ठंड से पहले सितंबर-अक्टूबर में बनाएँ पहाड़ घूमने का प्लान, जानिए इस मौसम में कहां जा सकते हैं

Tripoto
Photo of ठंड से पहले सितंबर-अक्टूबर में बनाएँ पहाड़ घूमने का प्लान, जानिए इस मौसम में कहां जा सकते हैं by Rishabh Dev

घुमक्कड़ी अपने आप में एक अलग सुख होता है। कुछ दिन इससे दूर रहो तो मन उदास हो जाता है इसलिए हम सभी को घूमते रहना चाहिए। बहुत कम लोगों को पता है कि सितंबर-अक्टूबर घूमने के लिए एकदम परफ़ेक्ट समय है। मानसून ख़त्म हो रहा होता है और सर्दियों आ रही होती हैं। सितंबर अक्टूबर में पहाड़ का मौसम बढ़िया रहता है। इस दौरान पहाड़ों में कहां घूमने जाएँ तो कुछ शानदार पहाड़ी जगहों के बारे में हम आपको बता देते हैं।

1. लद्दाख

हर घूमने वाले व्यक्ति का सपना होता है कि वो एक बार लद्दाख की यात्रा ज़रूर करे। सितंबर-अक्टूबर लद्दाख घूमने का एकदम सही समय है। इस दौरान लद्दाख में ना बहुत ज़्यादा ठंड होती है और गर्मी तो होती ही नहीं है। इसके अलावा इन महीनों में लद्दाख में पर्यटक बहुत कम होते हैं। इस दौरान लद्दाख में आपको घूमने वाले कम लोग मिलेंगे। जिससे आप शांत और बिना भीड़ वाले लद्दाख को देख पाएँगे। लद्दाख में बहुत सारी जगहें हैं जिनको आप देख सकते हैं। इनमें नुब्रा वैली, लामायुरू, हानले, जांस्कर और कारगिल समेत कई शानदार जगह है। लद्दाख वो जगह है जहां घूमने के लिए इतनी जगहें हैं कि आप घूमते-घूमते थक जाओगे।

2. स्पीति

स्पीति हिमाचल प्रदेश की सबसे शानदार जगहों में से एक है। स्पीति को एक्सप्लोर किए बिना हिमाचल प्रदेश की यात्रा अधूरी ही मानी जाती है। हर साल बड़ी संख्या में लोग स्पीति को घूमने के लिए जाते हैं। स्पीति में कई शानदार बौद्ध मठ, ऊँचाई पर स्थित मोटरेबल रोड और सुंदर झीलें हैं। आप स्पीति की यात्रा में चन्द्रताल लेक, ताँबो, ढनकर, काजा, लांगजा और की जैसी शानदार जगहों को देख सकते हैं। आप स्पीति की रोड ट्रिप भी कर सकते हैं। इसके अलावा पब्लिक ट्रांसपोर्ट से भी स्पीति की यात्रा संभव है। सितंबर-अक्टूबर में जाने के लिए स्पीति भी एक बढ़िया जगह है।

3. सोनमर्ग

सोनमर्ग कुदरत का एक नायाब नमूना है। सोनमर्ग कश्मीर की सबसे शानदार और फ़ेमस जगहों में से एक है। समुद्र तल से 2,800 मीटर की ऊँचाई पर स्थित सोनमर्ग पर्यटकों की सबसे अच्छी जगहों में से एक है। बड़ी संख्या में लोग सोनमर्ग जाना पसंद करते हैं। सितंबर-अक्टूबर में सोनमर्ग का मौसम शानदार होता है। इस दौरान सोनमर्ग में आप कृष्णासर दर्रा, बालतल, विशनसर लेक, थजियास ग्लेशियर और गदसर लेक समेत कई शानदार जगहों को देख सकते हैं। सोनमर्ग की इन जगहों को देखकर आपका मन गद-गद हो जाएगा। आप अपनी बकेट लिस्ट में कश्मीर की इस शानदार जगह को भी रख सकते हैं।

4. तीर्थन वैली

तीर्थन घाटी हिमाचल प्रदेश की उन जगहों में से आती है जिसको कम एक्सप्लोर किया जाता है। यहाँ आपको घूमने वालों की भीड़ थोड़ी कम मिलेगी। समुद्र तल से 1,600 मीटर की ऊँचाई पर स्थित तीर्थन घाटी की हरियाली और दिलकश नज़ारे आपको दीवाना बना देंगे। कुल्लू जिले में स्थित तीर्थन घाटी का नाम तीर्थन नदी से लिया गया है। इस शांत घाटी में आप ट्रेकिंग, कैंपिंग, फ़िशिंग और सुंदर गाँवों को देख सकते हैं। यक़ीन मानिए यहाँ से आपका जाने का मन नहीं करेगा।

5. मनाली

मनाली हिमाचल प्रदेश की सबसे फ़ेमस जगहों में से एक है। आप इस हिल स्टेशन पर कभी भी चले जाइए, आपको यहाँ लोगों की भीड़ हमेशा मिलेगी। ब्याज नदी के किनारे स्थित मनाली 2,050 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। मनाली में कई प्राचीन मंदिर और झरने को देख सकते हैं। इसके अलावा मनाली को पैदल-पैदल नापने का भी एक अलग ही मज़ा है। यहाँ पर बंजी जंपिंग, फ़िशिंग, ट्रेकिंग समेत कई सारी गतिविधियाँ कर सकते हैं। आप ठंड से पहले इस जगह पर जाने का प्लान बना सकते हैं।

6. लाचेन

लाचेन उन पहाड़ी जगहों में से एक है जिसको कम एक्सप्लोर किया गया है। लाचेन सिक्किम के मंगन ज़िले में स्थित एक बेहद सुंदर पहाड़ी जगह है। समुद्र तल से 2,600 मीटर की ऊँचाई पर स्थित लाचेन गंगटोक से लगभग 130 किमी. की दूरी पर स्थित है। लाचेन नाम का अर्थ है, बड़ा दर्रा। लाचेन में आप लाचेन और लाचुंग नदी के संगम को देख सकते हैं। सितंबर-अक्टूबर में लाचेन का मौसम घूमने के लिए एकदम सही रहता है। प्रकृति प्रेमियों के लिए लाचेन किसी जन्नत से कम नहीं है।

7. फूलों की घाटी

फूलों की घाटी पूरी दुनिया की सबसे सुंदर जगहों में से एक है। उत्तराखंड में स्थित फूलों की घाटी यूनेस्को के विरासत स्थल में शामिल है। उत्तराखंड के चमोली ज़िले में स्थित फूलों की घाटी 87 वर्ग किमी. में फैली हुई है। फूलों की घाटी साल में कुछ महीनों के लिए खुलती है। फूलों की घाटी जुलाई से सितंबर तक खुली रहती है। आप सितंबर में इस सुंदर जगह को देख सकते हैं। यहाँ आप पहाड़ों में अलग-अलग प्रकार के फूल देख सकते हैं। फूलों की घाटी तक पहुँचने के लिए आपको लंबा ट्रेक करना पड़ेगा। इसके अलावा आप यहाँ हेमकुंड साहिब के भी दर्शन कर सकते हैं।

क्या आपने कभी इन पहाड़ी जगहों की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

Further Reads