बिना वीज़ा के घूम सकते हैं ये 7 बेहद खूबसूरत देश

Tripoto
Photo of बिना वीज़ा के घूम सकते हैं ये 7 बेहद खूबसूरत देश by ट्रिप अड्डा

एक वक्त ऐसा था जब विदेश घूमने जाने की प्लानिंग करने का मतलब था वीजा के लिए अप्लाई करने की दिक्कतें झेलना। लंबी लाइनें, तमाम तरह के दस्तावेज़, सवाल-जवाब और फिर वीजा के पेपर आने तक का लंबा इंतजार। खैर, ये बात तो हुई पुरानी, अब भारतीय पासपोर्ट होल्डर्स को कई देशों में वीजा फ्री एंट्री या वीजा ऑन अराइवल की सुविधा मिल गई है यानी विदेश की सैर बिना टेंशन!

चलिए हम आपको बताते हैं ऐसे ही 7 बेहद खूबसूरत देशों के बारे में जहाँ जाने के लिए आपको वीज़ा अप्लाई करने की ज़रूरत नहीं है।

Photo of इंडोनेशिया by ट्रिप अड्डा

अगर आपके पास भारतीय पासपोर्ट है तो आप इंडोनेशिया में बीना टूरिस्ट वीजा के 30 दिन तक रह सकते हैं। इंडोनेशिया का नाम आते ही आपको बाली का ख्याल आता है। निश्चित तौर पर बाली इंडोनेशिया के सबसे खूबसूरत द्विपों में से एक है लेकिन अगर आप नीले समंदर, ज्वालामुखी वाले पहाड़ और मरीन लाइफ को करीब से देखना चाहते हैं तो आपको एक बार इंडोनेशिया जरूर जाना चाहिए।

Photo of बिना वीज़ा के घूम सकते हैं ये 7 बेहद खूबसूरत देश by ट्रिप अड्डा

इंडोनेशिया में कहाँ घूमें?

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता अपने चहल पहल, नाइट लाइफ और शॉपिंग सेंटर्स के लिए जानी जाती है। अगर आप अंडर वॉटर स्पोर्ट्स के शौकीन हैं तो आप पापुआ आइलैंड जा सकते हैं। लोम्बोक, टोबा लेक और कोमोडो द्विप भी इंडोनेशिया के प्रमुख आकर्षण हैं।

इंडोनेशिया घूमने का खर्च?

अगर खर्चों की बात करें तो बाली के लिए 2 लोगों के लिए 6 दिनों का पैकेज 70-80 हजार रुपये में मिल जाता है।

Photo of भूटान by ट्रिप अड्डा

भारत का पड़ोसी देश होने के नाते भूटान पहुँचना सबसे आसान है। आप हवाई या सड़क मार्ग से भूटान पहुँच सकते हैं। हिमालय की पर्वत श्रृंखला में बसा ये देश पैसों से ज्यादा खुशियों को अहमियत देता है। बौद्ध धर्म को मानने वाला ये देश ट्रेकिंग और प्राकृतिक सौंदर्य का मजा लेने के लिए शानदार जगह है।

Photo of बिना वीज़ा के घूम सकते हैं ये 7 बेहद खूबसूरत देश by ट्रिप अड्डा

भूटान में कहाँ घूमें?

भूटान में घूमने की जगहों में टाइगर नेस्ट, हा वैली, पुनाखा जोंग, दोचुला पास और बुद्ध प्रतिमा शामिल हैं। टाइगर नेस्ट तो दुर्गम पहाड़ियों के कोने पर बना बौद्ध मठों का एक समूह है, वहीं हा वैली कुदरत के दिलकश नजारों से भरपूर है।

भूटान घूमने का खर्च?

भूटान की सभी जगहों को घूमने में आपको 3-4 दिन लगेंगे और इसके लिए एक कपल को 80 हजार तक में टूर पैकेज मिल जाएगा।

Photo of मालदीव by ट्रिप अड्डा

हजार से ज्यादा छोटे द्विपों वाला देश मालदीव अपने साफ-सुथरे बीच, नीले आसमान, नीले पानी वाले समुद्र और उसके अंदर खूबसूरत कोरल्स के लिए जाना जाता है। अगर आप समुद्र के अंदर की दुनिया के खूबसूरत नजारे देखना चाहते हैं तो मालदीव आपके लिए सबसे सही देश है क्योंकि यहाँ आप स्कूबा डाइविंग, अंडर वॉटर फोटोग्राफी से लेकर तमाम अंडर वॉटर स्पोर्ट्स का लुत्फ उठा सकते हैं। मॉरीशस में आपको भारतीय पासपोर्ट के साथ पहुँचने के बाद वीजा ऑफर किया जाता है।

Photo of बिना वीज़ा के घूम सकते हैं ये 7 बेहद खूबसूरत देश by ट्रिप अड्डा

मालदीव में कहाँ घूमें?

मालदीव में सबसे पहले आप माले द्विप जा सकते हैं। यहाँ आर्टिफिशियल बीच, नेशनल म्यूजियम, सुनामी मॉन्यूमेंट जैसी जगहों पर घूम सकते हैं। अपने पार्टनर के साथ कुछ रोमांटिक पल बिताना चाहते हैं तो यहाँ के द्विपों पर बने किसी वॉटर विला में जरूर रहें। इसके अलावा बनाना रीफ और सन आईलैंड में भी यहाँ की खूबसूरती का मज़ा ले सकते हैं।

मालदीव घूमने का खर्च?

खर्च के लिहाज से भी मालदीव घूमने के लिए अच्छा है दो लोगों के लिए मालदीव में 5 दिनों का टूर पैकेज 70 हजार से शुरू होता है।

Photo of मॉरिशस by ट्रिप अड्डा

अगर आपको विदेश में भारत के जैसा ही कल्चर मिल जाए, यूपी बिहार की तरह भोजपुरी बोलते हुए लोग मिल जाएँ तो समझ जाइए कि वो देश है मॉरीशस। हरी-भरी धरती, साफ समुद्र, समुद्र के किनारे खड़ी पहाड़ियाँ और उन पहाड़ियों के बीच की दरारों से टकराती हुई समुद्र की लहरें, कुछ ऐसी ही है मॉरीशस की प्राकृतिक बनावट।

Photo of मॉरिशस by ट्रिप अड्डा

मॉरिशस में कहाँ घूमें?

मॉरीशस जब भी जाएं तो वहां के वॉटर स्पोर्ट्स का मजा लेने से ना चूकें और मॉरीशस में मौजूद सात रंगों वाली जमीन भी जरूर देखें। यहाँ पर स्नॉरकेलिंग और वॉटर स्पोर्ट्स के मज़े लेने के लिए ल केंबूस और, आईल ऑक्स सर्फ या ट्रू ऑक्स आइलैंड जाना ना भूलें।

मॉरिशस घूमने का खर्च?

मॉरीशस में 6-7 दिनों का पैकेज 2 लोगों के लिए करीब 1.5 लाख में आराम से मिल जाएगा।

Photo of सेशेल्स, Seychelles by ट्रिप अड्डा

पूर्वी अफ्रीका के तट पर मौजूद सेशेल्स 100 से ज्यादा द्विपों का समूह है। ये देश लुभावनी मूंगा चट्टानों और खूबसूरत समुद्र तटों के लिए जाना जाता है।

Photo of बिना वीज़ा के घूम सकते हैं ये 7 बेहद खूबसूरत देश by ट्रिप अड्डा

सेशेल्स में कहाँ घूमें?

सेशेल्स में माहे आइलैंड, प्रसलिन आइलैंड जैसे कई खूबसूरत द्विप हैं जिनपर आप अपने पार्टनर या फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम बिता सकते हैं। अगर आप स्कूबा डाइविंग और सर्फिंग के शौकिन हैं तो आप यहाँ इन स्पोर्ट्स का मजा भी ले सकते हैं।

सेशेल्स घूमने का खर्च?

खर्च के लिहाज से सेशेल्स थोड़ा महंगा हो सकता है। माहे और प्रसलिन आइलैंड का 6 दिनों का पैकेज 2 लोगों के लिए 1.5 लाख के करीब में मिलेगा।

Photo of फिजी by ट्रिप अड्डा

फिजी एक आईलैंड कंट्री है जहां हिंदी (फिजियन हिंदी) बोलने वालों की तादाद काफी ज्यादा है। फिजी में भारतीय मूल के लोग काफी बड़ी तादाद में हैं और इस देश में भारतीय पर्यटक घूमने भी बड़ी तादाद में आते हैं।खूबसूरत रिसॉर्ट्स, अनूठे गांव और यहां के खुश मिज़ाज लोग आपके टूर को हमेशा के लिए यादगार बना देंगे

फिजी में कहाँ घूमें?

फिजी में सुवा फॉरेस्ट पार्क, फिजी म्यूजियम, गार्डेन ऑफ स्लीपिंग जाएंट घूमने की अच्छी जगहों में शामिल हैं।

फिजी घूमने का खर्च?

फिजी के टूर पैकेज आपकी जेब पर थोड़ा ज्यादा दबाव बना सकते हैं यहाँ 5 दिन के लिए 2 लोगों का टूर पैकेज करीब 2 लाख तक का खर्च करा सकता है।

Photo of नेपाल by ट्रिप अड्डा

अगर आप गोवा के पैकेज के खर्च में विदेश की सैर करना चाहते हैं तो नेपाल आपके लिए सबसे सही पसंद होगा। नेपाल की राजधानी काठमांडू विश्व के प्राचीन शहरों में एक है। नेपाल के पोखरा को तो झीलों का शहर कहा जाता है। हिमालय के पहाड़ों से घिरा ये छोटा सा देश आपको एडवेंचर से लेकर प्रकृति का आनंद लेने का पूरा मौका देता है।

Photo of बिना वीज़ा के घूम सकते हैं ये 7 बेहद खूबसूरत देश by ट्रिप अड्डा

नेपाल में कहाँ घूमें?

जहाँ नेपाल में एक तरफ पशुपतिनाथ और मुक्तिनाथ जैसे ऐतिहासिक मंदिर हैं तो दूसरी तरफ पोखरा जैसा प्रकृति का सौंदर्य। नेपाल के लुंबिनी में ही गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था।नेपाल का पशुपतिनाथ मंदिर तो हिंदू धर्म के प्रमुख मंदिरों में शामिल है।

नेपाल घूमने का खर्च?

नेपाल के लिए आप हवाई और सड़क दोनों रास्ते अपना सकते हैं और नेपाल जाना और वहाँ घूमना ज्यादा महंगा भी नहीं है। नेपाल के लिए 2 लोगों का 5-6 दिनों का पैकेज 50 हजार के अंदर ही आपको आसानी से मिल जाएगा।

हालांकि इन देशों में आप बिना पहले से वीजा लिए जा सकते हैं लेकिन कुछ बातों का ख्याल आपको रखना होगा। वैध पासपोर्ट के साथ आपके पास वापस आने के लिए कन्फर्म रिटर्न टिकट होनी चाहिए। साथ ही उस देश में रहने और घूमने के लिए पर्याप्त पैसे होने चाहिए। बस इन बातों का ख्याल रखते हुए कीजिए प्लानिंग और अपनी छुट्टियों को बनाइए हमेशा के लिए यादगार।

तो आप किस जगह पर जाने का प्लान बना रहे हैं? यहाँ क्लिक करें और अपनी यात्रा का अनुभव Tripoto समुदाय के साथ बाँटें।

रोज़ाना वॉट्सऐप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें।

Further Reads