दहानुः खंडाला-माथेरन से मन भर गया है तो मुंबई से सटी इस खूबसूरत जगह की सैर कर आओ

Tripoto
Photo of दहानुः खंडाला-माथेरन से मन भर गया है तो मुंबई से सटी इस खूबसूरत जगह की सैर कर आओ by Rishabh Dev

अगर आप मुंबई में रहते हो और वीकेंड में कहीं घूमने जाने का मन होता है तो कहाँ जाओगे? अभी तक ज्यादातर लोग खंडाला और लोनावाला चले जाते हैं। इसके अलावा बहुत सारे लोग माथेरन भी जाते हैं लेकिन बार-बार एक ही जगह पर क्यों जाते हैं? उसकी वजह है कि मुंबई के पास घूमने के लिए ऑप्शन बहुत कम हैं लेकिन क्या ये पूरी तरह से सही है? नहीं! मुंबई के पास खंडाला और माथेरन के अलावा भी घूमने वाली जगहें हैं लेकिन उन जगहों के बारे में लोगों को पता नहीं है। इसलिए हम आपको मुंबई के पास एक खूबसूरत जगह के बारे में बताने जा रहे हैं जो आपके वीकेंड के लिए शानदार रहेगी। मुंबई के फेमस हिल स्टेशनों से मन भर गया हो तो आपको दहानु की ओर रूख करना चाहिए।

मुंबई सपनों का शहर है। कहते हैं कि ये शहर कभी नहीं रूकता, कभी नहीं सोता। यहाँ की जिंदगी भाग-दौड़ भरी है। वैसे मुंबई में सब कुछ है बेहतरीन फूड, समुद्र और झरने लेकिन यहाँ सुकून और शांति नहीं है। ऐसे ही बदलाव के लिए मुंबई का छोटा-सा कस्बा दहानु परफेक्ट जगह है। दहानु मुंबई के विरार से 65 किलोमीटर दूर है। ये कस्बा थाणे जिले में आता है। दहानु शब्द धेनु से लिया गया है। जिसे हिन्दी में गाय कहते हैं। यहाँ के अधिकतर लोगों के पास गाय है इसलिए इस जगह का नाम दहानु पड़ गया। गाय के अलावा दहानु चीकू के फल के लिए भी फेमस है। इस कस्बे में पूरे राज्य के 35 प्रतिशत चीकू का उत्पादन होता है। तो चलिए आज मुंबई से सटे इस खूबसूरत कस्बे की सैर पर चलते हैं।

क्या करें?

दहानु वैसे तो समुद्र तट के लिए जाना जाता है। कहा जाता है कि दहानु महाराष्ट्र के सबसे खूबसूरत समुद्र तटों में से एक है। लेकिन यहाँ समुद्र तट के अलावा भी बहुत कुछ है जिसके लिए आप यहाँ बार-बार आ सकते हैं।

1- दहानु किला

दहानु के सबसे बड़े आकर्षण में से एक है दहानु का किला। ये किला लगभग 400 साल पुराना है। इस किले पर अलग-अलग समय में मराठा, पुर्तगाली और ब्रिटिश शासकों का शासन रहा। आजादी के बाद ये किला भारत सरकार के अधीन हो गया। पहले इस किले को जिले में बदल दिया गया था। अब इस किले के एक हिस्से में सरकारी ऑफिस और जेल है। किले के बाकी हिस्से को आप बिना रोक-टोक के देख सकते हैं। इस किले को देखकर आप उस समय की बनावट का अंदाजा लगा सकते हैं। इसके अलावा दहानु फोर्ट समुद्र के पास ही है जो इस जगह को और खूबसूरत बनाता है।

2-दहानु-बोर्डी बीच

दहानु समुद्र तट के लिए जाना जाता है। यहाँ बहुत सारे समुद्र तट हैं जिनमें अगार बीच, चिकाले और परनगा बीच हैं। मगर इन सबमें सबसे ज्यादा खूबसूरत बोर्डी बीच। दहानु से 17 किमी. दूर ये समुद्र तट बहुत साफ और खूबसूरत है। पानी और बीच दोनों में ही गंदगी नहीं दिखाई देती है। आप यहाँ समुद्र किनारे पैदल चल सकते हैं, बैठ कर समुद्र को निहार सकते हैं या समुद्र की आती-जाती हिलोरों के साथ खेल सकते हैं। हाॅलिडे और वीकेंड को छोड़ दिया जाए तो यहाँ बहुत कम लोग ही दिखाई देते हैं। तब आपको यहाँ शांति, सुकून भी मिलेगा और बीच का आनंद भी ले पाएँगे।

3- असावली डैम

वैसे तो बाँध कोई देखने वाली चीज नहीं है क्योंकि बाँध एक प्रकार से छेड़छाड़ है। लेकिन कुछ जगहों पर बाँध खुशियाँ लाता है। जो जगह बंजर होती है बांध उसे हरा-भरा कर देती है। ऐसा ही है दहानु का असावली डैम। अगर आप प्रकृति प्रेमी हैं तो आपको ये जगह बहुत पसंद आएगी। दूर-दूर तक आपको ठहरा हुआ पानी उसके चारों तरफ हरियाली और पहाड़। इस दृश्य को देखकर हर किसी का मन खुश हो उठेगा। यहाँ आप अपनी फैमिली के साथ पिकनिक पर भी आ सकते हैं। इसके अलावा बाँध के पीछे की तरफ स्विमिंग भी कर सकते हैं। उस तरफ पानी बहुत कम है इसलिए वहाँ खतरा कम है। लेकिन अगर आपको तैरना नहीं आता है तो पानी से दूर ही रहें।

4- बहरोट गुफाएँ

Photo of दहानुः खंडाला-माथेरन से मन भर गया है तो मुंबई से सटी इस खूबसूरत जगह की सैर कर आओ by Rishabh Dev

अगर आप ऐतहासिक और पुरानी जगहों को देखना पसंद करते हैं तो दहानु की बरहोट गुफाओं को देखने जरूर जाना चाहिए। 1500 फीट की ऊँचाई पर स्थित ये गुफाएँ लगभग 700 साल पुरानी हैं। ये जगह उस समय के शासकों और सैनिकों के लिए एक पड़ाव था। जहाँ वे आराम करने के लिए रूकते थे। आप यहाँ पर गुफा तो देखेंगे ही साथ में एडवेंचर के मजे भी ले सकते हैं।

दहानु के आस-पास

1- मनोर

Photo of दहानुः खंडाला-माथेरन से मन भर गया है तो मुंबई से सटी इस खूबसूरत जगह की सैर कर आओ by Rishabh Dev

दहानु में तो शानदार समुद्र तट हैं ही इसके अलावा पास में एक जगह है मनोर। यहाँ पर भी बेहद सुंदर-सुंदर समुद्र तट हैं। मनोर को पालघर का गेटवे भी माना जाता है। यहाँ आप समुद्र तट के किनारे कुछ देर ठहरकर इस जगह का लुत्फ उठा सकते हैं। अगर आपको ये जगह पसंद आती है तो यहाँ वीकेंड पर भी आ सकते हैं। समुद्र तट के पास ही बहुत सारे रिजाॅर्ट हैं जो ठहरने के लिए बेहतरीन हैं।

2-सिलवासा

सिलवासा केन्द्रशासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली की राजधानी है। दहानु से सिलवासा की दूरी 70 किमी. है। सिलवासा खूबसूरत समुद्र तटों के लिए फेमस है। यहाँ पर वैतरणा नदी भी है जिसमें आप कई प्रकार के एडवेंचर एक्टिविटीज कर सकते हैं। यहाँ आप व्हाइट रिवर राफ्टिंग, कायाकिंग, बोटिंग और रिवर रैपेलिंग भी कर सकते हैं। इसके अलावा दहानु में और भी जगहें हैं जिनको आप देख सकते हैं मगर एक बार में तो सब कुछ देखा नहीं जा सकता है। वैसे भी कुछ न कुछ गुंजाइश रह जानी चाहिए दोबारा वापस आने के लिए।

कहाँ ठहरें?

वैसे तो आप दहानु कभी भी जा सकते हैं लेकिन मानसून में दहानु बेहद खूबसूरत होता है। इसलिए दहानु जाने का सबसे अच्छा समय अगस्त-सितंबर का है। इसके अलावा सर्दियों में भी ये जगह खूबसूरत होती है। दहानु अच्छा-खास कस्बा है। यहाँ छोटे, बड़े हर प्रकार के होटल आपको मिल जाएँगे। आप इन होटलों को अपने बजट और कंफर्ट के हिसाब से चुन सकते हैं।

कैसे पहुँचे?

दहानु महाराष्ट्र के थाणे जिले का एक छोटा-सा कस्बा है। मुंबई से दहानु की दूरी 140 किमी. है। आप दहानु सड़क, हवाई और रेल मार्ग में से किसी से भी पहुँच सकते हैं।

सड़क मार्गः अगर आप दहानु सड़क मार्ग से जाना चाहते हैं तो आपको दहानु जाने में कोई कठिनाई नहीं होगी। दहानु नेशनल हाइवे 8 में आता है। मुंबई से दहानु के लिए सरकारी बस भी चलती है। अगर आप खुद की गाड़ी से नहीं जाते हैं तो बस से भी जा सकते हैं। थाणे से दहानु की दूरी 120 किमी. है।

ट्रेन सेः अगर आप दहानु ट्रेन से जाना चाहते हैं तो सबसे निकटतम रेलवे स्टेशन दहानु रोड है। दहानु के लिए कई बड़े शहरों से सीधी ट्रेन जाती हैं। मुंबई से एक शटल ट्रेन विरार से दहानु रोड के लिए जाती है। आप उससे भी दहानु पहुँच सकते हैं।

फ्लाइट सेः अगर आप फ्लाइट से दहानु जाना चाहते हैं तो सबसे निकटतम हवाई अड्डा मुंबई एयरपोर्ट है। यहाँ से आप दहानु टैक्सी बुक करके या बस से जा सकते हैं।

क्या आपने कभी महाराष्ट्र के दहानु की यात्रा की है? अपने सफर का अनुभव यहाँ लिखें।

रोज़ाना वॉट्सऐप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें।

Further Reads