रोमांच ही रोमांच! मुनस्यारी जाएं तो इन शानदार ट्रेक को जरूर करें

Tripoto
Photo of रोमांच ही रोमांच! मुनस्यारी जाएं तो इन शानदार ट्रेक को जरूर करें by Rishabh Dev

पहाड़ों में हर बार जाकर लगता है कि बस यहीं बस जाऊँ। यहाँ की हवा में एक अलग ही जादू हैं। पहाड़ की हर जगह की अपनी एक ख़ासियत है। पहाड़ एक तरफ़ अपनी सुंदरता के लिए जाना जाता है तो रोमांच भी आपको पहाड़ों में ही मिलेगा। मुनस्यारी उत्तराखंड की सबसे सुंदर जगहों में से एक है। मुनस्यारी से हिमालय का बेहद सुंदर नजारा दिखाई देता है। मुनस्यारी से कई सारे ट्रेक शुरू होते हैं। अगर आप रोमांच के शौक़ीन हैं तो आपको ये ट्रेक ज़रूर करने चाहिए। हम आपको मुनस्यारी से शुरू होने वाले ट्रेक के बारे में जानकारी दे देते हैं।

मुनस्यारी से शुरू होने वाले ट्रेक:

1. मिलम ग्लेशियर

मिलम ग्लेशियर को गौरी गंगा के उद्गम स्थल के लिए जाना जाता है। मिलम मुनस्यारी से लगभग 60 किमी. की दूरी पर है। इस ग्लेशियर तक पहुँचने के लिए एक लंबा और कठिन ट्रेक करना पड़ता है। मिलाम भारत के सबसे बड़े ट्रेक में से एक है, जिसके बारे में कम लोगों को पता है। इसे पूरा करने में लगभग 10-11 दिन लगते हैं। मिलाम ग्लेशियर से त्रिशुल, हरदौल, मैंग्रोन और सकराम जैसी पीक देखने को मिलती है। इस ट्रेक को करना आसान नहीं है लेकिन सबसे खूबसूरत नजारे कठिन रास्तों पर चलकर ही मिलते हैं।

2. रालम ग्लेशियर

मुनस्यारी का रालम ग्लेशियर उत्तराखंड के सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। इस जगह तक पहुँचने के लिए बेहद कठिन रास्ता लेना पड़ता है। रालम ग्लेशियर मुनस्यारी से लगभग 80 किमी. की दूरी पर है। रालम ग्लेशियर समुद्र तल से 2,290 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। इस ट्रेक में आपको कई सारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि आपको ट्रेकिंग का अनुभव है तब ही आपको इस ट्रेक को करना चाहिए।

3. खलिया टॉप

खलिया टॉप मुनस्यारी का सबसे फ़ेमस ट्रेक है। खलिया टॉप की ख़ूबसूरती देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। यहाँ से आप हिमालय के बेहद सुंदर नज़ारे दिखाई देंगे और बर्फ़ से ढँकी हिमालय की चोटी भी दिखाई देगी। खलिया टॉप ट्रेक मुनस्यारी से लगभग 12 किमी. की दूरी पर है। शुरूआत में ट्रेक आसान है लेकिन जैसे-जैसे आप आगे बढ़ेंगे ट्रेक कठिन होता जाता है। अगर आप गर्मियों में बर्फ़ पर चलना चाहते हैं तो आपको खलिया टॉप ट्रेक को ज़रूर करना चाहिए।

4. नंदा देवी बेस कैंप

मुनस्यारी से एक और बेहद खूबसूरत ट्रेक शुरू होता है, नंदा देवी बेस कैंप। इस ट्रेक को पूरा करने में लगभग 8-10 दिन का समय लगता है। ये ट्रेक बेहद कठिन है और इसे गाइड के साथ ही करना चाहिए। इस ट्रेक से आपको बर्फ़ से ढँकी हिमालय की चोटियों के मन मोहने वाले सुंदर नज़ारे देखने को मिलेंगे। ये ट्रेक मुनस्यारी से शुरू होता है और लिलम, बुगदियार, रिलकोट, मार्तोली, नरस्पनपति और बिट्टलग्वार होते हुए नंदा देवी बेस कैंप पहुँचेंगे।

5. थामरी कुंड

थामरी कुंड मुनस्यारी का सबसे आसान ट्रेक है। मुनस्यारी से थामरी कुंड लगभग 10 किमी. की दूरी पर है। यदि आपको ट्रेकिंग का ज़्यादा अनुभव है तो आपको इस ट्रेक को ज़रूर करना चाहिए। थामरी कुंड हरे-भरे पेड़ों के बीच स्थित एक कुंड है। सर्दियों में ये कुंड बर्फ़ से जम जाता है। ट्रेक के शुरूआत में रास्ता संकरा है और फिर आगे सीढ़ियाँ चढ़नी पड़ती हैं। यहाँ से आपको पंचाचूली की चोटियाँ देखने को मिलेंगी। मुनस्यारी जाएँ तो इस ट्रेक को करना बिल्कुल ना भूलें।

6. नमिक ग्लेशियर

नमिक ग्लेशियर समुद्र तल से 3,600 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। यहाँ से आपको नंदा देवी, नंदा कोट और त्रिशूल के बेहद सुंदर नज़ारे देखने को मिलेंगे। मुनस्यारी से नमिक ग्लेशियर 40 किमी. की दूरी पर है। इस ट्रेक को पूरा करने में लगभग 10 दिन का समय लगता है। मुनस्यारी से शुरू होने वाला ये ट्रेक सोनार गाद के घास के मैदान, धलदौक, सुदामखान और हीरामणि ग्लेशियर से होते हुए नमिक ग्लेशियर तक जाता है। नमिक ग्लेशियर को रामगंगा नदी के उद्गम स्थल के लिए भी जाना जाता है।

क्या आपने उत्तराखंड के मुनस्यारी की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

Further Reads