पंजाब में है पैरिस जैसा एक शहर, क्या जानते हैं आप इसके बारे में?

Tripoto

पंजाब की मिट्टी अपनी हरियाली, वीरता और मानवसेवा के लिए जानी जाती है। आज भी यहाँ लोग जमकर खेती करते हैं और यह राज्य सबसे ज्यादा गेहूँ उत्पादन करता है। गुरुद्वारों और सिखों की धरती यूँ तो दो देशों में बंट चुकी है, पाँच नदियों वाले पंजाब की तीन नदियाँ ही अब भारत के हिस्से में है लेकिन खूबसूरती अब भी भरपूर है। पंजाब की कुछ ज्यादा लोकप्रिय जगहों की यात्रा करते अगर आप कुछ नई जगहों को ट्राई करना चाहते हैं तो कपूरथला को चुन सकते हैं। कहा जाता है कि पंजाब में अगर कहीं पेरिस की झलक मिलती है तो वो कपूरथला ही है।

श्रेय- डॉ ग्राहम बियर्ड्स

Photo of कपूरथला, Punjab, India by Rupesh Kumar Jha

हमलोगों ने फिल्मों और अन्य माध्यमों से जान रखा है कि पंजाब के लोगों में कनाडा को लेकर अजीब आकर्षण होता है। ज्यादातर पंजाबी वहाँ जाना चाहते हैं लेकिन आइए मैंआपको पंजाब के पेरिस की सैर कराता हूँ। दरअसल कपूरथला में ब्रिटिश राज के दौरान रजवाड़े हुआ करते थे जो कि बाद में अन्य जगहों की तरह ही आजादी के बाद भारत में मिले। संस्थापक नवाब कपूर सिंह के नाम पर बना कपूरथला को पेरिस कहने के पीछे के कारण को आप ज़रूर जानना चाहेंगे। आज जब देशभर में अभियान चलाकर स्वच्छता के लिए लोगों को प्रेरित किया जाता है, कपूरथला अपनी स्वच्छता को लेकर ही पंजाब के पेरिस के रूप में जाना जाता है। इसका सुनहरा इतिहास, खूबसूरत इमारतें और सड़कें देखने लोग दूर-दूर से आते हैं।

शहर में घूमते हुए वास्तुकला से इंडो-सारसेन और फ्रांसीसी शैली की झलक आपको अभिभूत करती है। आइए जानते हैं कि कपूरथला जाकर आप क्या सब देख सकते हैं:

जगतजीत महल

श्रेय- कुनवर्ग

Photo of पंजाब में है पैरिस जैसा एक शहर, क्या जानते हैं आप इसके बारे में? by Rupesh Kumar Jha

1908 में बनकर तैयार हुआ जगतजीत महल कपूरथला के महाराज जगजीत सिंह का निवास स्थान था। 200 एकड़ जमीन में फैला ये महल अपनी वास्तुकला को लेकर मशहूर है। इसे देखकर आपको पैलेस ऑफ वर्सेलस और फाउंटेनब्लूे की याद आ जाती है। फ्रैंच वास्तुनकार एम. मार्कल ने इसे ख़ास डिज़ाइन से सजाया हुआ है। इसका दीवान-ए-खास जिसे दरबार हॉल भी कहा जाता है, पर्यटकों का मन मोह लेता है। प्लाास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाएँ और पेंटिंग्स आपको मुग्ध करती हैं। फिलहाल इसे सैनिक स्कूल में तब्दील कर दिया गया है।

एलिसी महल

इमारतों और वास्तुकला के शहर कपूरथला में ऐसे अनेक महल हैं जो आपको निहारने के लिए आमंत्रित करते हैं। इनमें से एलिसी महल इंडो-फ्रेंच वास्तुकला के अनुपम मेल को दर्शाता है। साल 1962 में बिक्रम सिंह ने इस महल का निर्माण करवाया था। अभी इस महल में मोंटगोमरी गुरु नानक स्कूल को संचालित किया जाता है। लेकिन ये आज भी टूरिस्टों के पसंदीदा जगहों में शुमार है।

शालीमार गार्डन

श्रेय- विकिमीडिया

Photo of पंजाब में है पैरिस जैसा एक शहर, क्या जानते हैं आप इसके बारे में? by Rupesh Kumar Jha

टूरिस्ट अक्सर शांति और सुकून के लिए यात्रा का चुनाव करते हैं। कपूरथला में ऐसा ही एक जगह है जो कि शालीमार गार्डन के नाम से जाना जाता है। यहाँ सभी टूरिस्ट अवश्य ही आना चाहते हैं। एक तो यहाँ का वास्तुशिल्प और दूसरा प्राकृतिक छटा सबका मन मोह लेती है। भागदौड़ और व्यस्तता से दूर इस गार्डन में आप घंटों निश्चिन्त होकर बैठ सकते हैं। फूलों से सजा ये गार्डन आपको ग्रेट फील कराता रहता है।

पंज मंदिर

सरदार फतेह सिंह के शासनकाल में बना ये मंदिर अद्भुत प्रतिमाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना है। कई ऐतिहासिक मूर्तियों को यहाँ सहेजकर रखा गया है। यहाँ ब्रह्मा जी की दुर्लभ प्रतिमा को देखने लोग आते हैं। इसमें कई देवी-देवताओं के छोटे-छोटे मंदिर बनाए गए हैं। मंदिर के बारे में दिलचस्प बात ये है कि यहाँ प्रतिमा पर सुबह के समय सूर्य की किरणें एकदम सीधी आती है। ये अपनी तरह का दूसरा मंदिर बताया जाता है।

कांजली वेटलैंड

ब्यास नदी को पार करके इस वेटलैंड को बनाया गया था। 56 वर्ग मीटर जमीन में फैली ये जगह मानव निर्मित है जिसे साल 1870 में तैयार किया गया। इलाके में सिंचाई की सुविधा के लिए बनाया गए इस वेटलैंड की प्राकृतिक खूबसूरती इसे कपूरथला के सबसे खूबसूरत जगहों में शुमार करती है। यहाँ लोग पिकनिक मनाने और बेहतरीन फोटो लेने आते हैं।

इसके साथ ही कपूरथला में घूमने और एक्स्प्लोर करने की काफी जगहें हैं। अगर आप समय लेकर घूमना चाहें तो पंजाब का पेरिस आपको निराश नहीं करेगा। यहाँ के टूरिस्ट आकर्षण की अन्य जगहें गुरुद्वारा बेस साहिब, रेल कोच फैक्ट्री आदि हैं जहाँ आपको ज़रूर जाना चाहिए।

कब और कैसे पहुँचें?

कपूरथला की यात्रा के लिए अक्टूबर से मार्च का महीना सबसे बेहतरीन समय होता है। इस समय मौसम टूरिस्टों के लिए अनुकूल होता है। अमृतसर हवाईअड्डा यहाँ से 82 कि.मी. दूर है। लिहाजा हवाई जहाज से भी आप अमृतसर आकर फिर सड़क से कपूरथला पहुँच सकते हैं। कपूरथला में रेलवे स्टेशन मौजूद है और बस स्टेशन भी हो जो कि इसे विभिन्न प्रमुख शहरों से जोड़े हुए है।

अगर आप भी किसी ऐसी जगहों के बारे में जानते हैं तो Tripoto समुदाय के साथ यहाँ शेयर करें!

रोज़ाना वॉट्सऐप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें

Further Reads