मांडूः ऐतिहासिक विरासतों को समेटे हुए ये शहर आपको अचंभित कर देगा

Tripoto
Photo of मांडूः ऐतिहासिक विरासतों को समेटे हुए ये शहर आपको अचंभित कर देगा by Rishabh Dev

भारत के कोने-कोने में प्राचीनता और इतिहास भरा पड़ा है। आप जहाँ जाएँगे आपको वहाँ पुराने समय के बारे में कुछ नया जानने को मिलेगा और घुमक्कड़ी का तो मतलब ही यही है कि हर जगह के बारे में अच्छे से जानो। चाहो वो कुदरता का अजूबा हो या इतिहास से जुड़ी हुई जगह हों। हम आपको आज एक ऐसी ही जगह के बारे में बताने जा रहे हैं जो आपको अचंभित कर देगी। मध्य प्रदेश के ये शहर जितना खूबसूरत है उतना ही जानने लायक है। तो चलिए आज मध्य प्रदेश के मांडू शहर की सैर कर लेते हैं।

Photo of मांडूः ऐतिहासिक विरासतों को समेटे हुए ये शहर आपको अचंभित कर देगा 1/1 by Rishabh Dev

मध्य प्रदेश का प्राचीन शहर मांडू इंदौर से 100 किमी. दूर है। इस जगह को कभी माण्डवगढ़ के नाम से जाना जाता था। परमार शासकों के समय इस जगह का देश भर में नाम होने लगा। बाद में मुस्लिम शासकों का शासन आ गया। वो समय इस शहर के लिए सबसे सुनहरा रहा। मांडू में जो इमारतें बनाईं गईं थीं वो आज भी यहाँ पूरी तरह से सुरक्षित हैं। मांडू कभी एक छोटा-सा राज्य था जिस पर अफगान शासक दिलावर खान का कब्जा था। होशांग शाह, दिलावर खान का बेटा था। उसी ने इस जगह को बहुत अच्छा बनाया। इतने शासकों के शासन की वजह से मांडू आज बेहद खूबसूरत है और देखने लायक भी। इसलिए हर किसी को एक बार मांडू की सैर जरूर करनी चाहिए।

क्या देखें?

1- जहाज महल

मांडू में एक महल है जिसकी बनावट जहाज की तरह है इसलिए इस जगह को जहाज महल कहते हैं। इस महल को मांडू के सुल्तान ग्यासुद्दीन खिलजी ने बनवाया था। ये महल 15,000 औरतों के रहने के लिए बनवाया गया था। महल के दो तरफ तालाब है जिसमें महल की छाया दिखाई देती है। पानी में देखकर लगता है कि महल पानी में तैर रहा है। ये महल किसी भी दिन बंद नहीं होता। इसलिए आप कभी भी यहाँ जा सकते हैं।

2- रानी रूपमती महल

जिस प्रकार ताजमहल प्रेम का प्रतीक है उसी प्रकार रूपमती महल भी प्रेम की निशानी है। राजा बाज बहादुर हिंदू गायिका रूपती से प्यार करता था। अपने प्यार को दिखाने के लिए बाज बहादुर ने एक महल को बनवाया। जिसे रानी रूपमती महल कहा गया। ये महल मांडू की सबसे ऊँची जगह पर बना हुआ है। यहाँ से नर्मदा और मांडू का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है। महल जितना भीतर खूबसूरत है उससे ज्यादा खूबसूरत महल चारों और दिखाई देती है। अगर आप मांडू आते हैं तो इस महल को देखने जरूर आएँ। ये महल भी सभी दिन खुला रहता है।

3- जामी मस्जिद

मांडू की एक और ऐतहासिक विरासत का प्रतीक है जामी मस्जिद। लाल पत्थरों की बनी ये मस्जिद अफगान कला का बेहतरीन नमूना है। ये मस्जिद सीरिया की उमय्येद मस्जिद की तरह बनाई गई है। इस मस्जिद को होशांग शाह ने बनवाया था लेकिन जब मस्जिद बनकर तैयार हुई तब होशांग शाह जीवित नहीं थे। होशांग शाह के मरने के बाद मोहम्मद खिलजी ने मस्जिद को पूरा करवाया। अफगान आर्किटेक्चर के ये लाजवाब इमारत देखने लायक है।

4- बाज बहादुर पैलेस

मुगल और राजस्थानी कला का मिश्रत उदाहारण है ये इमारत। बाज बहादुर पैलेस मांडू के आखिरी स्वतंत्र राजा बाज बहादुर का महल है। जिसे खिलजी सुल्तान नसीरूद्दीन ने 1508-09 में बनवाया था। इस महल से नर्मदा का शानदार नजारा दिखाई देता है। ये महल बाज बहादुर और रानी रूपमती के प्रेम का गवाह है। ये पैलेस मांडू के सबसे फेमस जगहों में से एक है। मांडू आएँ तो बाज बहादुर पैलेस जाना तो बनता है।

5- हिंडोला महल

ये महल 'टी' शेप का बनाया गया है। जिसे पहले दरबार के काम आता था जहाँ राजा जनता की फरियाद सुनता था। इस महल की दीवारें 77 डिग्री में झुकी हुईं हैं और ऊपर से खुला हुआ है। इस महल को 1425 में बादशाह होशांग शाह ने बनवाया था। मांडू की कारीगरी का ये अद्भुत नमूना है इसलिए इस जगह को अपनी बकेट लिस्ट में जरूर रखें। ये जगह देखने और जानने लायक है।

6- बाग गुफाएं

श्रेय: गोसाहिन।

Photo of मांडूः ऐतिहासिक विरासतों को समेटे हुए ये शहर आपको अचंभित कर देगा by Rishabh Dev

महल और मस्जिदों के अलावा यहाँ गुफाएँ भी हैं जो देखने लायक हैं। इन्हीं में से एक हैं बाग गुफाएँ। इन गुफाओं का नाम बाघानी नदी के नाम पर पड़ा है जो गुफा के पास में ही है। इन गुफाओं में बहुत सारी मूर्तियाँ और अद्भुत नक्काशी है। यहाँ बुद्ध की मूर्तियाँ आपको लुभाएँगी। कहा जाता है कि चौथी और छठी सदी के बीच में पत्थरों को काटकर इन मूर्तियों को बनाया गया था। मांडू की ये जगह आपको बेहद पसंद आएगी। इसलिए इन गुफाओं को देखने जरूर जाएँ।

7- होशांग शाह का मकबरा

ये मकबरा भारत की पहली ऐसी इमारत है जो संगमरमर से बनवाई थी। कहा जाता है कि इस मकबरे को देखने के बाद ताजमहल में संगमरमर लगाया गया। इस मकबरे को 15वीं शताब्दी में बनवाया गया था। अफगान कला की बेहद खूबसूरत बानगी है ये मकबरा। मकबरे के आसपास हरियाली है जो इस जगह को और खूबसूरत बना देता है। आपकी मांडू यात्रा में ये अनोखी और खूबसूरत जगह तो होनी ही चाहिए।

8- दरिया खान का मकबरा

ये मकबरा इस्लामिक आर्ट की एक बेहतर और नायाब नमूना है। इस मकबरे को दरिया खान ने अपने शासनकाल में ही बनवाया था। मरने के बाद दरिया खान को इस मकबरे में दफन किया गया था। इस मकबरे में एक बहुत बड़ा गुंबद है। इसके अलावा छोटे-छोटे चार और गुंबद है। अंदर की दीवारों पर टाइल्स लगी हुई हैं जो दिखाता है इस्लामिक कला उस समय कितनी अच्छी थी। ये मकबरा हाथी महल और रीवा कुंड के बीच मे ही स्थित है। मांडू के सफर में इस जगह को देखा जा सकता है।

मांडू में ये तो चंद जगहें हैं जिनके बारे में हमने बताया है। इसके अलावा भी यहाँ इतना कुछ है कि जिसे देखा जाना चाहिए। इन जगहों को आप अपनी एक यात्रा या कई यात्राओं में समेट सकते हैं। इन जगहो के अलावा आप यहाँ के पारंपरिक पकवान दाल-बाटी और मालपुआ का स्वाद भी ले सकते हैं। इन सारी खूबसूरती को अच्छे से देखने के लिए यहां होने वाले मालवा फेस्टिवल में जरूर आएँ।

कब जाएँ?

मध्य प्रदेश के इस खूबसूरत शहर को देखने के लिए वैसे तो हर मौसम बेस्ट है। इसके बावजूद मानसून में मांडू सबसे खूबसूरत होता है। इसलिए आप जुलाई-सितंबर में कभी भी जा सकते हैं। मांडू में ठहरने के लिए आपको कोई दिक्कत नहीं आएगी। ये जगह टूरिस्टों के लिए जानी जाती है। इसलिए यहाँ होटलों के लिए भरमार हैं। बस आपको यहां अपनी पसंद और बजट के होटल को देखना है।

कैसे पहुँचे?

मांडू मध्य प्रदेश की उन जगहों में से है जो बाकी जगहों से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। आप यहां रेल, सड़क और हवाई मार्ग में से किसी से भी यहाँ पहुँच सकते हैं। अगर आप फ्लाइट से आने की सोच रहे हैं तो सबसे नजदीक एयरपोर्ट इंदौर में है। इंदौर से मांडू की दूरी लगभग 100 किमी. है। आप इंदौर से बस या टैक्सी बुक करके मांडू पहुँच सकते हैं।

अगर आप ट्रेन से आना चाहते हैं सबसे निकटतम रेलवे स्टेशन रतलाम है। जो मांडू से लगभग 124 किमी. दूरी पर है। वहाँ से आप बस या टैक्सी बुक करके मांडू आ सकते हैं। मांडू सड़क मार्ग से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर जैसे बड़े शहरों से मांडू के लिए रेगलुर बसें चलती हैं। मध्य प्रदेश के इस नायाब और ऐतहासिक नगर को देखने जरूर आएँ। इसके बिना मध्य प्रदेश की घुमक्कड़ी अधूरी ही रहेगी।

क्या आपने कभी मध्य प्रदेश के प्राचीन नगर मांडू की यात्रा की है? अपने सफर का अनुभव यहाँ लिखें।

रोज़ाना वॉट्सऐप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें।

Further Reads