एक दिवसीय ट्रिप के दौरान कोयंबटूर में घूमने की फेमस जगहें

Tripoto
Photo of एक दिवसीय ट्रिप के दौरान कोयंबटूर में घूमने की फेमस जगहें by Nikhil Vidyarthi

तमिलनाडू का कोयंबटूर शहर एक खूबसूरत हिल स्टेशन है। जहाँ सैलानियों को यह सोचने की ज़रूरत नहीं है कि कोयंबटूर में वे क्या कर सकते हैं! ऐतिहासिक महत्व की मंदिरों से लेकर अत्याधुनिक इमारतों, सुरम्य पहाड़ों से लेकर विलक्षण झरनों तक, स्वादिष्ट व्यंजनों से लेकर सुखद मौसम तक, कोयंबटूर में वह सब कुछ है जो हमारी छुट्टियों के अनुभव को यादगार बनाता है। यह शहर अपने दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में नोय्यल नदी से घिरा हुआ है और लगभग 642.12 कि.मी. के क्षेत्र में फैला है। इसका महत्वपूर्ण स्थान नीलगिरि बायोस्फीयर रिजर्व है जो इसके उत्तर में स्थित है। कोयंबटूर में सुखद जलवायु पाया जाता है। जहाँ तक ​​संस्कृति का सवाल है, कोयंबटूर और इसके लोगों ने उद्यमिता में अपने प्रभुत्व के लिए दुनिया में पहचान बनाई है।

एक दिवसीय ट्रिप के दौरान कोयंबटूर में घूमने की इन फेमस जगहों को मत भूलें

सिरुवानी वॉटरफॉल्स (Siruvani Waterfall)

सिरुवानी फॉल्स पश्चिमी घाट में कोयंबटूर के पश्चिम में स्थित है। यह कोयंबटूर से 37 किमी और करुण्या विश्वविद्यालय से 6 किमी दूर सिरुवानी पहाड़ियों पर स्थित है। सिरुवानी नदी का पानी अपने स्वाद और खनिज गुणों के लिए प्रसिद्ध है। इस झरने और बांध का दृश्य पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है। यहाँ दुनिया का दूसरा सबसे स्वादिष्ट पानी का झरना है। यहाँ पहुँचने का प्रवेश द्वारा है- सदिवयाल चेकपोस्ट, जहां प्रवेश शुल्क के तौर पर 50 रुपये लिया जाता है। चेकपोस्ट के आगे निजी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं है। अगर आप इस झरने में नहाते हुए तरोताजा नहसूस करना चाहते हैं, तो सटीक स्थान तक पहुँचने के लिए जंगल के बीच से लगभग एक कि.मी. पैदल यात्रा करनी पड़ती है।

पलक्कड़ का किला (Palakkad Fort)

यह किला पलक्कड़ शहर के बीच में स्थित है। जो केरल की संरक्षित स्मारकों में से एक और प्रमुख है। इस किले की नींव मैसूर के हैदर अली ने वर्ष 1766 में रखी थी। बाद में इस किले का दारोमदार अंग्रेजों के हाथों में चला गया। यह किला भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित है। पलक्कड़ दुर्ग एक खाई से घिरा हुआ है। इस किले के समीप ही स्थित भगवान हनुमान का एक लोकप्रिय मंदिर भी है। किले के भीतर पुरातत्व का एक कार्यरत संग्रहालय है।

केटी वैली व्यू पॉइंट (Ketti Valley View Point)

यह घाटी ऊटी-कुन्नूर रोड पर स्थित है, जिसे छिपा हुआ रत्न भी कहा जाता है। केटी घाटी क्षेत्र को दक्षिण भारत का स्विट्जरलैंड भी कहा जाता है। यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाली घाटी है। यह दुनिया की सबसे बड़ी घाटियों में से एक है, जो 7,000 फीट गहरी है। केटी घाटी कोयंबटूर के मैदानी इलाकों से लेकर मैसूर पठार तक फैली है। घाटी से 14 पड़ोसी गाँवों का सुंदर दृश्य नजर आता है। थियाशोला चाय, नीलगिरी और लेमनग्रास तेल कुछ स्थानीय विशिष्टताएँ हैं जिनकी खरीदारी यहाँ से की जा सकती है।

पराम्बिकुलम टाइगर रिजर्व (Parambikulam Tiger Reserve)

पराम्बिकुलम टाइगर रिजर्व पलक्कड़ से 89 किलोमीटर और पोलाची से 44 किलोमीटर दूर है। जो अनामलाई टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है। हालाँकि परम्बिकुलम केरल राज्य के अंतर्गत आता है, लेकिन यह केवल तमिलनाडु में पोलाची के माध्यम से पहुँचा जा सकता है। परम्बिकुलम टाइगर रिज़र्व एक संरक्षित पारिस्थितिक क्षेत्र है। जो भारत में दक्षिणी पश्चिमी घाट के नेलियामपैथी - अनामाला के परिदृश्य में स्थित है।

जैविक समृद्धि, वनस्पति और जीवों की प्रचुरता और मनोरम सुंदरता परम्बिकुलम टाइगर रिजर्व को रोमांचक और आकर्षक बनाती है। इसे भारत सरकार द्वारा 2009 में टाइगर रिजर्व के रूप में घोषित किया गया था।

अमरावती डैम (Amravathi Dam)

अमरावती डैम उडुमलपेट से 20 कि.मी. और पोलाची से 50 कि.मी. दूर स्थित है। चिन्नार नदी इस बांध का प्राथमिक जल स्रोत है। बांध के पास ही एक पार्क है, जिसमें आपके परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ बैठने के लिए छायादार जगह हैं। इस डैम के पानी का उपयोग आसपास के कई गांवों में बिजली, नहर, नदी और पीने के पानी के लिए किया जाता है। अमरावती नदी करूर में कावेरी नदी से मिलती है।

साइलेंट वैली नेशनल पार्क (Silent Valley National Park)

साइलेंट वैली भारत का एकमात्र अबाधित उष्णकटिबंधीय सदाबहार वर्षावन है। यह सर्वोत्तम प्राकृतिक खजानों में से एक है, जहाँ प्रकृति प्रेमियों को बहुत सारी खासियतें मिलती हैं। स्थानीय लोग मिलनसार होते हैं, मौसम बहुत सुहावना रहता है, वातावरण में शीतलता और शांति इस घाटी की यूएसपी मानी जाती है। हालाँकि घाटी क्षेत्र में रुकने की व्यवस्था अभी बहुत अधिक नहीं है लेकिन सरकारी बंगले हैं, जहाँ ठहरने के लिए एडवांस बुकिंग करना अनिवार्य है।

क्या आपने हाल में कोई यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बंगाली और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Further Reads