समय है दुःखद ख़बर का। रोहतांग पास और बारलाचा ला, बर्फ़ से खेलने वालों और फ़ोटोग्राफ़रों का सबसे पसंदीदा टूरिस्ट स्पॉट भारी बर्फ़बारी के चलते बन्द कर दिया गया है।
बीते शुक्रवार से ही इस यहाँ मौसम ख़राब हुआ और बर्फ़बारी शुरू हो गई। पिछली रात ही 4 फ़ीट की रिकॉर्ड बर्फ़बारी दर्ज की गई। बर्फ़ जमने से सड़कों में फिसलन भी बढ़ गई है।

रोहतांग पास और बारलाचा ला से गुज़रता हुआ मनाली लेह हाईवे भारी बर्फ़बारी के कारण बन्द करना पड़ा। यह हाईवे हिमाचल को लेह यानी जम्मू और कश्मीर से जोड़ता है, जो कि रोहतांग पास और बारलाचा ला से होकर भी गुज़रता है।
रोहतांग पास में बिगड़ते मौसम से अब तक 20 लोगों को बचाया जा चुका है। संभावनाएँ और अधिक की हैं।
हिमाचल रोड परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने यात्रियों की सुविधा का ख़्याल करते हुए इस रूट की सभी बसें बन्द कर दी हैं। साथ ही पुलिस ने भी सरचू और चंद्रताल झील पर से अपने चेक पोस्ट हटा लिए हैं। चेक पोस्ट न होने से लोगों को और समस्या का सामना करना पड़ेगा।
मनाली और लद्दाख का ये रूट कट ऑफ़ होने से यात्रियों को बहुत समस्या का सामना करना पड़ेगा।

भारी हिमपात होने से पूरे ही इलाक़े में ठंड और बढ़ गई है और हिमस्खलन के भी आसार हैं। इसे देखते हुए कुल्लू, काँगड़ा और किन्नौर के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। केलांग के उप ज़िलाधिकारी अमर सिंह नेगी ने भी हालात बिगड़ने के चलते चिंता ज़ाहिर की और असमर्थता बताई।
पिछले एक- दो साल से इस महीने में मौसम बिगड़ा है। इसके पहले सितम्बर महीने में यहाँ का मौसम नहीं बिगड़ता था। इसलिए ये बर्फ़बारी सभी के लिए आश्चर्यजनक है और शायद ग्लोबल वार्मिंग के बिगड़ते परिणामों की ओर इशारा भी।
अगर आप जल्द रोहतांग पास घूमने का प्लान बना रहे हैं तो जाने से पहले मौसम की जानकारी ज़रूर लें और हो सकें तो इस यात्रा को कुछ वक्त के लिए टाल दें।