घुमक्कड़ों अब बना लो इंटरनेशनल रोड ट्रिप का प्लान! पूरी जानकारी मिलेगी यहाँ

Tripoto
Photo of घुमक्कड़ों अब बना लो इंटरनेशनल रोड ट्रिप का प्लान! पूरी जानकारी मिलेगी यहाँ by Deeksha

घुमक्कड़ी एक नशा है। एक बार ये नशा लग गया तो यकीन मानिए आप बिना घूमे नहीं रह पाएंगे। घूमने के बारे में सोचना बहुत आसान होता है। आप घर में बैठकर जितना मर्जी अलग-अलग जगहों के बारे में पढ़ते रहिए। लेकिन जबतक आप अपने घर से बाहर निकलकर घूमना नहीं शुरू करेंगे, आपको घुमक्कड़ी का असली मतलब नहीं समझ आएगा। ये एक एहसास होता है। कुछ लोग इसको अनुभवों का पिटारा भी कहना पसंद करते हैं। चाहे जो भी हो एक घुमक्कड़ अलग-अलग अनुभवों के लिए ही जीता है। अब इन अनुभवों के लिए आप फ्लाइट, ट्रेन या बस के जरिए नई जगह पहुँच सकते हैं। इसके अलावा आप रोड ट्रिप का प्लान भी बना सकते हैं। अगर आप पहले ही भारत में तमाम रोड ट्रिप कर चुके हैं तो अब विदेश जाने का प्लान बनाइए। अगर आप सोच रहे हैं कि ऐसा मुमकिन नहीं है तो आपकी कुछ मदद हम कर देते हैं।

1. नेपाल

यदि आप रोड ट्रिप पर जाना चाहते हैं नेपाल जाना आपके लिए सबसे आसान और आरामदायक ऑप्शन होगा। नेपाल जाने के लिए ना आपको बहुत ज्यादा दूरी का सफर तय करना होता है और ना ही आपको इमिग्रेशन में कोई परेशानी आती है। इसके अलावा भारत से नेपाल जाने का रास्ता भी बेहद खूबसूरत है। अगर आप नई दिल्ली से नेपाल जाना चाहते हैं तो आपको दो भारतीय राज्यों से होकर गुजरना होगा। आपको नई दिल्ली से चलकर उत्तर प्रदेश में आना होगा जिसके बाद आप सुनौली बॉर्डर से नेपाल की सीमा में दाखिल हो जाएंगे।

दूरी: 1,125 किमी (नई दिल्ली से काठमांडू)

समय: लगभग 21 घंटे

एंट्री परमिट: भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, वोटर कार्ड, राशन कार्ड

2. भूटान

भूटान, जिसको विश्व की सबसे खुशहाल देशों में गिना जाता है, आपकी अगली रोड ट्रिप के लिए बढ़िया विकल्प हो सकता है। भारत से भूटान जाने के लिए कई राज्यों से होकर गुजरना होता है। इसमें नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम शामिल हैं। भारत से भूटान का रास्ता बेहद खूबसूरत है। कई जगहों पर आपको गाँवों से होकर भी गुजरना पड़ेगा। अगर आपको शांति पसंद है तो भूटान आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट जगह है। इसके अलावा यदि आप पक्के घुमक्कड़ हैं तो उस मामले में भी भूटान जाना आपके लिए बढ़िया फैसला होगा। भूटान में खुशहाली के अलावा आपको रिच कल्चर देखने के लिए मिलेगा जो आपकी ट्रिप को पूरा कर देगा।

दूरी: 1,716 किमी. (नई दिल्ली से थिंपू)

समय: लगभग 39 घंटे

एंट्री परमिट: भूटान में अपनी गाड़ी ले जाने के लिए आपको एक ट्रेवल पास की जरूरत होगी। इसके आपको गाड़ी के लिए भी एक पास बनवाना पड़ेगा। आप इन दोनों को फूंटशोलिंग के इमिग्रेशन ऑफिस में बनवा सकते हैं। इसके अलावा आपके पास पासपोर्ट, वोटर कार्ड होना चाहिए।

3. बांग्लादेश

आपने भारत और बांग्लादेश के राजनीतिक संबंधों के बारे में जरूर सुना होगा। लेकिन आज बात करते हैं भारत से बांग्लादेश की रोड ट्रिप की। भारत से बांग्लादेश वाया रोड जाने में आपको ज्यादा परेशानी नहीं होगी। भारत के बांग्लादेश जाने के लिए आपको कई राज्यों से होकर गुजरना होगा जिससे आप बांग्लादेश के साथ-साथ भारत के भी कई कोचक हिस्सों को देख पाएंगे। ये रोड ट्रिप लंबी जरूर लग सकती है लेकिन बांग्लादेश की खूबसूरती देखकर आप सारी थकान भूल जाएंगे। बांग्लादेश का कॉक्स बाजार विश्व की सबसे लंबी बीच है। नई दिल्ली से बांग्लादेश जाने के लिए आपको नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होकर जाना होता है जिसके बाद आप ढाका पहुँच सकते हैं। इसके अलावा आप बिहार के सोनामस्जिद सुल्का चेक प्वॉइंट से होकर भी बांग्लादेश जा सकते हैं।

दूरी: 1,846 किमी. (नई दिल्ली से ढाका)

समय: लगभग 35 घंटे

एंट्री परमिट: इंडियन इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट, कार्नेट, पासपोर्ट और वीजा

4. म्यांमार

सोने का खजाना नाम से मशहूर ये देश आपकी अगली विदेशी रोड ट्रिप के लिए बढ़िया जगह है। म्यांमार की पहचान यहाँ मिलने वाले खूबसूरत बौद्ध मठ हैं जो हर घुमक्कड़ का मन खुश कर देंगे। इसके अलावा यदि आपको प्राकृतिक सौंदर्य पसंद है तो म्यांमार में उसका भी बढ़िया इंतेजाम है। म्यांमार की एक और चीज है जो इसको बाकी सारे देशों से अलग बनाती है। म्यांमार में मिलने वाला आर्किटेक्चर और कल्चर बेहद शानदार होता है जिसको देखना हर घुमक्कड़ की लिस्ट में जरूर होना चाहिए। भारत से म्यांमार जाने के लिए आपको कुल 7 राज्यों से होकर गुजरना होगा जिसमें नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, असम, नागालैंड और मणिपुर शामिल है।

दूरी: 2,959 किमी. (नई दिल्ली से माण्डले)

समय: लगभग 64 घंटे

एंट्री परमिट: अगर आप अपनी गाड़ी से म्यांमार जाना चाहते हैं तो आपको एक खास ओवरलैंड परमिट लेना होगा। आपको कस्टम इंपोर्ट परमिट और एमएमटी परमिट भी लेना होगा। इसके अलावा आपके पास पासपोर्ट और वीजा होना अनिवार्य है।

5. श्रीलंका

श्रीलंका हरे-भरे जंगलों और बीच से भरा हुआ है। इन सबके बावजूद श्रीलंका वो जगह है जहाँ आपको कल्चर का भी बढ़िया खजाना मिलेगा। नई दिल्ली से श्रीलंका जाने के लिए आपके पास दो रास्ते हैं। लेकिन यदि आप बेस्ट रूट से जाना चाहते हैं तो आपको नई दिल्ली से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना से होते हुए तमिलनाडु आना होगा। तमिलनाडु आकर आप फेरी से श्रीलंका पहुँच सकते हैं।

दूरी: 3,533 किमी. (नई दिल्ली से कोलंबो)

समय: लगभग 78 घंटे

एंट्री परमिट: इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस, कार्नेट, गाड़ी के इंश्योरेंस पेपर, पासपोर्ट और वीजा

6. थाईलैंड

थाईलैंड जाने के लिए सबसे अच्छा तरीका है फ्लाइट से जाइए। लेकिन अगर आप एक रोमांचक रोड ट्रिप का प्लान बनाना चाहते हैं तो थाईलैंड आपकी लिस्ट में जरूर होना चाहिए। थाईलैंड जाने के लिए आपको म्यांमार से होकर गुजरना होता है इसलिए आपके पास म्यांमार का परमिट भी होना चाहिए। भारत से थाईलैंड जाने के लिए आप नया हाईवे ले सकते हैं। ये रास्ता बहुत अच्छा है इसलिए आपको गाड़ी चलाने में कोई परेशानी नहीं आएगी। थाईलैंड आने के लिए आपको नई दिल्ली से चलकर इंफाल, मोरेह, केल, बागान, यंगून, मेसोट, ताक के रास्ते बैंगकोक आना होता है।

दूरी: 4,198 किमी. (नई दिल्ली से बैंगकॉक)

समय: लगभग 71 घंटे

एंट्री परमिट: इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, वीजा और म्यांमार के परमिट

7. मलेशिया

वैसे तो हर घुमक्कड़ मलेशिया जाना चाहता है। कई लोग मलेशिया जाते भी हैं। लेकिन यदि आप भी सभी की तरह फ्लाइट से मलेशिया जाएंगे तो उनमें और आपके बीच क्या फर्क रह जाएगा? इसलिए आपको नई दिल्ली से मलेशिया की रोड ट्रिप पर जाना चाहिए। मलेशिया का मोटो भी दुनियाभर के टूरिस्टों को वहाँ आने के लिए मजबूर करता है। हालांकि मलेशिया जाने के लिए आपको भारत के अलावा म्यांमार और थाईलैंड से होकर गुजरना होगा। इसलिए आपके पास म्यांमार और थाईलैंड का परमिट होना भी जरूरी है जाता है। भारत से मलेशिया आने के लिए आपको थाईलैंड वाला रूट ही लेना होता है जिसके बाद आप आराम से मलेशिया में दाखिल हो सकते हैं।

दूरी: 5,760 किमी. (नई दिल्ली से कुआला लुंपुर)

समय: लगभग 101 घंटे

एंट्री परमिट: इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस, कार्नेट, पासपोर्ट, वीजा

8. सिंगापुर

सिंगापुर में आपको कल्चर का खजाना मिलेगा। सिंगापुर की गलियों से लेकर घरों और बाजारों तक हर जगह में वहाँ की विरासत को संजोया गया है। ऐसे में सिंगापुर घूमना आखिर किस घुमक्कड़ की बकेट लिस्ट में नहीं होगा? सिंगापुर जाने के लिए आपको मयार, थाईलैंड और मलेशिया से होकर गुजरना होगा इसलिए आपके पास उन देशों के परमिट होना जरूरी है जाता है। नई दिल्ली से सिंगापुर का सफर थोड़ा लम्बा जरूर है लेकिन यदि आपके अंदर एक रोमांचक ट्रिप की भूख है तो ये रोड ट्रिप आपको खूब पसंद आएगी।

दूरी: 6,118 किमी. ( नई दिल्ली से सिंगापुर)

समय: लगभग 105 घंटे

एंट्री परमिट: इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, वीजा, म्यांमार, थाईलैंड और मलेशिया के परमिट

क्या आपने इनमें से किसी देश की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।

Further Reads