![Photo of अपने वीकेंड को बनाना है मजेदार, हिमाचल की इस जगह का बनाएँ प्लान by Rishabh Dev](https://static2.tripoto.com/media/filter/nl/img/1350024/Image/1665337257_ezgif_2_ef3a9ae650.jpg.webp)
अगर आप नई जगहों की यात्रा नहीं करते हैं तो जिंदगी रूकी-रूकी सी लगने लगेगी। अपने काम से कुछ दिनों से ब्रेक हर किसी को लेना चाहिए। इस ब्रेक में एक नई जगह पर घूमने जाना चाहिए। हाल ही में हिमाचल प्रदेश का बिर हर किसी की फेवरेट डेस्टिनेशन बनता जा रहा है। बिर बिलिंग वैसे तो पैराग्लाइडिंग के लिए काफी फेमस है लेकिन उसके अलावा भी यहाँ बहुत कुछ है जो देखा जाना चाहिए। बिर बिलिंग में क्या देखें, कहाँ घूमें? इसकी पूरी जानकारी हम आपको दे देते हैं। ये जानकारी आपकी बिर की यात्रा में बड़े काम आएगी।
![Photo of अपने वीकेंड को बनाना है मजेदार, हिमाचल की इस जगह का बनाएँ प्लान by Rishabh Dev](https://cdn1.tripoto.com/media/filter/nl/img/1350024/Image/1665336973_1.jpg)
कई लोग ऐसा सोचते हैं कि बिर बिलिंग एक ही जगह है जबकि ऐसा नहीं है। बिर और बिलिंग की बीच की दूरी 14 किमी. है। बिर-बिलिंग हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में आता है। पहाड़ों से घिरी इस जगह पर एक अलग-सा सुकून और शांति है। यहाँ पर आपको तिब्बती कल्चर भी काफी देखने को मिलेगा। आप बिर आएँ तो तिब्बतन कॉलोनी में थुकपा का स्वाद जरूर लें।
कैसे पहुँचे?
दिल्ली से बिर आने का सबसे आसान तरीका है कि बस पकड़कर आ जाइए। आप दिल्ली से बिर हिमाचल रोडवेज की बस से भी आ सकते हैं और वॉल्वो बस भी चलती है। वॉल्वो बस से आप थोड़े जल्दी बिर पहुँच जाते हैं और रोडवेज बस में पहुँचने में समय लगता है। इसके अलावा अगर आप ट्रेन से आना चाहते हैं तो सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन पठानकोट है। वहाँ से आप टैक्सी या बस से बिर पहुँच सकते हैं।
क्या देखें?
1- मोनेस्ट्रीज
बिर बिलिंग में कई सारी मोनेस्ट्रीज हैं जिनको आप देख सकते हैं। आपको सबसे पहले पलपुंग शेराबलिंग मोनेस्ट्री जाना चाहिए। इस मठ का परिसर काफी बड़ा है और यहाँ का केक भी बेहद लजीज है। इसके अलावा आप बिर में चोकलिंग मोनेस्ट्री, द्रुकपा काग्यु मोनेस्ट्री और डियर पार्क इंस्ट्टीट्यूट देख सकते हैं। इन सभी जगहों पर आपको एक अलग-सा सुकून महसूस होगा।
2- लैंडिंग साइट
बिर बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के लिए उड़ान बिलिंग से भरी जाती है। पूरा आसमान का चक्कर लगाने के बाद बिर में एक बड़े से मैदान में उतरते हैं। इस जगह को लैंडिंग साइट कहा जाता है। पहाड़ों के बीच लैंडिंग साइट बेहद खूबसूरत है। आसपास कई सारे कैफे हैं जहाँ बैठकर आप इस नजारे को देख सकते हैं। बिर में लैंडिंग साइट पर सूर्यास्त का नजारा बेहद खूबसूरत होता है।
3- गुनेहर वाटरफॉल
गुनेहर वाटरफॉल को देखे बिना बिर की यात्रा अधूरी है। बिर से लगभग कुछ ही किमी की दूरी पर एक गांव में गुनेहर झरना देखने को मिलता है। ऊंचाई से गिरने वाला ये झरना वाकई में शानदार है। आप अपनी गाड़ी से वाटरफॉल तक आराम से पहुँच सकते हैं। मानसून के समय झरना आपको अच्छे से देखने को मिलेगा। बाकी मौसम में पानी कम हो जाता है।
4- बनगोड़ू झरना
गुनेहर वाटरफॉल के आगे ही एक और छिपा हुआ वाटरफॉल है, बनगोड़ू वाटरफॉल। इस झरने तक अकेले जाना मुश्किल नहीं बल्कि नामुमकिन है। पहले तो आपको रास्ता नहीं मिलेगा। अगर रास्ता मिल भी गया तो पानी के बीच में चलना होता है और कई बड़े-बड़े पत्थरों पर चढ़ना और उतरना होता है जिसे आप अकेले तो नहीं कर पाएँगे। गांव के लोग गाइड बनकर इस झरने तक लोगों को ले जाते हैं। बेहद ऊंचाई से गिरने वाला ये झरना बेहद सुंदर है।
5- राजगुंधा घाटी
बिलिंग से 16 किमी. की दूरी पर एक गांव है, राजगुंधा। बिलिंग से राजगुंधा तक ट्रेक करके भी आप जा सकते हैं। इसके अलावा आप गाड़ी से बरोट के रास्ते राजगुंधा आराम से पहुँच सकते हैं। राजगुंधा जन्नत सी खूबसूरत जगह है। यहाँ आने के बाद आपका कहीं और जाने का मन ही नहीं करेगा। राजगुंधा से आप पलाचक और थमसर पास समेत कई ट्रेक शुरू होते हैं।
6- बैजनाथ मंदिर
बिर से 12 किमी. की दूरी पर स्थित है, बैजनाथ। बैजनाथ में बेहद लोकप्रिय और प्राचीन शिव मंदिर है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, इस मंदिर की स्थापना लंका के राजा रावण की वजह से हुई थी। इस वजह से दशहरा पर बैजनाथ में रावण को जलाया नहीं जाता है। आप बिर जाएँ तो बैजनाथ मंदिर को जरूर देखें और प्रसाद के रूप में हलवा भी लें। बैजनाथ के पास में ही टी गार्डन्स हैं जिनको आप देख सकते हैं।
कहाँ ठहरें?
बिर बिलिंग हिमाचल प्रदेश की लोकप्रिय जगहों में से एक है तो आपको यहाँ रहने में तो कोई दिक्कत नहीं होगी। यहाँ आपको होटल, होस्टल और कैपिंग सारे विकल्प मिल जाएँगे। अगर आप पैराग्लाइडिंग के सीजन में बिर जाते हैं तब आपको रहने की जगह थोड़ी महंगी मिल सकती है।
कब जाएँ?
हिमाचल प्रदेश में कम ही जगहें हैं जिनके लिए ऐसा कहा जाए कि इस जगह पर साल में आप कभी भी आ सकते हैं। बिर बिलिंग हिमाचल प्रदेश की उन जगहों में आती हैं जहाँ आप साल में कभी भी जा सकते हैं। बिर के लिए अप्रैल से जुलाई का समय सबसे बढ़िया माना जाता है। बाकी जब बारिश नहीं और मौसम खुला होगा तो आप पैराग्लाइडिंग कर पाएँगे। वैसे भी पैराग्लाइडिंग के अलावा भी बिर में बहुत कुछ है।
क्या आपने हिमाचल प्रदेश के बिर बिलिंग की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।
रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।