पंजाब की तारीफ करने के लिए केवल एक नहीं बल्कि बहुत सारे कारण हैं। इस राज्य को पाँच नदियों की भूमि कहा जाता है जिसकी वजह से इसको भारत का सबसे अधिक उपजाऊ राज्य भी कहा जाता है। लेकिन इसके अलावा ऐसी बहुत सारी चीजें हैं जो पंजाब को सबका लोकप्रिय राज्य बनाती हैं। पंजाब दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से है। ये जगह तमाम संस्कृतियों और सुंदरता का खूबसूरत मिश्रण है जिसे आपको जरूर देखना चाहिए। यहाँ आते ही आपको कुछ अलग एनर्जी महसूस होने लगेगी। चाहे वो यहाँ के लोग हों या उनका रहने का तरीका, पंजाब की हर एक चीज में आपको कुछ ना कुछ अलग जरूर दिखाई देगा। भांगड़ा, लस्सी, आलू पराठा और ढेर सारे प्यार वाले इस राज्य को देखने के लिए केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लोग उत्साहित रहते हैं। पंजाब के हर गली मोहललों में आपको जिंदगी दिखाई देती है। यहाँ के लोगों का जिंदगी की तरफ लगाव इनके रहने और चीजें करने के तरीके में दिखाई देता है। इसलिए मेरे हिसाब से आपको पंजाब की सैर जरूर कर लेनी चाहिए। इसी के चलते हमने पंजाब के कुछ खास शहरों की सूची तैयार की है जो आप आने वाले दिनों में देख सकते हैं।
1. अमृतसर
अगर आप पंजाब घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपको अपने सफर की शुरुआत अमृतसर से करनी चाहिए। पंजाब का ये शहर सबसे खास है। देश भक्ति, लेजेंड और तमाम धार्मिक स्थलों वाले इस शहर में देखने के लिए बहुत कुछ है। अमृतसर में घुमक्कड़ी की शुरुआत आपको स्वर्ण मंदिर से करनी चाहिए। स्वर्ण मंदिर केवल पंजाब ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में फेमस है। गहरे सुनहरे रंग में ढका ये गुरुद्वारा सचमुच में किसी नगीने से कम नहीं है। वैसे तो स्वर्ण मंदिर को सिखों का पवित्र स्थल माना जाता है लेकिन इस जगह को देखने के लिए हर धर्म और दुनिया के हर कोने से लोग आते हैं। इसके अलावा आप अमृतसर में जालियाँवाला बाग देख सकते हैं। ये जगह भारत के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है। जालियाँवाला बाग और म्यूजियम देखने के बाद वाघा बॉर्डर पर रिट्रीट देखने जाना चाहिए। भारत और पाकिस्तानी सीमा का ये बॉर्डर शाम के समय हजारों लोगों की भीड़ से गुलजार हो जाता है। अगर आप शॉपिंग करना चाहते हैं तो आपको अमृतसर के हॉल बाजार जाना चाहिए। इस बाजार में आप स्थानीय लोगों द्वारा बने कपड़े, जूते और ज्वैलरी खरीद सकते हैं।
2. चंडीगढ़
चंडीगढ़ पंजाब की राजधानी है और किसी भी राज्य के लिए उसका राजधानी शहर बेहद खास होता है। चंडीगढ़ में भी आपको कुछ ऐसा ही नजारा देखने के लिए मिलेगा। आधुनिक सभ्यता और पुरानी संस्कृतियों का दिलचस्प मिश्रण वाला ये शहर भारत के मेट्रो शहरों में से एक है। चंडीगढ़ की खास बात है कि ये भारत के सबसे स्वच्छ शहरों में भी आता है जो आपके घूमने के अनुभव को बढ़िया बना देगा। बाकी शहरों की तुलना में चंडीगढ़ बेहद सलीके और बढ़िया ढंग से प्लान किया गया शहर है। जिसकी वजह से यहाँ आपको ट्रेफिक जाम ना के बराबर मिलेगा। शिवालिक पर्वत श्रृंखलाओं का बेहतरीन नजारा इस शहर की खूबसूरती में और ज्यादा सुंदरता जोड़ देता है। चंडीगढ़ में आप रॉक गार्डन और गुलाबों का गार्डन देख सकते हैं। इसके अलावा आप सुखना झील के किनारे एक सुकूनदायी शाम बिता सकते हैं। अगर आप चंडीगढ़ से वीकेंड ट्रिप प्लान करना चाहते हैं तब आप प्रसिद्ध मोरनी हिल्स की सैर करने जा सकते हैं।
3. लुधियाना
अगर आप पंजाब की असली तस्वीर देखना चाहते हैं तब आपको सीधे लुधियाना चले आना चाहिए। इस शहर में आपको पंजाब की प्राकृतिक सुन्दरता के साथ-साथ राज्य के कृषि प्रधान होने का भी बढ़िया नजारा देखने के लिए मिलता है। लुधियाना में आप स्थानीय लोगों के जीवन की सरलता देख सकते हैं। लुधियाना जितना विकसित है उसका उतना है हिस्सा कृषि पर भी निर्भर करता है। इसलिए यहाँ आपको एक ही जगह पर पंजाब के दोनों चहरे दिखाई देते हैं। लुधियाना पंजाब का महत्वपूर्ण शहर है जहाँ घुमक्कड़ों के लिए बहुत कुछ है। अगर आप सिखों के इतिहास के बारे में जानना चाहते हैं तो आपको गुरुद्वारा मेहदियाना साहिब आना चाहिए। ये वो जगह है जहाँ गुरु गोबिंद सिंह और उनकी फौज ने औरंगजेब की सेना से जंग के बाद आराम किया था। इसके बाद आप लुधियाना का रख बाग पार्क देख सकते हैं। इस पार्क में आप हरियाली के साथ-साथ टॉय ट्रेन में सवारी करने का भी मजा उठा सकते हैं। अगर आप बच्चों के साथ हैं तब आपको हार्डी वर्ल्ड वॉटर पार्क भी आना चाहिए। ये पंजाब का सबसे बड़ा वॉटर पार्क है जो आपको खूब पसंद आएगा। इसके अलावा आप ग्रामीण जीवन पर बने म्यूजियम, फिल्लौर किला, नेहरू गार्डन और महाराजा रणजीत सिंह युद्ध संग्रहालय भी देख सकते हैं।
4. बठिंडा
अगर आप पंजाब का दिल देखना चाहते हैं तो आपको बठिंडा आना चाहिए। ये शहर पंजाब के बिल्कुल बीच में स्थित है जहाँ आपको इतिहास का खजाना देखने के लिए मिलेगा। कहते हैं ये शहर 3000 साल से भी ज्यादा पुराना है और यहाँ की ऐतिहासिक विरासत देखकर आपको समझ आ जाएगा। यहाँ कुछ ऐसे स्मारक हैं जो 3000 ईसा पूर्व के समय से हैं। यहाँ आप अतीत की पौराणिक कथाओं के बारे में भी जान सकते हैं। बठिंडा वो शहर है जहाँ गुरु गोबिंद सिंह ने मुगलों से लड़ाई लड़ी थी। पृथ्वी राज चौहान और मुहम्मद गोरी जैसे दिग्गज शासकों ने भी इस शहर से लड़ाई लड़ी थी और राज किया था। बठिंडा झीलों का शहर है। यहाँ आप गुलाबों की खूबसूरती का मजा ले सकते हैं और चेतक पार्क में परिवार के साथ पिकनिक मनाने जा सकते हैं। अगर आपको इतिहास में रुचि है तब आप आप किला मुबारक देखने जा सकते हैं। इस किले को देखने के बाद आपको बठिंडा की पुरानी विरासत के बारे में पता चलेगा। अगर आप मन्नत मांगना चाहते हैं तो पीर हाजी रत्तन में जाना चाहिए। इस मस्जिद की विशेष बात है कि इसकी एक दीवार गुरुद्वारे से जुड़ी हुई है। इसके अलावा आप तख्त श्री दमदमा साहिब गुरुद्वारा, जूलॉजिकल पार्क और दुर्गा मंदिर भी देखने जा सकते हैं।
5. पटियाला
इस जगह को शहर कहना थोड़ा गलत होगा। असल में पटियाला अपने आप में एक रियासत है जिसको अखबारों का शहर भी कहा जाता है। पटियाला को पंजाब के उन शहरों में गिना जाता है जो घुमक्कड़ीय नजरिए से खास हैं। पटियाला पंजाब के सबसे अच्छे शहरों में से है क्योंकि यहाँ का आर्किटेक्चर आपको देश के गौरवशाली अतीत की झलकियाँ दिखाता है। पटियाला में आपको तमाम संस्कृतियों का संगम देखने के लिए मिलेगा जिसमें मुगलों का राजसी अंदाज, राजपूतों का साहस और पंजाबियों का मस्तमौला अंदाज भी शामिल है। इस शहर की पहचान पटियाला पेग और सलवारों से भी बढ़कर है। पटियाला में एक बहुत सुंदर काली मंदिर है जिसमें देवी की 6 फुट ऊँची मूर्ति है। पटियाला का बारादरी गार्डन हर प्रकृति प्रेमी को अपनी तरह आकर्षित करता है। केवल यही नहीं ऐसा माना जाता है पटियाला के दुखनिवारण गुरुद्वारे में डुबकी लगाने से आपकी सभी बीमारियाँ ठीक हो जाती हैं। अगर आप सिख आर्किटेक्चर देखना चाहते हैं तब आपको किला मुबारक, मोती बाग महल, बनुर, सामना शीश महल और लछमन झूला जैसी जगहों को देखना नहीं भूलना चाहिए।
6. जलंधर
जलंधर की गिनती पंजाब के सबसे पुराने शहरों में होती है। ये शहर इतना दिलचस्प है कि आपका मन खुश हो जाएगा। जलंधर की खास बात है कि ये सिखों के साथ-साथ हिन्दुओं के लिए महत्वपूर्ण शहर है क्योंकि यहाँ कई पवित्र स्थल हैं। जलंधर विचित्र शहर है। यहाँ आपको पंजाबियत के अलावा और भी बहुत कुछ देखने के लिए मिलेगा। जलंधर में आप यहाँ के सबसे मशहूर जगह खाना खाने का मजा उठा सकते हैं। जैसे जयपुर के लिए चोखी ढाणी है वैसे ही जलंधर के लिए रंगला पंजाब हवेली है। जलंधर में खरीदारी करने के लिए भी कई विकल्प हैं। यहाँ के बाजारों में आपको कुछ ऐसी चीजें दिखाई दे जाएंगी जिन्हें खरीदने से आप अपने आपको रोक नहीं पाएंगे। यहाँ का स्ट्रीट शॉपिंग कल्चर उतना ही पक्का है जितना पंजाब में लस्सी। इसके अलावा जलंधर में आप वंडरलैंड, देवी तालाब मंदिर, निकु पार्क और साइंस सिटी देख सकते हैं। साइंस सिटी जिसको पुष्पा गुजराल साइंस सिटी के नाम से जाना जाता है विज्ञान प्रेमियों के लिए मक्का जैसा है। पंजाब सरकार द्वारा बनाई गई ये जगह मुख्य शहर से 15 किमी. की दूरी पर है।
7. होशियारपुर
अगर आर्कोलॉजी की माने तो इस शहर की प्राचीनता हड़प्पा और मोहनजोदड़ो काल से मिलती है। 1809 के समय में इस इलाके पर महाराजा करणवीर सिंह की फौज ने कब्जा कर लिए था। लेकिन बाद में इसे पंजाब का हिस्सा बनाने के एकजुट कर दिया गया। होशियारपुर जंगलों और पहाड़ों से भरा हुआ है जो इसके आसपास के शहरों की तुलना में इस शहर को एक सुखद माहौल देता है। होशियारपुर में संतों और मंदिरों के लिए भी खास जगह है। होशियारपुर में रहने वाले लोगों की बात करें तो यहाँ के ज्यादातर लोग खेती करते हैं। होशियारपुर में प्राकृतिक सौंदर्य का खजाना है। इसके अलावा यहाँ आप शीश महल, तखनी - रेह्मापुर वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी जैसे जगहों को भी देख सकते हैं।
8. कपूरथला
कपूरथला को पंजाब का पेरिस कहा जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि यहाँ का आर्किटेक्चर बिल्कुल पेरिस में मिलने वाली इमारतों की तरह है। कपूरथला की ज्यादातर बिल्डिंगों में आपको पारंपरिक यूरोपीय आर्किटेक्चर देखने के लिए मिलेगा। इसलिए यहाँ आप भारत में रहते हुए भी विदेश जैसा अनुभव ले सकते हैं। कपूरथला में ऐसी बहुत सारी जगहें हैं जिनको फ्रेंच और इंडो सारकेन वास्तुकला के हिसाब से बनाया गया है। कपूरथला में आप इस शानदार आर्किटेक्चर को निहारते हुए कई सारी दिलचस्प चीजें के बारे में जान सकते हैं। कपूरथला में आपको जगतजीत महल, एलिसी महल, शालीमार बाग, कांजली वेटलैंड और मूरिश मस्जिद जरूर देखना चाहिए।
क्या आपने पंजाब के इन शहरों की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
रोज़ाना वॉट्सएप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें।