स्पीति वैली की अनछुई जगहें, जल्द बनाएं इन जगहों को एक्सप्लोर करने का प्लान

Tripoto
Photo of स्पीति वैली की अनछुई जगहें, जल्द बनाएं इन जगहों को एक्सप्लोर करने का प्लान by Rishabh Dev

हिमाचल प्रदेश बेहद खूबसूरत है इसलिए हर कोई हिमाचल जाना चाहता है लेकिन लोग अक्सर शिमला-मनाली में रह जाते हैं। उनको लगता है कि पूरा हिमाचल ही ऐसा होगा। अगर आप भी वैसा ही सोचते हैं तो आपको हिमाचल को देखने की जरूरत है। हिमाचल की असली खूबसूरती शिमला-मनाली से दूर किसी अनछुई जगह पर देखने को मिलेगी। ऐसी ही खूबसूरत जगह है स्पीति वैली। स्पीति घाटी हिमाचल की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। अब इस घाटी को पूरी तरह से ऑफबीट नहीं कहा जा सकता है। इसलिए हम आपको स्पीति की ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनके बारे में कम लोगों को पता है। हिमाचल के सफर में आप इन जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं।

1. माणे

माणे गाँव स्पीति वैली के सबसे खूबसूरत गाँवों में से एक है। इसके बारे में कम लोगों को ही पता है। पहले ये गाँव काफी बड़ा हुआ करता था लेकिन बाढ़ की वजह से गाँव दो भागों में बंट गया, माणे योग्मा और माणे गोग्मा। दोनों गाँव तक आप आसानी से पहुँच सकते हैं। ताबो और ढंगकर के बीच बने ब्रिज को पार करके माणे गाँव पहुँचा जा सकता है। यहाँ के लोग बेहद प्यारे हैं। आपका स्वागत करने में उनको खुशी होगी।

2. सपोना लेक

Photo of स्पीति वैली की अनछुई जगहें, जल्द बनाएं इन जगहों को एक्सप्लोर करने का प्लान 1/2 by Rishabh Dev

माणे गोग्मा गाँव से कुछ ही दूरी पर एक खूबसूरत झील है, सपोना लेक। माणे गाँव से लगभग 5 किमी. की दूर पर ये झील है। आप ट्रेक करके भी इस लेक तक जा सकते हैं। मनिरंग पास होते हुए आप लेक जा सकते हैं। ये एक ग्लेश्यिर लेक है जो बर्फ पिघलने से बनती है। सर्दियों में आपको यहाँ कोई लेक नहीं मिलेगी। माणे गाँव की तरह सपोना लेक भी स्पीति की अनछुई जगहों में से एक है। अगर आप नई जगहों पर जाना पसंद करते हैं तो सपोना लेक को अपनी बकेट लिस्ट का हिस्सा बनाएं।

3. काक्ति गाँव

Photo of स्पीति वैली की अनछुई जगहें, जल्द बनाएं इन जगहों को एक्सप्लोर करने का प्लान 2/2 by Rishabh Dev

माणे की तरह काक्ति भी स्पीति का एक छोटा-सा गाँव है लेकिन खूबसूरती में किसी से कम नहीं है। आश्चर्य की बात ये है कि इस गाँव में सिर्फ एक घर है जिसमें 5 लोग रहते हैं। अगर आप इस गाँव को एक्सप्लोर करने का मन बना रहे हैं तो अपने साथ कुछ जरूरत का सामान जरूर ले जाएं। काक्ति गाँव से काजा सिर्फ 10 किमी. की दूरी पर है। यहाँ पहुँचना कठिन नहीं है लेकिन रहना थोड़ा मुश्किल है। पहाड़ों में जिंदगी कितनी कठिन होती है? ये आपको इस जगह पर आकर समझ आएगा।

4. धनकर झील

धनकर मोनेस्ट्री हर घूमने वाले की बकेट लिस्ट का हिस्सा होता है और हो भी क्यों न? ये जगह इतनी खूबसूरत है कि हर कोई यहाँ आना चाहेगा। पास से बहती स्पीति नदी इस जगह को और भी खूबसूरत बना देती है। इसी खूबसूरत जगह पर है, धनकर लेक। धनकर झील तक आप पैदल-पैदल पहुँच सकते हैं। मछली के आकार की ये झील बेहद खूबसूरत है और इसका पानी शीशे की तरह एकदम साफ है।

5. कनामो पीक

हिमाचल प्रदेश में कई चोटी ऐसी हैं जिनको अभी तक एक्सप्लोर नहीं किया गया। उन्हीं में से एक है, कनामो पीक। समुद्र तल से 5,695 मीटर की ऊँचाई पर स्थित कनामो पीक से स्पीति के सबसे खूबसूरत नजारे देखने को मिलते हैं। अगर आपको एडवेंचर पसंद है तो आपको स्पीति की कनामो चोटी को अपनी घुमक्कड़ी वाली लिस्ट में शामिल कर लेना चाहिए।

6. पांगमो

पांगमो स्पीति की नहीं हिमाचल प्रदेश की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। पांगमो स्पीति का छोटा-सा गाँव है जो काजा से कुछ ही दूरी पर है। यहाँ पर बहुत अच्छी सुविधाएं नहीं है लेकिन लोग बहुत प्यारे हैं। आपको किसी चीज के लिए परेशान नहीं होने देंगे। आप इस गाँव के किसी घर की खिड़की से चारों तरफ पहाड़ देखेंगे तो ये जगह आपकी सबसे पसंदीदा जगह बन जाएगी। हिमाचल प्रदेश जाएं तो पांगमो जाने का प्लान जरूर बनाएं।

7. ल्हालुंग

ल्हालुंग, स्पीति वैली के सबसे पुराने गोंपा का घर है। तंगमार पहाड़ी के तलहटी पर स्थित ल्हालुंग बेहद खूबसूरत है। ल्हालुंग का अर्थ है, देवताओं की भूमि। ऐसा माना जाता है कि सभी देवता ल्हालुंग में रहते हैं। यहाँ के पहाड़ हर मौसम में अपना रंग बदलते रहत हैं। स्पीति घाटी की इस जगह के बारे मे कम लोगों को पता है। आपको भी एक बार इस जगह पर जरूर आना चाहिए।

क्या आपने स्पीति वैली की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना Telegram पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

Further Reads