झारखंड में भी है एक मनाली, जल्द करें इस खूबसूरत घाटी की यात्रा

Tripoto
Photo of झारखंड में भी है एक मनाली, जल्द करें इस खूबसूरत घाटी की यात्रा by Rishabh Dev

झारखंड एक बेहद शानदार राज्य है जो सैकड़ों पर्यटन स्थलों से लबरेज है। इनमें से कुछ हर साल लोगों की नजरों से दूर रह जाती हैं। अक्सर सैलानी लोकप्रिय जगहों पर जाते हैं। झारखंड भारत के उन प्रदेशों में से एक है जिसे बहुत कम एक्सप्लोर किया गया है। ऐसी छिपी हुई जगहें वाकई कमाल की होती हैं। इन जगहों के बारे में पता चलेगा तो आप अभी बैग पैक करके निकल पड़ेंगे। झारखंड में ऐसी ही शानदार जगह है, पतरातू घाटी।

Photo of झारखंड में भी है एक मनाली, जल्द करें इस खूबसूरत घाटी की यात्रा by Rishabh Dev

राँची से लगभग 40 किमी. दूर रामगढ़ जिले में स्थित पतरातू वैली की खूबसूरती देखकर आप हैरान रह जाएंगे। यहाँ पर हरी-भरी हरियाली, मंत्रमुग्ध करने वाले दृश्य और धुंध से भरे पहाड़ हैं। हरे-भरे नजारों की वजह से पतरातू वैली को झारखंड का मनाली भी कहा जाता है। समुद्र तल से 1300 फीट की ऊँचाई पर स्थित पतरातू घाटी वीकेंड पर घूमने के लिए अच्छी जगह है। झारखंड जाएं तो पतरातू वैली को अपनी बकेट लिस्ट में जरूर शामिल करें।

क्यों जाएं?

पतरातू घाटी के खूबसूरत रास्ते, हरे-भरे नजारे, पहाड़ और झील इन सबका अनुभव करने के लिए आपको पतरातू घाटी की सैर कर लेनी चाहिए। अगर आप शांति और सुकून में कुछ दिन बिताना चाहते हैं तो ये घाटी आपको निराश नहीं करेगी। इसके अलावा आप यहाँ ट्रेकिंग, कैंपिंग और बोटिंग भी कर सकते हैं। पिकनिक मनाने के लिए पतरातू शानदार जगह है।

क्या करें?

1- हरे-भरे नजारे देखें

पतरातू घाटी हरियाली से भरी खूबसूरती के लिए जानी जाती है। यहाँ तक का रास्ता भी बेहद खूबसूरत है। ऐसे ही इसे झारखंड का मनाली नहीं कहा जाता है। यहाँ के घूमावदार रास्ते पर चलते हुए आपको लगेगा ही नहीं कि ये झारखंड की कोई जगह है। ये खूबसूरत रास्ते आपको हिमाचल और उत्तराखंड की याद दिलाएंगे। पहाड़ों के लुभावने और मनमोहक दृश्य आपके इस सफर आनंदमयी बना देंगे।

2- पतरातू डैम

पतरातू में एक शानदार बांध भी है। नलकरणी नदी पर बना ये डैम वाकई में बेहद सुंदर है। पहाड़ों और जंगल के बीच बना ये डैम सैलानियों की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है। यहाँ पर आप बोटिंग भी कर सकते हैं। अगर आपको पतरातू में सूर्यास्त का सबसे खूबसूरत नजारा देखना हो तो शाम के समय पतरातू बांध पर समय बिताइए। यकीन मानिए लालिमा से भरा सूर्यास्त आपकी शाम बना देगा।

3- पतरातू लेक रिजॉर्ट

पतरातू में प्राकृतिक सौंदर्य के अलावा पर्यटकों के लिए एक लेक रिजॉर्ट है। इस लेक रिजॉर्ट में बच्चों के लिए पार्क, वॉटर पार्क और स्विमिंग पूल भी है। इस लेक रिजॉर्ट को झारखंड सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा बनवाया गया है। शहर की भीड़भाड़ और कोलाहल से दूर रहने के लिए पतरातू लेक रिजॉर्ट सही जगह है। 21 एकड़ में फैला पतरातू लेक रिजॉर्ट एक शानदार पिकनिक स्पॉट है।

4- रोमांच

जिंदगी में रोमांच भी जरूरी है। अगर आपको एडवेंचर पसंद है तो पतरातू घाटी आपको निराश नहीं करेगी। आप यहाँ पर ट्रेकिंग कर सकते हैं। ट्रेकिंग के दौरान आप इस घाटी के सबसे सुंदर नजारों से रूबरू होंगे। इसके अलावा आप यहाँ पर कैंपिंग भी कर सकते हैं। यकीनन पतरातू के ये अनुभव आपको हमेशा याद रहेंगे।

5- रामगढ़

पतरातू घाटी रामगढ़ जिले की एक छोटी-सी जगह है। रामगढ़ से पतरातू लगभग 30 किमी. क दूरी पर है। पतरातू जाएं तो आप रामगढ़ को भी एक्सप्लोर कर सकते हैं। रामगढ़ में आप राजरप्पा मंदिर, मायाटुंगरी मंदिर और टूटी झरना मंदिर को देख सकते हैं। झारखंड की ये छोटी-सी जगह आपकी घुमक्कड़ी के अनुभव को बढ़ायेगी।

कब जाएं?

पतरातू की सैर पूरे साल नहीं की जा सकती है। गर्मी के मौसम में यहाँ झुलसा देने वाली गर्मी पड़ती है। गर्मियों में पतरातू जाने के बारे में सोचिए भी मत। पतरातू में घूमने के लिए सर्दियों का मौसम सबसे बेस्ट है। आपको दिसंबर से फरवरी के बीच में पतरातू घाटी को एक्सप्लोर करने का प्लान बनाना चाहिए। पतरातू में आपको ठहरने में भी कोई दिक्कत नहीं आएगी। यहाँ पर कई सारे रिजॉर्ट और होटल हैं जिनमें आप रूक सकते हैं।

कैसे पहुँचे?

फ्लाइट से: यदि आप फ्लाइट से झारखंड के पतरातू जाने के बारे में सोच रहे हैं तो राँची एयरपोर्ट सबसे नजदीक है। राँची एयरपोर्ट से पतरातू लगभग 50 किमी. की दूरी पर है। आप राँची से पतरातू के लिए कैब बुक कर सकते हैं। इसके अलावा बस से भी पतरातू पहुँच सकते हैं।

ट्रेन से: रेल मार्ग से पतरातू जाने के लिए राँची रेलवे स्टेशन ही सबसे प्रमुख रेलवे जंक्शन है। आपको यहाँ से पतरातू के लिए कई सारे साधन मिल जाएंगे।

वाया रोड: पतरातू घाटी सड़क मार्ग से अच्छी तरह से कनेक्टेड है। आप बस से पतरातू जा सकते हैं। अगर आपके पास के खुद की गाड़ी है तो पतरातू का सफर आपको और भी खूबसूरत लगेगा।

क्या आपने झारखंड की पतरातू घाटी की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

Further Reads