मिजोरम का खूबसूरत लुंगलेई, बनाएं अपनी बकेट लिस्ट का हिस्सा

Tripoto
Photo of मिजोरम का खूबसूरत लुंगलेई, बनाएं अपनी बकेट लिस्ट का हिस्सा by Rishabh Dev

हमें अपनी घुमक्कड़ी में हर बार एक नई जगह को जोड़ना चाहिए। ऐसी जगह जो ऑफबीट से भी थोड़ी दूर हो। 

जहाँ की ठंडी-ठंडी हवाएं आपका दिल खुश कर दें और प्रकृति का ऐसा स्पर्श कि भुलाकर भी नहीं भुला पाओगे। 

ऐसी ही खूबसूरत जगह के लिए हमें पूर्वोत्तर का रूख करना चाहिए। मिजोरम भारत के सबसे खूबसूरत प्रदेशों में से एक है। 

इस राज्य की ज्यादातर जगहें अभी भी अनछुई बनी हुई हैं। उन्हीं खूबसूरत जगहों में से एक है, लुंगलेई

Photo of मिजोरम का खूबसूरत लुंगलेई, बनाएं अपनी बकेट लिस्ट का हिस्सा 1/6 by Rishabh Dev

लुंगलेई मिजोरम दूसरा सबसे बड़ा शहर है। इसके बावजूद इस जगह के बारे में शायद ही आपने सुना हो। 

यहाँ पहाड़, खूबसूरत जंगल तो हैं ही इसके अलावा लुंगलेई अपने लोकल कल्चर के लिए जाना जाता है। 

लुंगलेई को लुंगलेह के नाम से भी जाना जाता है, जिसका मतलब है पत्थर का पुल। 

वो पत्थर जो पुल की तरह लगता था। उसी के नाम पर इस जगह का नाम पड़ा। इस जगह पर घूमना क्यों चाहिए? तो इसकी वजहें हम आपको बता देते हैं। आखिर वो क्या है जो लुंगलेई को एक परफेक्ट टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाता है?

क्या करें?

अगर आप ट्रैवलर हो तो ऐसी जगहों पर जाना पसंद होगा जहाँ भटकना आसाना हो। जहाँ घूमते-घूमते अपने में खो जाएं। आपके इसी सपने को पूरा करता है मिजोरम का लुंगलेई। लुंगलेई में आपका हर एक कदम नई जगह पर ले जाता है।

1. साजा वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी

अगर आपको प्रकृति से प्यार है तो लुंगलेई आपको जरूर पसंद आएगा। इसी लुंगलेई में साजा वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी भी है। ये सैंक्चुरी लगभग 15 वर्ग किमी. में फैली है।

 यहाँ पर आप बंदर, हिरण जैसे कई जंगली जानवरों को देख सकते हैं। आप यहाँ पर बर्ड वॉचिंग भी कर सकते हैं। 

आपको यहाँ ऐसे पक्षी दिखेंगे जिनको आपने पहले न देखा और न ही उनका नाम सुना होगा। 

पक्षी प्रेमियों और फोटोग्राफर्स के लिए ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। आपको लुंगलेई की इस जगह पर जरूर जाना चाहिए।

2. लुंगलेई ब्रिज

Photo of मिजोरम का खूबसूरत लुंगलेई, बनाएं अपनी बकेट लिस्ट का हिस्सा 3/6 by Rishabh Dev

पत्थर का ब्रिज लुंगलेई की सबसे फेमस जगहों में से है। इसी के नाम पर लुंगलेई का नाम पड़ा है। 

यहाँ आकर आप इस जगह की महत्वता और इतिहास के बारे में समझ सकते हैं। ये रॉक ब्रिज नदी के पास में स्थित है। 

इस वजह से ये जगह और भी खूबसूरत लगने लगती है। यहाँ पर बहुत ज्यादा भीड़ आपको नहीं मिलेगी। इस वजह से भी ये जगह आपको बहुत पसंद आएगी। 

खूबसूरत नजारों को देखते हुए आप कुछ देर यहाँ पर जरूर रूकना चाहेंगे। ऐसी सुंदर जगहों पर कौन नहीं आना चाहेगा?

3. नघासिह

जो जगह किसी नदी किनारे होती है वो बेहद खूबसूरत होती है, वहाँ पर देखने को बहुत कुछ होता है। लुंगलेई में एक छोटी-सी नदी है, नघासिह। 

ये त्लौंग नदी की सहायक नदी है। पहाड़ों के बीच स्थित ये नदी खूबसूरती बढ़ाने का काम करती है। 

ये जगह लुंगलेई फेमस जगहों में से एक है। यहाँ पर स्थानीय लोग पिकनिक मनाने के लिए आते हैं। मन मोहने वाले नजारों को देखते हुए आप यहाँ पर कुछ देर रिलैक्स कर सकते हैं। 

इस जगह को देखने के बाद लुंगलेई आपको और भी खूबसूरत लगने लगेगा।

4. थोरांगतलांग सैंक्चुरी

Photo of मिजोरम का खूबसूरत लुंगलेई, बनाएं अपनी बकेट लिस्ट का हिस्सा 5/6 by Rishabh Dev

लुंगलेई प्रकृति के खजाना से भरा हुआ है। जिस तरफ बढ़ाएंगे आप एक अलग प्रकार की खूबसूरती से रूबरू होंगे। 

मिजोरम की थोरांगतलांग वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी प्रकृति की ऐसी ही खूबसूरती है। लगभग 50 वर्ग किमी. में फैली इस सैंक्चुरी में हाथी बहुत देखने को मिल जाएंगे। हाथियों को बंग्लादेश से लाया गया है। 

इसके अलावा यहाँ पर जंगल कुत्ते, हिरण, बंदर, टाइगर, जंगली बिल्ली और बाघ जैसे जानवर भी पाए जाते हैं। बर्ड वाचिंग के लिए भी ये सैंक्चुरी अच्छी जगह है।

5. सैकुती हॉल

Photo of मिजोरम का खूबसूरत लुंगलेई, बनाएं अपनी बकेट लिस्ट का हिस्सा 6/6 by Rishabh Dev
श्रेय: टूरमेट।

अगर आप मिजोरम आते हैं और बिला लोकल कल्चर को जाने वापस चले जाते हैं तो आपका मिजोरम आना सफल नहीं माना जाएगा। 

इसलिए लुंगलेई में आपको सुकैती हॉल जाना तो बनता है। सुकैती हाॅल एक बड़ी-सी बिल्डिंग है। जहाँ कई चीजें एक साथ देखने को मिलेंगी। 

यहाँ पर लाइब्रेरी, ओडोटोरियम, रेस्टोरेंट और म्यूजियम है। मिजो आर्ट और कल्चर आपको यहीं पर देखने को मिलेगी। 

यहाँ की लाइब्रेरी में 21 हजार से ज्यादा किताबें हैं। हर शहर में ऐसी जगह होनी ही चाहिए जो उस जगह के बारे में समझने में मदद करती है। लुंगलेई में ऐसी ही जगह है सुकैती हाॅल।

6. एडवेंचर

वैसे तो एडवेंचर के लिए आप कहीं भी जा सकते हैं लेकिन लुंगलेई में भी रोमांच का मजा लिया जा सकता है। 

हरे-भरे पहाड़ों के बीच चलते रहने का अपना अलग मजा है। आप लुंगलेई में कैंपिंग, हाइकिंग और ट्रेकिंग कर सकते हैं। 

इसके अलावा आप इन खूबसूरत वादियों में रिलैक्स कर सकते हैं और खुद को अच्छे-से जान सकते हैं। लुंगलेई जैसी जगहें इसके लिए परफेक्ट होती हैं। 

हो सकता है कि घूमते हुए लुंगलेई में आपको कोई नई जगह मिल जाए।

कब जाएं?

मिजोरम के लुंगलेई में आप साल भर में कभी भी जा सकते हैं। लुंगलेई का मौसम एक जैसा रहता है, न बहुत ज्यादा गर्मी होती है और न ही बहुत ज्यादा सर्दी होती है। इसके बावजूद लुंगलेई के सबसे खूबसूरत नजारों के लिए आपको सितंबर से अप्रैल के बीच में यहाँ का प्लान बनाना चाहिए। उस समय मौसम और भी ज्यादा निखरकर आता है। लुंगलेई मिजोरम का दूसरा बड़ा शहर है इसलिए आपको यहाँ रहने में कोई दिक्कत नहीं होगी। लुंगलेई में हर छोटे-बड़े होटल आपको मिल जाएंगे। आप अपने बजट के हिसाब से इन जगहों पर ठहर सकते हैं।

कैसे पहुँचे?

फ्लाइटः यदि आप फ्लाइट से मिजोरम के लुंगलेई जाना चाहते हैं तो सबसे नजदीकी आइजॉल एयरपोर्ट है। आइजॉल से लुंगलेई की दूरी लगभग 170 किमी. है। यहाँ से टैक्सी बुक करके लुंगलेई पहुँच सकते हैं।

ट्रेन सेः अगर आप ट्रेन से लुंगलेई जाने की सोच रहे हो तो सबसे निकटतम सिलचर रेलवे स्टेशन है। सिलचर से लुंगलेई की दूरी लगभग 340 किमी. है। सिलचर से आप टैक्सी और सार्वजनिक परिवहन से लुंगलेई पहुँच सकते हैं।

वाया रोडः आप वाया रोड भी लुंगलेई आराम से पहुँच सकते हैं। यदि आपके पास खुद की गाड़ी है तो फिर आपको लुंगलेई जाने में कोई समस्या नहीं आएगी। इसके अलावा टैक्सी या कैब बुक करके भी लुंगलेई पहुँच सकते हैं।

क्या आपने मिजोरम की लुंगलेई की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।

Further Reads