती है और लगभग हर दूसरे दिन ही स्नोफॉल होती है। मनाली में सबसे ज्यादा स्नोफॉल दिसंबर से जनवरी के बीच होती है। हालांकि गुलमर्ग की तुलना में मनाली में स्नोफॉल होने की अवधि थोड़ी कम जरूर है लेकिन इतने समय में भी मन भरकर बर्फ में खेलने का मजा उठाया जा सकता है।

गुलमर्ग: अगर आप गुलमर्ग की स्नोफॉल देखना चाहते हैं तो आपको दिसंबर से मार्च के बीच आना चाहिए। इन चार महीनों के बीच गुलमर्ग में खूब स्नोफॉल होती है। मनाली के मुकाबले गुलमर्ग में लंबे समय के लिए स्नोफॉल देखी जा सकती है। इसलिए अगर आप आराम से वादियों के बीच रहते हुए स्नोफॉल देखना चाहते हैं तो आपके लिए गुलमर्ग बेहतर विकल्प रहेगा।

4. एडवेंचर

अगर आपको एडवेंचर पसंद है और आप चाहते हैं कि आपकी वेकेशन बर्फ पर कुछ शानदार खेल खेलते हुए बीते तो आप स्कीइंग और स्नो बोर्डिंग जैसी चीजें कर सकते हैं। मनाली और गुलमर्ग दोनों ही जगहों पर स्कीइंग करने के लिए कुछ बेहतरीन स्लोप बनाए गए हैं जो आपके अंदर बैठे एडवेंचर प्रेमी को खूब पसंद आएँगे।

Photo of यहाँ या वहाँ? स्नोफॉल का भरपूर मजा लेने के लिए मनाली जाएँ या गुलमर्ग? 3/3 by Deeksha
श्रेय: इंडिया.कॉम

मनाली: मनाली में स्कीइंग करने के लिए आपको पास दो विकल्प हैं। अगर आपको स्कीइंग का अनुभव नहीं है और आप शुरुआती दौर में हैं तो आप छोटे स्कीइंग रूट से शुरुआत कर सकते हैं। आमतौर पर ये रास्ते करीब 7 किमी. लंबे होते हैं। इसके अलावा अगर आप पहले भी स्कीइंग कर चुके हैं तो आप लंबे रास्तों का चुनाव कर सकते हैं जिनकी लंबाई लगभग 14 किमी. तक जा सकती है।

गुलमर्ग: अगर आप कश्मीर में हैं और स्कीइंग करना चाहते हैं तो आपको बिना ज्यादा सोचे सीधे गुलमर्ग चले आना चाहिए। गुलमर्ग में बहुत सारे स्कीइंग रिजॉर्ट्स हैं जहाँ आपको रहने और स्कीइंग करने के लिए बढ़िया ऑप्शन मिल जाएंगे। गुलमर्ग की अच्छी बात ये है कि यहाँ के रास्तों की ढलान चिकनी है इसलिए आपको स्कीइंग करने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। गुलमर्ग में स्कीइंग को दो भागों में बांटा गया है- फेस 1 और 2।

5. समय की कमी

मनाली: अगर आपके पास समय की कमी है तो आपको मनाली आना चाहिए। दिल्ली और उसके आसपास इलाकों में रहने वाले लोग इस बात को अच्छी तरह समझ सकते हैं। इसलिए अगर आप एक छोटी वीकेंड ट्रिप पर जाना चाहते हैं तो आपके लिए मनाली आना बेहतर ऑप्शन रहेगा।

गुलमर्ग: अगर आपके पास समय की कोई कमी नहीं है तो आपको यकीनन गुलमर्ग की स्नोफॉल देखने का लुत्फ उठाना चाहिए। मनाली की तुलना में गुलमर्ग पहुँचने में ज्यादा समय लगता है इसलिए यहाँ आपको ज्यादा समय लेकर आना चाहिए।

6. मौसम

मनाली और गुलमर्ग दोनों ही अच्छी ऊँचाई पर स्थित जगहें हैं। एक तरफ जहाँ मनाली 2050 मीटर की ऊँचाई पर है। वहीं गुलमर्ग की ऊँचाई 2650 मीटर है। यकीनन गुलमर्ग मनाली के मुकाबले ज्यादा ऊँचाई पर है इसलिए यहाँ ठंड भी ज्यादा पड़ती है। अगर आप उन लोगों में से हैं जो स्नोफॉल देखना तो चाहते हैं लेकिन बहुत ज्यादा ठंड में नहीं रहना चाहते हैं तो आपके लिए मनाली बढ़िया ऑप्शन रहेगा। वहीं अगर आप ठंड के बीच में रहकर स्नोफॉल को पूरी तरह से एन्जॉय करना चाहते हैं तो आपको गुलमर्ग की सैर करनी चाहिए।

तो आप स्नोफॉल का मजा लेने के लिए कहाँ जाना पसंद करेंगे? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं।

क्या आपने गुलमर्ग या मनाली की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

रोज़ाना वॉट्सएप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें

Further Reads