घूमने के लिए न ही वक्त का इंतजार करना चाहिए और न किसी के साथ का। घूमने का मन करे तो बस निकल जाना चाहिए लेकिन कुछ मौसम ऐसे होते हैं जिनके आते ही घूमने का ख्याल दौड़ने लगता है। ऐसा ही मौसम है सर्दियों का। सर्दियों का इंतजार हर किसी को होता है। सर्दियाँ होती भी खूबसूरत हैं। मौसम सुहावना रहता है, बेवक्त चाय पीने का मन करता है और एक खूबसूरत डेस्टिनेशन का तलाश शुरू हो जाती है। अगर आप सर्दियों में ऐसी ही किसी खूबसूरत जगह पर जाना चाहते हैं तो नाॅर्थ सिक्किम से अच्छी जगह कोई नहीं है।
वैसे तो नाॅर्थ सिक्किम हर मौसम में देखे जाने लायक है लेकिन सर्दियों में नाॅर्थ सिक्किम में कुछ अलग निखार आ जाता है, ज्यादा खूबसूरत लगने लगता है। चारों तरफ पहाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढंक जाते हैं, झीलें जम जाती हैं, घाटियाँ हरे की जगह सफेद रंग ओढ़ लेती हैं। सर्दियों की इस खूबसूरती में बहुत सारे लोग नाॅर्थ सिक्किम आने से घबराते हैं। उनको लगता है कि सर्दियों में यहाँ आना खतरनाक लेकिन सर्दियों में ही नाॅर्थ सिक्किम सबसे ज्यादा खूबसूरत होता है। आप यहाँ सुंदर-सुदंर घाटियों से लेकर, झीलों, वाटरफाॅल और मोनेस्ट्रीज को देख सकते हैं। नाॅर्थ सिक्किम में अगर आने का प्लान हो तो सर्दियों में जरूर आएं।
नाॅर्थ सिक्किम
भारत के सबसे खूबसूरत राज्यों में से एक है, सिक्किम। सिक्किम अपनी सुंदरता से कदम-कदम पर आपको हैरान कर देगा। सिक्किम की सीमा तीन तरफ से तीन देशों से लगी हुई है, नेपाल, भूटान और चीन। सिक्किम चार जिलों में बँटा हुआ है, नाॅर्थ, ईस्ट, वेस्ट और साउथ सिक्किम। इन सबमें सर्दियों में सबसे ज्यादा खूबसूरत है, नाॅर्थ सिक्किम।
कब जाएँ?
सर्दियों में सिक्किम जाने के लिए समय का ध्यान देना जरूरी है क्योंकि सर्दियों में यहाँ बहुत बर्फ गिरती है। ऐसे में कुछ जगहों पर रास्ते भी बंद हो जाते हैं। इसलिए सर्दियों में नाॅर्थ सिक्किम आपको दिसंबर में जाना चाहिए। अगर जनवरी में भी जाते हैं तो पहले हफ्ते में जाना चाहिए। इसके बाद भी अगर आप नाॅर्थ सिक्किम जाने का सोचें तो वो आपके लिए खतरनाक और मुसीबत भरा होगा। दिसंबर से यहाँ बर्फ पड़नी शुरू हो जाती है और ये जगह धीरे-घीरे अपना रंग बदलने लगती है।
कैसे पहुँचे?
फ्लाइट सेः सिक्किम से सबसे नजदीकी एयरपोर्ट बागडोगरा है। जो गंगटोक से 125 किमी. की दूरी पर है। बागडोगरा पश्चिम बंगाल में आता है। यहाँ के लिए आपको बड़े शहरों से फ्लाइट्स मिल जाएंगी। इसके अलावा आप बागडोगरा से गंगटोक हेलीकाॅप्टर से भी आ सकते हैं। जिसका एक व्यक्ति का किराया लगभग 3,500 रुपए होता है। इसके लिए आप सिक्किम डीटीसी की वेबसाइट पर जाकर बुक कर सकते हैं।
ट्रेन सेः अगर आप सिक्किम ट्रेन से जाना चाहते हैं तो पश्चिमी बंगाल का न्यू जलपाईगुड़ी और सिलीगुड़ी रेलवे स्टेशन सबसे नजदीक हैं। गंगटोक, जलपाईगुड़ी से 116 और सिलीगुड़ी से 113 किमी. की दूरी पर है। आप यहाँ से नाॅर्थ सिक्क्मि बस या टैक्सी बुक करके आसानी से पहुँच सकते हैं।
क्या देखें?
नाॅर्थ सिक्किम सर्दियों के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है। यहाँ देखने को बहुत कुछ है। सर्दियों में नाॅर्थ सिक्किम में क्या-क्या देखा जा सकता है? इसकी हमने एक लिस्ट बनाई है जो आपके सफर को आसान बना देगी।
1- त्सोंगमो लेक
इस झील का चंगू लेक भी कहते हैं। समुद्र तल से 12,300 फीट की ऊँचाई पर स्थित ये झील सर्दियों में पूरी तरह से जम जाती है। त्सोंगमो लेक नाथुला पास के नजदीक ही है जो गंगटोक से लगभग 40 किमी. दूर है। इस झील की सबसे खास बात ये है कि हर मौसम में ये अपना अलग रूप ले लेती है। सर्दियों में झील के चारों तरफ बर्फ से ढंके पहाड़ों के बीच यहाए हिमानी ग्लेशियर भी है। इतनी ऊँचाई पर स्थित ये झील हर किसी का मन मोह लेती है। झील के चारों तरफ धुंध फैली रहती है और आसमान साफ होता है तो इसकी खूबसूरत हैरान कर देती है। त्सोंगमो लेक की एंट्री फ्री है। नाॅर्थ सिक्किम की यात्रा त्सोंगमो लेक के बिना अधूरी ही है।
2- युमथांग वैली
युमथांग वैली वैसे तो फूलों की घाटी के लिए फेमस है लेकिन सर्दियों में आपको यहाँ बर्फ के अलावा कुछ और नहीं मिलेगा। आप युमथंग वैली में जमी नदी पर पैदल चल सकते हैं। ये आपके लिए एक अलग अनुभव होगा। ठंडी हवा यहाँ आपको कंप कंपाएगी जरूर लेकिन ये नजारे आपको और कहीं नहीं मिलेंगे। यहाँ आने के बाद आपको लगेगा कि कुछ देर बस ऐसे ही ठहरे रहें और इन वादियों को निहारते रहें। ये जगह हर किसी का मन मोह लेती है। युमथंग वैली समुद्र तल से 3,575 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। ये घाटी सिक्किम की राजधानी गंगटोक से 148 किमी. की दूरी पर है।
3- नाथुला पास
सिक्किम की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। जो दुनिया की सबसे ऊँची मोटरेबल रोड में से एक है। समुद्र तल से 4,310 मीटर की ऊँचाई पर स्थित ये जगह गंगटोक से लगभग 55 किमी. की दूरी पर है। यहाँ आने के लिए आपको परमिट लेना पड़ता है। नाथुला पास टूरिस्टों के लिए सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार को बंद रहता है। सर्दियों में ये जगह बेहद ठंडी हो जाती है। पूरी घाटी बर्फ से ढँकी रहती है। यहाँ आप बाबा मंदिर, मेनेमेचो लेक और सैंक्चुरी को देख सकते हैं।
4- लाचुंग
नाॅर्थ सिक्किम का खूबसूरत शहर जो समुद्र तल से 9,600 फीट की ऊँचाई पर स्थित है। ये शहर लाचेन और लाचुंग नदियों के संगम पर स्थित है। आप यहाँ आएं तो दोनों नदियों के खूबसूरत संगम को जरूर देखें। लाचुंग का मतलब होता है, छोटी सी घाटी। लाचुंग युमथांग वैली का एंट्री गेट माना जाता है। ये शहर अपने मठों के लिए भी फेमस हैं। दूर-दूर से लोग यहाँ की मोनेस्ट्रीज को देखने आते हैं। आप नाॅर्थ सिक्किम जाएं तो इस शहर को देखना न भूलें।
5- लाचेन
नाॅर्थ सिक्किम को सर्दियों में घूमने के लिए निकले हो और खूबसूरत लाचेन को भूल जाओगे तो बाद मे पछतावा होगा। नाॅर्थ सिक्किम का एक छोटा-सा कस्बा है लाचेन। ये खूबसूरत जगह लोगों को बहुत पसंद आ रही है। यहाँ ज्यादा भीड़ नहीं है जिस वजह से सुकून मिलता है। यहाँ सिक्किम के ऐसे कल्चर देखने को मिलेंगे जो आपको कहीं और नहीं मिलेंगे। समुद्र तल से 2,750 मीटर की ऊँचाई पर स्थित लाचेन कस्बा गंगटोक से 129 किमी. दूर है।
6- गुरुडोंगमर लेक
दुनिया की सबसे ऊँचाई पर स्थित झीलों में दूसरे पायदान पर है, गुरुडोंगमर लेक। इसका पानी बेहद साफ रहता है लेकिन अगर आप यहाँ सर्दियों में आते हैं तो झील आपको पूरी तरह से जमी हुई मिलेगी। इस झील की जितनी तारीफ की जाए कम ही है। लेक के चारों तरफ घिरे पहाड़ इस जगह को जन्नत का रूप दे देते हैं। समुद्र तल से 5,430 मीटर की ऊँचाई पर स्थित गुरुडोंगमर लेक में सिर्फ भारतीय ही जा सकते हैं, यहाँ विदेशी टूरिस्टों के लिए मनाही है। लाचेन से इस लेक की दूरी लगभग 68 किमी. है। नाॅर्थ सिक्किम छोड़िए, सिक्किम आएं तब भी इस जगह को देखने जरूर आना चाहिए।
कुछ सुझाव
1- अगर आप नाॅर्थ सिक्किम जा रहे हैं और बजट ट्रैवलर हो तो शेयर टैक्सी लेनी चाहिए, सस्ते होटलों में ठहरना चाहिए। जो आपके सफर को यादगार बनाएंगे।
2- नाॅर्थ सिक्किम में प्लास्टिक की बोतल आप नहीं ले जा सकते इसलिए अपने साथ स्टील की बोतल रखें।
क्या आपने कभी नॉर्थ सिक्किम में किसी जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
रोज़ाना वॉट्सऐप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें।