दिलकश नजारों से भरी कश्मीर की ये अनछुई घाटी घुमक्कड़ों के लिए एक तोहफा है

Tripoto
Photo of दिलकश नजारों से भरी कश्मीर की ये अनछुई घाटी घुमक्कड़ों के लिए एक तोहफा है by Rishabh Dev

सोचिए कि आप पहाड़ों वाली जगह पर हों और चारों तरफ पहाड़ ही पहाड़ हैं। आंख बंद करते हैं तो आपको ठंडी हवा का स्पर्श, सरसराती हवा और खूबसूरती की भीनी खूशबू आती है। आपको उस वक्त लगेगा कि आप एक सपना देख रहे हैं। जब आप आंख लोगे तब भी आपको लगेगा कि सपने में हैं। चारों तरफ हरियाली ही हरियाली, वादियों में फैले खूबसूरत फूल और दूरत तलक बर्फ से ढंकी पहाड़ की चोटियां। हर घुमक्कड़ ऐसा अनुभव करना चाहिए। इसी अनुभव को एहसास करने के लिए आपको कश्मीर की एक अनछुई लेकिन मन मोहने वाली जगह पर जाना चाहिए। अगर आप ऐसे नजारों के बीच कुछ वक्त बिताना चाहते हैं तो आपको कश्मीर की अरु वैली जरूर जाना चाहिए।

Photo of दिलकश नजारों से भरी कश्मीर की ये अनछुई घाटी घुमक्कड़ों के लिए एक तोहफा है 1/1 by Rishabh Dev

कश्मीर से धरती की जन्नत है लेकिन ये आपको तभी जन्नत लगेगी जब आप इसकी असली खूबसूरती को देख पाएंगे। कश्मीर की असली खूबसूरती देखना हो तो आपको अरु वैली जैसी जगहों पर आना चाहिए। ये ऑफबीट जगह श्रीनगर, गुलमर्ग जैसी फेमस न हो लेकिन उससे कहीं ज्यादा खूबसूरत है। अरु वैली के नजारे आपको फिल्मी नजारे की तरह लगेंगे जो आप वास्तव में अपने आंखों से देख पा रहे होंगे।

अरु घाटी

अरु वैली में एक गाँव है, अरु। जहाँ से इस वैली को अच्छी तरह से देखा जा सकता है। अरु वैली में अरु नदी भी बहती है जो इस जगह को और भी खूबसूरत बनाती है। पहलगाम से 15 किमी. की दूरी पर बसी ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। सर्दियों में ये जगह बर्फ से ढंक जाती है, तब यहाँ स्कीइंग होती है। उसके अलावा अरु वैली से कुछ ट्रेक भी किए जाते हैं। घोड़े की सवारी और मछली पकड़ने जैसी एक्टीविटीज कर सकते हैं लेकिन अरु वैली में सबसे खूबसूरत एहसास है कि इन पहाडों को बस निहारते रहना। आइए इस जन्नत और सपने जैसी अनछुई अरु वैली के बारे में थोड़ा जान लेते हैं।

क्या देखें?

1- बेताब वैली

पहले इस जगह को हनाल घाटी और हागून के नाम से जाना जाता था लेकिन बेताब मूवी के आने के बाद ये बेताब वैली के नाम से फेमस हो गई। बेताब वैली पहलगाम और चन्दनबाड़ी के रास्ते में है। ये खूबसूरत घाटी अरु वैली से सिर्फ 3 किमी. की दूरी पर है। आप घूमते-घूमते इस जगह को भी देख सकते हैं। पीर पंजाल और जास्कर हिमालय रेंज में आती ये घाटी आपको खूबसूरत नजारों से रूबरू कराएगी। ऐसी नजारे जो कश्मीर में आपको और कहीं नहीं मिलेंगे। आप यहाँ पर कैंपिंग और ट्रेकिंग भी कर सकते हैं। अगर आप अरु वैली आएं तो इस घाटी को भी देखें।

2- तारसर लेक

समुद्र तल से 11 हजार फीट की ऊँचाई पर स्थित तारसर लेक कश्मीर की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। कश्मीर की इस झील को तुलियन लेक के नाम से भी जाना जाता है। झील तीन ओर से बर्फ से ढंके पहाड़ों से घिरी हुई है जो इस जगह को और भी दिलकश बना देती है। अरु वैली से सिर्फ 11 किमी. दूर स्थित ये लेक किसी जन्नत से कम नहीं है। तरासर लेक तक पहुँचने के लिए आपको ट्रेकिंग करनी पड़ेगी। यहाँ के नजारे आपका मन मोह लेंगे। कश्मीर की खूबसूरती के मायने बताती है ये जगह।

3- कोलोहोई ग्लेशियर

कोलोहोई ग्लेशियर अरु वैली की सबसे खूबसूरत जगह में से एक है। समुद्र तल से 5,452 मीटर की ऊँचाई पर स्थित इस ग्लेशियर को देखने के लिए 3 दिन लंबा ट्रेक करना पड़ता है। कोलाहोई ग्लेशियर का ट्रेक अरु वैली से शुरू होता है। जिसके बाद आप लिद्दर नदी को पार करते हुए ट्रेक करते हैं। ट्रेक में आपको चीड़ के घने जंगलों से होकर गुजरना होगा। आपको ट्रेक में खुले और हरे-भरे बुग्याल मिलेंगे। ये नजारे आपकी थकान को देर कर देंगे। तारों के बीच पहाड़ों में रातें बिताने का आपका सपना ये ट्रेक पूरा कर देगा।

4- अरु नदी

अरु वैली में अरु नदी बहती है। पहाड़ों के बीच नदी का होना सबसे शानदार होता है। नदी किनारे वाली जगह वैसी भी खूबसूरत होती है और जब कश्मीर में होती है तो वो सुंदरता जन्नत से भी बढ़कर होती है। आप अरु नदी के किनारे पिकनिक मना सकते हैं। इसके अलावा यहाँ घंटों नदी के शोर के बीच शांति से बैठ सकते हैं। अगर ये सब नहीं करना तो आप अरु वैली में मछली भी पकड़ सकते हैं।

5- बैसरन

पहाड़ों में नदी होती है, जंगल होते हैं लेकिन घास के मैदान कम ही जगह पर होते हैं। कश्मीर की वादियों में बैसरन के घास के मैदान वही जगह है। भारत में अक्सर घास के मैदान को मिनी स्विट्जरलैंड का नाम दे दिया जाता है लेकिन बैसरन को देखकर आप हैरान रह जाएंगे। घने जंगलों के बीच ये घास के मैदान को देखकर लगता है कि किसी ने हरी-भरी कालीन बिछा दी हो। यहाँ आप घंटों बैठे रह सकतें हैं। आसपास की जगहों को अनुभव करने के लिए ये घास का मैदान बढ़िया जगह है। बैसरन कश्मीर की अनछुई खूबसूरती को बढ़ाने का काम करती है।

इसके अलावा भी अरु वैली में बहुत कुछ देखने लायक है लेकिन ये आप पर निर्भर करता है कि आप कितनी जगहों को कवर करना चाहते हैं और घूमने के लिए कितने दिन हैं। अरु वैली फोटोग्राफर्स के लिए भी एक बेहतरीन जगह है।

कब जाएं?

अरु वैली की खूबसूरती हर मौसम में अलग होती है। अगर आप स्कीइंग करना चाहते हैं तब तो आपको सर्दियों में आना चाहिए। यदि आप यहाँ की खूबसूरती देखना चाहते हैं तो आपको गर्मियों में जुलाई से सितंबर के बीच जाना चाहिए। उस समय ये घाटी सबसे मनमोहक होती है। अरु वैली पहलगाम के बहुत पास में है, इसलिए यहाँ पर आपको ठहरने में कोई दिक्कत नहीं होगी। खूबसूरत वादियों के बीच बहुत सारे होटल और रिसॉर्ट आपको मिल जाएंगे। जिनको आप अपने बजट के हिसाब से चुन सकते हैं।

कैसे पहुँचे?

फ्लाइट सेः अगर आप फ्लाइट ये अरु वैली आना चाहते हैं तो सबसे नजदीकी श्रीनगर एयरपोर्ट है। श्रीनगर से अरु वैली की दूरी 102 किमी. है। आप कैब बुक करके अरु पहुँच सकते हैं।

ट्रेन से: यदि आप ट्रेन से अरु घाटी पहुँचने का प्लान बना रहे हैं तो सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन श्रीनगर है। श्रीनगर से आप टैक्सी से अरु वैली पहुँच सकते हैं।

वाया रोडः अरु वैली रोड से बढ़िया तरीके से कनेक्टेड है। आप खुद की गाड़ी से अरु पहुँच सकते हैं या फिर शेयर्ड गाड़ियों से भी अरु वैली जा सकते हैं।

क्या आपने कश्मीर की यात्रा की है? अपने अनुभव को हमारे साथ शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।

Further Reads