हिमाचल प्रदेश की सबसे खूबसूरत जगह, सैलानियों की बन रहा नंबर 1 पसंद

Tripoto
Photo of हिमाचल प्रदेश की सबसे खूबसूरत जगह, सैलानियों की बन रहा नंबर 1 पसंद by Rishabh Dev

हिमाचल प्रदेश अपनी सुंदरता, प्रकृति और शांत वातावरण के लिए भारत ही नहीं पूरी दुनिया में मशहूर है। इस राज्य में हमेशा पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहता है। दुनिया भर से लाखों लोग हिमाचल प्रदेश की अलग-अलग जगहों पर जाते हैं। हिमाचल प्रदेश अनगिनत जगहों का घर है। कुछ जगहें तो ऐसी हैं जो हिमाचल प्रदेश के अदरूनी इलाकों में आती है। आज आपको हिमाचल प्रदेश की ऐसी ही एक जगह की यात्रा पर लेकर चलते हैं। उस खूबसूरत जगह का नाम है, काजा।

Photo of हिमाचल प्रदेश की सबसे खूबसूरत जगह, सैलानियों की बन रहा नंबर 1 पसंद by Rishabh Dev

काजा लाहौल और स्पीति घाटी का एक छोटा-सा कस्बा है जो अपने शानदार नजारों, मोनेस्ट्रीज और खूबसूरत गाँवों के लिए जाना जाता है। समुद्र तल से 3,800 मीटर की ऊँचाई पर स्थित काजा ऊँचे-ऊँचे पहाड़ और स्पीति नदी से घिरा हुआ है। काजा सैलानियों के लिए एक शानदार जगह बन गई है। हिमाचल प्रदेश के रिमोट इलाके में होने के बावजूद हजारों लोग काजा की यात्रा करने आते हैं। आपको भी इस शानदार जगह पर तो जरूर जाना चाहिए।

काजा जाने का रूट:

काजा हिमाचल प्रदेश के सबसे अंदरूनी इलाको में से एक है। काजा जाने के दो रास्ते हैं।

मनाली से:

आप काजा मनाली से अटल टनल होते हुए काजा पहुँच सकते हैं। इस रास्ते में आप कुंजुम पास, चंद्रताल लेक और लोसर जैसी शानदार जगहें मिलेंगी। मनाली से काजा 182 किमी. है लेकिन पहुँचने में आपको बहुत ज्यादा समय लगेगा। मनाली से काजा का रास्ता बेहद खराब है। कई बार तो रास्ते में गाड़ी फंस भी जाती है। अगर आपको पहाड़ी रास्तों पर गाड़ी चलाने का अनुभव नहीं है तो इस रास्ते को न लें।

शिमला से:

आप काजा शिमला के रास्ते से भी जा सकते हैं। शिमला से काजा की दूरी लगभग 420 किमी. है। शिमला से काजा की दूरी लंबी जरूर है लेकिन रास्ता बेहद खूबसूरत शानदार है। इस रास्ते में आप रामपुर बुशहर, रिकोंगपिओ, नाको और ताबो होते हुए काजा पहुँचेंगे। आप इन सभी जगहों को भी देख सकते हैं।

कैसे पहुँचे?

बस से: काजा पहुँचने का सबसे आसान तरीका है, पब्लिक ट्रांसपोर्ट। आपको शिमला और दिल्ली से काजा के लिए सीधी बस नहीं मिलेगी। आपको रामपुर बुशहर और रिकोंगपिओ से काजा के लिए डायरेक्ट बस मिल जाएंगी। मनाली से भी काजा के लिए रोजाना एक बस चलती है। हिमाचल प्रदेश की रोडवेज बसें बेहद शानदार हैं। ये आपके सफऱ को और भी यादगार बना देगी।

बाइक/कार: काजा बाइकर्स के लिए एडवेंचर का स्पॉट बन गया है। बहुत सारे लोग काजा तक रोड ट्रिप करते हैं। कुछ लोग बाइक से काजा तक जाते हैं तो कुछ लोग चार पहिया वाहन से काजा तक की यात्रा करते हैं। आपको रास्ते में बहुत सारे बाइकर्स भी देखने को मिलेंगे। आप भी बाइक या कार से काजा तक जा सकते हैं।

फ्लाइट/ट्रेन: काजा तक कोई डायरेक्ट ट्रेन और फ्लाइट नहीं है। सबसे निकटतक एयरपोर्ट भुंतर और रेलवे स्टेशन शिमला में है। आप इन जगहों पर पहुँचने के बाद आगे जाने के लिए बस लेनी पड़ेगी। इसके अलावा आप काजा तक के लिए कैब भी बुक कर सकते हैं।

क्या देखें?

काजा हिमाचल प्रदेश की सबसे शानदार जगहों में से एक है। काजा की सभी जगहों को देखने के लिए 3-4 दिन का समय चाहिए।

1- काजा मोनेस्ट्री

काजा कस्बे में ही एक खूबसूरत मोनेस्ट्री है। इस मठ को साक्या काजा मोनेस्ट्री के नाम से भी जाना जाता है। 2009 में 14वें दलाई लामा की मौजूदगी में इस मोनेस्ट्री का उद्घाटन हुआ था। काजा मोनेस्ट्री स्पीति घाटी की सबसे बड़ी मोनेस्ट्री में से एक है और बेहद खूबसूरत है। पहाड़ की तलहटी में स्थित काजा मोनेस्ट्री के परिसर में बौद्ध लामा देखने को मिल जाएंगे। पास में ही लामाओं का स्कूल भी है।

2- लांगजा

लांगजा स्पीति घाटी का एक छोटा-सा गाँव है। लांगजा गाँव काजा से लगभग 16 किमी. की दूरी पर है। काजा से लांगजा के लिए कोई पब्लिक ट्रांसपोर्ट नहीं चलता है। आप लांगजा बाइक और कार से जा सकते हैं। काजा से आप कार और बाइक बुक कर सकते हैं। काजा से लांगजा तक का रास्ते बेहग खराब और घुमावदार है। लांगजा गाँव समुद्र तल से 4,400 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है और इस गाँव में कुल 137 लोग रहते हैं। लांगजा बौद्ध स्टैच्यू के लिए फेमस है। पहाड़ों से घिरी ये जगह बेहद सुंदर है।

3- हिक्किम

हिक्किम स्पीति घाटी की वो जगह है जहाँ हर घूमने वाला एक बार जरूर आना चाहेगा। हिक्किम में दुनिया की सबसे ऊँचाई पर स्थित डाकघर है। आप काजा से लांगजा होते हुए हिक्किम पहुँच सकते हैं। लांगजा से हिक्किम लगभग 10 किमी. की दूरी पर है। हिक्किम गाँव समुद्र तल से 4,400 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। इस गाँव में बहुत कम लोग रहते हैं। चारों तरफ आपको खूबसूरत पहाड़ ही पहाड़ दिखाई देंगे।

4- कोमिक

स्पीति घाटी में एक खूबसूरत गाँव है कोमिक। कोमिक दुनिया की सबसे ऊँचाई पर स्थित मोटरेबल रोड वाला गाँव है। कोमिक समुद्र तल से 4,587 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। कोमिक गाँव में 114 लोग रहते हैं। इस गाँव में दुनिया की सबसे ऊँचाई पर स्थित रेस्तरां भी है। कोमिक में दो मठ भी हैं जिनको आप देख सकते हैं। कोमिक काजा से लगभग 20 किमी. की दूरी पर है। आप लांगजा और हिक्किम होते हुए भी कोमिक पहुँच सकते हैं।

5- कुंजुम पास

काजा से कुछ ही किमी. की दूरी पर एक जगह है, कुंजुम पास। कुंजुम दर्रा को स्पीति घाटी का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है। कुंजुम पास स्पीति की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। समुद्र तल से 4,551 मीटर की ऊँचाई पर स्थित कुंजुम पास से दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ग्लेशियर देखा जा सकता है। इसके अलावा आप मून लेक ट्रेक भी यहाँ से कर सकते हैं।

6- चन्द्रताल लेक

चन्द्रताल लेक स्पीति की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। काजा से लगभग 55 किमी. की दूरी पर स्थित चन्द्रताल झील घुमक्कड़ों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। रोमांच के शौकीनों को ये जगह बहुत पसंद आती है। दिन ढलने पर इस लेक का रंग लाल से नारंगी और नीले से हरे रंग में बदल जाता है।

7- की मोनेस्ट्री

की मोनेस्ट्री काजा और स्पीति की सबसे प्रसिद्ध जगहों में से एक है। समुद्र तल से 4,166 मीटर की ऊँचाई पर स्थित की मोनेस्ट्री काजा से 15 किमी. की दूरी पर है। कहा जाता है कि इस मठ को प्रसिद्ध शिक्षक आतिशी के छात्र ड्रोमटन द्वारा बनवाया गया था। स्पीति नदी के किनारे स्थित की मोनेस्ट्री को एक बार जरूर देखें।

8- अन्य जगहें

इन जगहो के अलावा काजा में और भी कई सारी जगहें हैं जिनको आप देख सकते हैं। काजा में आप धनकर लेक, धनकर मोनेस्ट्री, पिन वैली नेशनल पार्क, किब्बर, चीचम, ताबो और ताशिगाँग जैसी जगहों को देख सकते हैं। इन सारी जगहों तो देखने के लिए 4 से 5 दिन का समय तो लगेगा ही। इन जगहों को देखने पर आपको समझ आ जाएगा कि स्पीति को सबसे खूबसूरत क्यों कहा जाता है।

कब जाएं?

काजा हिमाचल प्रदेश की सबसे ठंडी जगहों में से एक है। सर्दियों में यहाँ जमकर बर्फ गिरती है। नवंबर से अप्रैल तक काजा जाने का रास्ता बंद रहता है। काजा जाने का सबसे अच्छा समय मई से सितंबर के बीच का है। हालांकि बारिश के दौरान काजा जाने से बचें। बारिश में पहाड़ और भी खतरनाक हो जाते हैं।

कहाँ ठहरें?

काजा स्पीति घाटी का सबसे बड़ा और प्रमुख कस्बा है। स्पीति में आपको ठहरने के लिए कई जगहें मिल जाएंगी। काजा में आप छोटे-बड़े हर प्रकार के होटल मिल जाएंगे। इसके अलावा आप यहाँ होमस्टे और हॉस्टल में भी ठहर सकते हैं। काजा में पारंपरिक मड हाउस और होमस्टे हैं जिनमें आप ठहर सकते हैं। ये ठिकाने आपकी काजा की यात्रा को और भी शानदार बना देंगे। आपको एक बार तो खूबसूत काजा की यात्रा जरूर करनी चाहिए।

क्या आपने हिमाचल प्रदेश के काजा की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

Further Reads