अगली यात्रा करने से पहले सुनें अपनी राशि की राय, ट्रिप हो जाएगी मजेदार

Tripoto
Photo of अगली यात्रा करने से पहले सुनें अपनी राशि की राय, ट्रिप हो जाएगी मजेदार by Deeksha

घूमना सबको अच्छा लगता है। नई जगहों पर जाकर वहाँ के कल्चर के बारे में जानना सबको रोमांचक लगता है। पर घुमक्कड़ी में कई बार ऐसी भी परिस्थिति आती है जब हम अपना अगले ठिकाने का चुनाव नहीं कर पाते हैं। उस समय अपना डेस्टिनेशन तय करने के लिए आपके पास दो तरीके हैं। या तो आप आँखें बंद करके किसी भी जगह पर जाने का मन बना सकते हैं और दूसरा तरीका ये है कि आप अपने आप को समझकर तब किसी जगह पर जाने का निर्णय लें। काफी हद तक आपकी पसंद नापसंद आपकी राशि पर भी निर्भर करती है। आप ज्यादा रोमांटिक हैं या नहीं, आपको एडवेंचर पसंद है या नहीं इन सभी सवालों का जवाब आपकी राशि के पास होता है। सभी राशियों को ध्यान में रखकर हमने कुछ ऐसी जगहों की सूची तैयार की है जिससे आपकी कुछ मुश्किलें हल हो सकती हैं।

1. कुंभ राशि

कुंभ राशि वाले घुमक्कड़ों के लिए, जो आमतौर का आराम से घूमना पसंद करते है, अनछुई जगहों पर जाना सबसे सही फैसला होगा। कुंभ राशि वाले लोग क्रिएटिव होते हैं तो इन्हें किसी ऐसी जगह पर जाना चाहिए जहाँ उन्हें खुलकर सोचने की आजादी मिल पाए। तमिलनाडु का वालपराई हिल स्टेशन इसके लिए एकदम परफ़ेक्ट जगह है। वालपराई शांत है और यहाँ आप प्रकृति के साथ कनेक्ट करने का पूरा मौका मिलता है। इस हिल स्टेशन में आप रिलैक्स कर सकते हैं और यदि आप रोमांच करना चाहता हैं तो आप कूलांगल ट्रेक भी कर सकते हैं। वालपराई वो जगह है जो कुंभ राशि वाले लोगों के लिए वेकेशन एन्जॉय करने के लिए बढ़िया जगह होगी।

2. मीन राशि

जयपुर उन सभी लोगों के लिए बेहतरीन जगह है जिन्हें आर्ट और उससे जुड़ी चीजों में रुचि है। मीन राशि वाले लोग नई-नई क्रिएटिव चीजें करने के शौकीन होते हैं। जयपुर ऐसे लोगों के लिए बढ़िया जगह है। जयपुर की पहचान उसके रिच कल्चर और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए की जाती है। जयपुर के बाजार मीन राशि वालों को खास पसंद आएंगे। मार्बल कलाकृतियाँ, कालीन, ज्वैलरी जैसी चीजें मीन राशि वालों को जरूर अच्छी लगेंगी। जयपुर का रंग-बिरंगा माहौल भी देखने लायक होता है। यदि आप किसी त्योहार के मौके पर जयपुर जाने का प्लान बना रहे हैं तो आपको जयपुर का सबसे खूबसूरत रूप देखने के लिए मिलेगा।

3. मेष राशि

बहादुरी और पक्के इरादों के लिए पहचाने जाने वाले मेष राशि के लोगों को हिमाचल की यात्रा करना चाहिए। मेष राशि वालों को रोमांच से खास लगाव होता है। ऐसे में एडवेंचर का गढ़ कहे जाने वाले हिमाचल की यात्रा आपको जरूर पसंद आएगी। हिमाचल में आप मनाली जा सकते हैं। मनाली हिमाचल की वो जगह है जो हर घुमक्कड़ की बकेट लिस्ट में जरूर शामिल होती है। 2,050 मीटर की ऊँचाई पर स्थित मनाली हिमाचल के अन्य रोमांचक हिस्सों में जाने के लिए रास्ते का काम करता है। यदि आप मनाली से आगे जाना चाहते हैं तो सोलंग और पार्वती घाटी ज्यादा दूर नहीं हैं। ब्यास नदी पर स्थित मनाली में आप राफ्टिंग और रिवर क्रॉसिंग जैसी रोमांचक चीजें भी कर सकते हैं।

4. वृष राशि

ऊटी भारत के टॉप पर्यटन स्थलों में से एक है। ये जगह एकल घुमक्कड़ी और परिवार के साथ घूमने दोनों ही के लिए एकदम परफेक्ट है। वृष राशि वाले लोग, जिन्हें परिवार के साथ समय बिताना अच्छा लगता है, उनके लिए ऊटी एकदम टॉप क्लास जगह है। यदि आप उन लोगों में से हैं जिन्हें जिंदगी की छोटी-छोटी खुशियाँ मनाने से सुकून मिलता है उनके लिए ऊटी सबसे सफल ट्रेवल डेस्टिनेशन है। ऊटी में आप रिलैक्स तो कर ही सकते हैं लेकिन यहाँ ऐसी और भी बहुत सारी जगहें हैं जो देखने योग्य हैं। डियर पार्क, एवलेंच झील, दोड्डबेट्ट पर्वत, कामराज सागर जैसी जगहें आपका दिल जीत लेंगी। ऊटी की इन जगहों पर आप अपने परिवार के साथ खूब मजा उठा सकते हैं।

5. मिथुन राशि

मिथुन राशि वाले लोग आमतौर पर खुशमिजाज और दोस्ताना व्यवहार रखना पसंद करते हैं। ऐसे लोगों के लिए गोवा का कैंडोलिम बिल्कुल सही जगह है। कैंडोलिम गोवा की मशहूर जगह है जहाँ का हिप्पी कल्चर और एनर्जी से भरा माहौल हर घुमक्कड़ को पसंद आता है। कैंडोलिम केवल गोवा ही नहीं बल्कि पूरे देश की उन टॉप 3 जगहों में से है जो अपने बार और पब के लिए जानी जाती हैं। कैंडोलिम की मजेदार नाइट लाइफ और जोशीला माहौल मिथुन राशि वालों को खूब भाता है। कैंडोलिम का पुराना लाइटहाउस टॉवर इंस्टाग्राम के लिए फोटो लेने के लिए भी बढ़िया जगह है।

6. कर्क राशि

कर्क राशि के लोगों के लिए महाराष्ट्र का महाबलेश्वर बढ़िया जगह है। कर्क राशि वाले लोगों का सुखद व्यवहार और दोस्ताना मिज़ाज हर किसी को पसंद आता है। ऐसे लोगों के लिए नए लोगों से मिलना, दोस्त बनाना और उनसे बातें करने का सुख लेने के लिए महाबलेश्वर से बेहतर जगह नहीं मिलेगी। भारतीय घुमक्कड़ों की माने तो महाबलेश्वर के लोगों में एक अलग किस्म की भावना दिखाई देती है। महाबलेश्वर के लोग दोस्त बनाने में सक्षम होते हैं जो कर्क राशि वालों के लिए बहुत अच्छी बात है। महाबलेश्वर में आप अपने दोस्तों के साथ मप्रो गार्डन देख सकते हैं। यहाँ के स्ट्रॉबेरी फार्म में घूमना भी एक बढ़िया विकल्प है। वेन्ना झील में बोटिंग और गो कार्टिंग का मजा लेने के लिए भी महाबलेश्वर बढ़िया जगह है।

7. सिंह राशि

सिंह राशि वाले वो लोग, जो अपनी घुमक्कड़ी के अनुभवों में रोमांच का तड़का जोड़ना चाहते हैं, को कलिंपोंग की सैर करने का प्लान बनाना चाहिए। कलिंपोंग में आपको एडवेंचर का बढ़िया इंतेजाम मिलेगा। यहाँ के ट्रेकिंग रूट्स आपके अंदर बैठे रोमांच प्रेमी को खुश कर देंगे। कलिंपोंग के न्योरा वैली नेशनल पार्क और कैक्टस नर्सरी में आप वन्य जीव-जंतुओं की अच्छी वैरायटी देख सकते हैं। दुरपिन दारा हिल से स्काई डाइविंग और पैराग्लाइडिंग और मॉर्गन हाउस के रहस्यमयी पहलुओं से रूबरू होने के लिए कलिंपोंग अच्छी जगह है। अच्छी बात ये भी है कि कलिंपोंग में आपको रोमांच के साथ साथ गजब की प्राकृतिक सुन्दरता भी मिलती है जो पूरी ट्रिप को और भी ज्यादा यादगार बना देगी।

8. कन्या राशि

प्रकृति के नजदीक आने के लिए पूर्वोत्तर राज्य सबसे बढ़िया जगह हैं। नॉर्थ ईस्ट में भी यदि आप गंगटोक जाने का प्लान बना रहे हैं तब ये ट्रिप आपके लिए बेहद खास लम्हों से भरी होगी। कन्या राशि वाले लोग आमतौर पर दयालु और सरल स्वभाव के होते हैं। उनके लिए किसी को नुकसान पहुँचाना बहुत मुश्किल काम होता है। ऐसे लोगों को प्रकृति से खास लगाव होना ज़ाहिर सी बात है। गंगटोक में आप तमाम ऐसे रास्तों पर ट्रेक कर सकते हैं जहाँ आपको प्रकृति के और करीब आने का मौका मिलेगा। सेवन सिस्टर्स वाटरफॉल्स पर पिकनिक से लेकर त्सोंगमो झील के आकर्षक नजारों तक हर एक चीज आपको गंगतोक से प्यार करने पर मजबूर कर देगी।

9. तुला राशि

तुला राशि का सीधे तौर पर शुक्र ग्रह से संबंधित है जिसको प्यार और सौंदर्य की देवी माना जाता है। तुला राशि वाले लोगों को प्यार करना और प्यार में रहना दोनों बेहद पसंद आता है। ऐसे लोगों को उन शहरों में जाना चाहिए जहाँ का रूमानी माहौल आपको खुश कर दे। राजस्थान का उदयपुर इसके लिए बढ़िया चॉइस हो सकता है। उदयपुर की शाही हवेलियाँ और राजसी माहौल अपने पार्टनर के साथ समय बिताने के लिए परफेक्ट है। यदि आप अपने पार्टनर के साथ किसी रोमांटिक वेकेशन पर जाना चाहते हैं तो उदयपुर आपकी लिस्ट का हिस्सा ज़रूर होना चाहिए। पिचोला झील पर नाव की सवारी, फतेह प्रकाश पैलेस से सनसेट और अंबराई घाट पर रोमांटिक कैंडल लाइट डिनर करके भी आप पार्टनर के साथ प्यार भरे पल बिता सकते हैं।

10. वृश्चिक राशि

अगर कोई एक चीज है जो वृश्चिक राशि वाले लोगों में देखी जा सकती है तो वो है उमंग। वृश्चिक राशि वाले लोग पक्के इरादों के धनी होते हैं। आमतौर पर ये लोग फेमस पर्यटन स्थल देखना पसंद करते हैं। इनके लिए हैदराबाद बढ़िया जगह हो सकती है। दोस्तों के साथ हैदराबाद की नाइट लाइफ एंजॉय करने का मजा हैदराबाद में खूब देखने को मिलता है। यदि आप अपने दोस्तों के साथ समय बिताना चाहते हैं तो हैदराबाद में उसके लिए भी एक से बढ़कर एक बढ़िया विकल्प हैं। आप किसी भी बार या रेस्तरां में जा सकते हैं। लाड बाजार की रौनक और हैदराबादी दम बिरयानी का स्वाद आपकी ट्रिप को यादगार बना देंगे।

11. धनु राशि

धनु राशि वाले लोगों, जिन्हें खुलकर ज़िन्दगी जीने के लिए और नई नई चीजें सीखते रहने के लिए जाना जाता है, को अमृतसर आना चाहिए। पंजाब का जोशीला माहौल अपके अंदर भी भरपूर एनर्जी भर देगा। अमृतसर को उसके ऐतिहासिक जगहों और समृद्ध स्थानीय संस्कृति के लिए जाना जाता है। अमृतसर में आपको नई चीज़ें तो देखने के लिए मिलेंगी ही लेकिन साथ में लोकल कल्चर का भी बढ़िया नजारा दिखाई देगा। स्वर्ण मंदिर, जालियांवाला बाग, वाघा बॉर्डर ये सभी जगहें अमृतसर के सबसे फेमस लैंडमार्क हैं। जिन्हें आपको ज़रूर देख लेना चाहिए।

12. मकर राशि

मकर राशि वालों को सबसे सटीक और समझदारी दिखने के लिए जाना जाता है। इनकी बुद्धि और निर्णय लेने की क्षमता बेहद खास है। मकर राशि वाले लोग बहादुर भी होते हैं। यदि आप अपनी ट्रिप को रोमांचक बनाना चाहते हैं तो ऋषिकेश आपके लिए बढ़िया ऑप्शन हो सकता है। ऋषिकेश में आप पानी से जुड़ी तमाम एक्टिविटी कर सकते हैं। राफ्टिंग, रिवर क्रॉसिंग और कैंपिंग करने के लिए ऋषिकेश बिल्कुल परफेक्ट जगह है। ऋषिकेश को एडवेंचर कैपिटल भी कहा जाता है जिससे साफ जाहिर होता है कि रोमांच प्रेमियों के लिए ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं है।

क्या आपने इनमें से किसी जगह की यात्रा की है ? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें

Further Reads