डक्सुम: कश्मीर का ये छिपा हुआ खजाना जहाँ हर कोई जाना चाहेगा

Tripoto
Photo of डक्सुम: कश्मीर का ये छिपा हुआ खजाना जहाँ हर कोई जाना चाहेगा by Rishabh Dev

जब कोई कहता है कि वक्त आएगा तो ये दुनिया घूम ली जाएगी तो यकीन मानिए वो वक्त कभी नहीं आएगा। ये दुनिया इतनी बड़ी है कि आप हर रोज किसी नई जगह पर जाएंगे तब भी पूरा नहीं घूम पाएंगे। इसलिए घूमने के लिए वक्त, दिन और उम्र को नहीं देखना चाहिए, बस निकल जाना चाहिए। ये घुमक्कड़ी आपको नई जगहों और नये अनुभवों से रूबरू कराती है। घूमते-घूमते आप जाने लगते हैं जहाँ कोई नहीं जाता। जो लोगों के लिए अब भी अनछुई और ऑफबीट हैं। ऐसी ही एक छिपी और अनुछई जगह है, डक्सुम वैली।

Photo of डक्सुम: कश्मीर का ये छिपा हुआ खजाना जहाँ हर कोई जाना चाहेगा 1/1 by Rishabh Dev
श्रेय: ट्रोडली।

कश्मीर को इस धरती का जन्नत कहा गया है। लोग उस जन्नत को देखने श्रीनगर और गुलमर्ग में आते हैं लेकिन ये पूरा कश्मीर नहीं है। ये दो जगहें कश्मीर की पूरी खूबसूरती नहीं बताती। कश्मीर तो इन दो जगहों से भी ज्यादा खूबसूरत है। आपको उन जगहों पर जाना चाहिए, जहाँ कश्मीर भी है और कश्मीरियत भी। अगर आपको ऐसी ही अनछुई और ऑफबीट जगहों को देखना पसंद है तो आपको कश्मीर की डक्सुम घाटी जरूर आना चाहिए। ये वैली आपका मन मोह लेगी। वो होता है न कि कभी-कभी भावनाएं तो होती हैं लेकिन शब्द नहीं मिलते हैं वैसा ही कुछ आपको डक्सुम वैली में महसूस होगा।

डक्सुम वैली

डक्सुम कश्मीर का एक छिपा हुआ खजाना है जो अनंतनाग से 40 किमी. और श्रीनगर से 85 किलोमीटर की दूरी पर है। ये बेहपनाह खूबसूरती वाली जगह समुद्र तल से 2,348 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। सर्दियों में ये घाटी बर्फ से ढँक जाती है और गर्मियों में हरियाली से लहलहा उठाती है। श्रीनगर से कुछ घंटे की ड्राइव के बाद आप खुद को हरे-भरे घास के मैदान के बीच पाएंगे। अगर आप नेचर लवर हैं तब तो आपको ये जगह पसंद आएगी ही। यदि आपको ऐडवेंचर पसंद है तब भी आपको ये जगह अच्छी लगेगी। ये घाटी ट्रेकिंग करने के लिए भी बढ़िया जगह है। डक्सुम को एक अच्छे पिकनिक स्पाॅट की तरह जाना जाता है। आप यहाँ अपनी फैमिली और दोस्तों के साथ कुछ दिन सुकून से बिता सकते हैं।

कब जाएँ?

डक्सुम वैली, आप पूरी साल में कभी भी आ सकते हैं। अगर आपको बर्फ देखनी है तो आपको नवंबर से फरवरी के बीच में आना चाहिए लेकिन उस समय आप ज्यादा कहीं जा नहीं पाएंगे। बर्फबारी की वजह से ज्यादातर जगहें बंद रहेगी। मेरा सुझाव है कि आपको डक्सुम अप्रैल से जून के बीच में आना चाहिए। उस समय आपको चारों तरफ हरे-भरे घास के मैदान, कलकल करती नदी और कहीं भी आने-जाने की आजादी होगी। यहाँ ठहरने के लिए ज्यादा विकल्प नहीं हैं। इस घाटी में जम्मू-कश्मीर टूरिज्म का एक गेस्ट हाउस है जहाँ आप ठहर सकते हैं। अगर गेस्ट हाउस खाली नहीं हुआ तो आपको थोड़ी मुश्किल हो सकती है। ऐसे में आप यहाँ के स्थानीय लोगों से मदद माँग सकते हैं। वो जरूर आपको गेस्ट बनाना पसंद करेंगे।

कैसे पहुँचे?

डक्सुम, श्रीनगर से 85 और अनंतनाग से 40 किमी. की दूरी पर है। आप डक्सुम घाटी कुछ घंटे में ही आराम से पहुँच सकते हैं।

फ्लाइट सेः अगर आप डक्सुम वैली फ्लाइट से जाने का प्लान बनाते हैं तो सबसे नजदीकी एयरपोर्ट श्रीनगर है। श्रीनगर एयरपोर्ट से डक्सुम की दूरी 106 किलोमीटर है। यहाँ से दक्षुम जाने के लिए आप टैक्सी या कैब बुक कर सकते हैं।

ट्रेन सेः यदि आप डक्सुम वैली ट्रेन से आना चाहते हैं तो सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन अनंतनाग है लेकिन अनंतनाग रेलवे स्टेशन पर बहुत कम ट्रेनें रूकती हैं। ऐसे में श्रीनगर रेलवे स्टेशन बढ़िया ऑप्शन है। श्रीनगर रेलवे स्टेशन से डक्सुम की दूरी 98 किमी. है। यहाँ से डक्सुम आप टैक्सी बुक करके जा सकते हैं। इसके अलावा आप जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से भी एक विकल्प है। जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से डक्सुम की दूरी 296 किमी. है। आप यहाँ से टैक्सी या बस से डक्सुम के रूट तक पहुँच सकते हैं।

वाया रोडः डक्सुम कश्मीर के दूसरे शहरों से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। डक्सुम घाटी कोकेरनाग के गुजरने के बाद आती है। डक्सुम पहुँचने के लिए आप टैक्सी बुक कर सकते हैं या शेयर्ड टैक्सी ले सकते हैं। इसके अलावा आप यहाँ खुद की गाड़ी से भी आराम से पहुँच सकते हैं।

क्या करें?

डक्सुम घाटी खूबसूरती की पनाहगार है। जहाँ चारों तरफ हरियाली ही हरियाली है। ऊँचे-ऊँचे पहाड़ भी हरे-भरे है। यहाँ से पीर-पंजाल रेंज भी दिखाई देती है। ऐसी खूबसूरत जगहों पर करने को कुछ भी न हो तब भी सुकून मिलता है। फिर भी डक्सुम घाटी में करने को बहुत कुछ है।

1- खूबसूरती ही खूबसूरती

डक्सुम घाटी बेहद खूबसूरत है। जब आप यहाँ पैदल चलेंगे तो आपको इस खूबसूरत जगह की आदत-सी हो जाएगी। आप जैसे-जैसे घाटी में बढ़ेंगे सुंदरता आपका स्वागत करती रहेगी। आपको यहाँ आकर लगेगा कि किसी कलाकार ने अपने कैनवास की खूबसूरत पेटिंग को सामने लाकर रख दिया हो। इस खूबसूरती को एक जगह बैठकर घंटों निहारा जा सकता है। आप अकेले हों या किसी के साथ आप यहाँ पर शांति से रहना चाहेंगे। यहाँ आपको जंगल सुनाई देगा और प्रकृति को महसूस कर पाएंगे। असल खूबसूरती क्या होती है? वो आपको डक्सुम आकर समझ आ जाएगा। ये जगह इतनी खूबसूरत है कि आप इसे शब्दों में बयाँ नहीं कर सकते हैं।

2- ट्रेकिंग

अगर आपको ऐडवेंचर पसंद है तब भी डक्सुम आपके लिए बढ़िया जगह है। डक्सुम वैली में आप कई छोटे-बड़े ट्रेक कर सकते हैं। यहाँ आप सांथन या सिंथन टाॅप का ट्रेक कर सकते हैं जो बेहद खूबसूरत है। ये ट्रेक घने जंगलों से होकर गुजरता है। सांथन टाॅप समुद्र तल से 3 हजार मीटर से भी ज्यादा ऊँचाई पर है। आपको यहाँ से खूबसूरत नजारा दिखाई देगा। डक्सुम ट्रेकर्स के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। आप इस घाटी में कैंपिंग भी कर सकते हैं।

3- बृंगि नदी

डक्सुम घाटी से एक खूबसूरत नदी जाती है, बृंगि नदी। घने जंगलों और पहाड़ों के बीच कलकल करती नदी वाकई देखने लायक है। यहाँ पर इतनी शांति है कि आपको दूर तक नदी की आवाज साफ-साफ सुनाई देती है। नदी के बहने की आवाज हर किसी को अपनी ओर खींचती है। आप इस नदी में मछली पकड़ सकते हैं लेकिन उसके लिए आपको जम्मू-कश्मीर फाॅरेस्ट डिपार्टमेंट से परमिशन लेनी होगी। बिना परमिशन के नदी से मछली पकड़ना मना है। आप यहाँ पर नदी के किनारे बैठकर आसपास की खूबसूरती को देख सकते हैं।

4- हरियाली के बीच घूमें

कुछ जगहें ऐसी होती हैं जहाँ टूरिस्ट स्पाॅट ज्यादा नहीं होते लेकिन देखने को बहुत कुछ होता है। ऐसी जगहें वाकई कमाल होती हैं। आप डक्सुम वैली में पैदल घूम सकते हैं। अकेले घूमते वक्त हम वो देख पाते हैं जो किसी के साथ होने पर न देख पाएंगे। किसी खास के साथ भी यहाँ की हरियाली के बीच आपको सुकून मिलेगा। पैदल चलते हुए आप यहाँ के लहलहाते खेतों को देख सकते हैं, यहाँ के लोगों के रोजाना की जिंदगी से रूबरू हो सकते हैं। ऐसे ही घूमते हुए ही आप यहाँ के लोग से बात कर सकते हैं। उनकी आदतें, संस्कृति और भी बहुत कुछ है जो आप जान सकते हैं।

5- आसपास की जगहें

अगर आप कश्मीर की डक्सुम वैली देखने आते हैं तो आसपास की जगहों को देख सकते हैं। डक्सुम वैली से खूबसूरत चतपल की दूरी 55 किमी. है। इसके अलावा आप कोकेरनाग, वेरिनाग और अनंतनाग भी जा सकते हैं। इसके अलावा अचाबल का खूबसूरत मगुल गाॅर्डन देख सकते हैं और प्राचीन सूर्य मंदिर तो आपको जरूर देखना चाहिए। डक्सुम वैली को देखने के बाद आप कश्मीर की खूबसूरती का अंदाजा लगा पाएंगे। कश्मीर आएं तो खूबसूरत डक्सुम वैली जरूर जाएं।

क्या आपने कभी कश्मीर की ऐसी ही किसी जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

रोज़ाना वॉट्सऐप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें।

Further Reads