ये हैं भारत की सबसे कम देखी जानी वाली जगहें! आपने इनमें से कितनी देखी हैं?

Tripoto
Photo of ये हैं भारत की सबसे कम देखी जानी वाली जगहें! आपने इनमें से कितनी देखी हैं? by Deeksha

भारत वो देश है जिसके कण-कण में खूबसूरती निवास करती है। भारत में हर राज्य की अपनी खासियत है जो उसको बाकी सभी जगहों से अलग बनाती है। इसी वजह से भारत को रीति-रिवाजों और परम्पराओं का बढ़िया समागम कहा जाता है। हालांकि भारत में भी कुछ राज्य ऐसे हैं जहाँ घुमक्कड़ों और टूरिस्टों की खूब भीड़ रहती है। दूसरी तरफ कुछ जगहें वो हैं जिनके बारे में या तो लोगों को पता नहीं है और या तो बहुत कम लोग उन जगहों पर जाने के बारे में सोचते हैं। भारत के लगभग हर हिस्से में कोई ना कोई ऐसी जगह है जो आज भी घुमक्कड़ों की नजरों से बची हुई है। ऐसी जगहों पर अक्सर बेशुमार प्राकृतिक सौंदर्य का खजाना होता है। इसलिए हमारी मानिए और इन जगहों पर लोगों की भीड़ बढ़ने से पहले घूम डालिए।

1. जीरो घाटी, अरुणाचल प्रदेश

पूर्वोत्तर राज्यों को भारत की सबसे कम देखी जाने वाली जगहों में गिना जाता है। इनमें भी कुछ जगहें ऐसी हैं जहाँ लोग जाते तो हैं लेकिन ऐसा केवल कुछ तय समय के लिए होता है। एक बार वो समय निकल गया फिर उसके बाद उस जगह पर कोई नहीं जाता। अरुणाचल प्रदेश की जीरो घाटी भी ऐसी जगह है। ये घाटी अरुणाचल के लोअर सुबानसिरी जिले में स्थित है। पूरी घाटी चावल के खेत और हरियाली से भरी हुई है। क्योंकि जीरो में बड़ी मात्रा में बांस और देवदार के जंगल हैं इसलिए यहाँ का वन्यजीवन बहुत अच्छा है। ये घाटी अपातानी जनजाति का घर है जिनको इस इलाके की शान कहा जा सकता है। जीरो का मौसम पूरे साल बढ़िया बना रहता है इसलिए यहाँ किसी भी समय आया जा सकता है।

2. तलसारी, ओडिशा

ओडिशा का तलसारी उन चुनिंदा अनछुई जगहों में से है जहाँ बहुत कम लोग पहुँच पाते हैं। ओडिया भाषा में तलसारी शब्द का मतलब होता है ताड़ के पत्तों की कतार। बंगाल की खाड़ी पर स्थित होने के बावजूद इस जगह के तट बेहद शांत और कम भीड़ वाले हैं। पूरी बीच पर ताड़ के बड़े-बड़े पेड़ हैं जो इस जगह की खूबसूरती को दोगुना कर देते हैं। क्योंकि ये जगह शहर से दूर है इसलिए यहाँ आपको किसी भी तरह का शोरशराबा मिलने का कोई चांस नहीं है। अगर आप किसी ट्रॉपिकल वेकेशन पर जाना चाहते हैं तब आपको तलसारी आना चाहिए।

3. मरावंथे, कर्नाटक

उडुपी से 55 की दूरी पर स्थित ये बीच कर्नाटक के सबसे खूबसूरत रहस्यों में गिनी जाती है। साफ पानी और दूर तक बिखरी सफेद रेत इस बीच को पर्यटकों के लिए बेहद खास बना देते हैं। बीच के पास से एक पतली सड़क गुजरती है जो एक तरफ बीच और दूसरी तरफ कई छोटे-छोटे द्वीपों के समूह से सजी हुई है। ये रास्ता अपनेआप में इतना शानदार है कि आपका मन मोह लेगा। इस रास्ते से जाने पर आपको बीच के आकर्षक नजारों के साथ-साथ बेहतरीन प्राकृतिक छटा भी देखने के लिए मिलती है। इस बीच के पास एक मंदिर भी है। मरावंथे पहुँचने के लिए आपको ज्यादा मेहनत भी करनी होती है। ये जगह नेशनल हाईवे 17 के पास ही है जिसकी वजह से आप आसानी से यहाँ आ सकते हैं।

4. मेघामलाई, तमिलनाडु

मेघामलाई का मतलब होता है बादलों से घिरा हुआ पहाड़। समुद्र तल से लगभग 4500 फीट की ऊँचाई पर स्थित ये जगह भी भारत की सबसे कम देखी जाने वाली जगहों की सूची में शुमार है। तमिलनाडु की समृद्ध और हरी-भरी घाटियों में स्थित ये जगह एक परफेक्ट वीकेंड मनाने के लिए अच्छा विकल्प है। अगर आप उन लोगों में से हैं जो हफ्ते भर के काम के बाद शांति से छुट्टियों का आनंद लेना चाहते हैं तब ये जगह आपके लिए ही बनाई गई है। मेघामलाई में प्राकृतिक सौंदर्य के अलावा भी बहुत कुछ है। ये जगह इलायची, लोंग और काली मिर्च के बागानों से भरी हुई है जिन्हें आपको देख लेना चाहिए। हाथ में गर्मागर्म चाय की प्याली के साथ पहाड़ों को निहारना कितना सुखद होता है ये आपको मेघामलाई आकर पता चल जाएगा।

5. मौसिनराम, मेघालय

मेघालय का मौसिनराम ऐसी जगह है जिसका जिक्र हर व्यक्ति के स्कूली जीवन में जरूर आया होगा। कुल मिलाकर इस जगह के बारे में हमने सुना तो बहुत है लेकिन हम यहाँ जाने के बारे में बहुत कम सोचते हैं। मौसिनराम उन खास जगहों मे से है जो इतनी फेमस होने के बावजूद भी लोगों की भीड़ से दूर है। भरपूर बारिश और हरे-भरे परिवेश वाली इस जगह को देखने बहुत कम लोग आते हैं। ज्यादातर लोग थोड़ी देर आराम करने के लिए मौसिनराम में रुकते हैं। लेकिन ये कुछ देर इस जगह की खूबसूरती को महसूस करने के लिए काफी नहीं है। कुछ समय पहले तक इस जगह को विश्व में सबसे ज्यादा बारिश वाली जगह के रूप में भी जाना जाता है।

6. चंबा, हिमाचल प्रदेश

वैसे तो हिमाचल में सभी जगहों की अपनी खासियत है। हिमाचल में कुछ जगहें ऐसी हैं जिन्हें घुमक्कड़ों का खूब प्यार मिला है। लेकिन कुछ जगहें ऐसी भी हैं जिनके बारे में लोगों को पता तो है लेकिन वहाँ घूमने जाने का प्लान कोई नहीं बनाना चाहता है। चंबा के गगनचुंबी पहाड़ों को देखकर आपका मन खुश हो जाएगा। यहाँ के हरे-भरे बुग्याल आपके दिल में घर कर जाएंगे। चंबा हिमाचल को वो हिस्सा है जिसको प्रकृति का भरपूर प्यार मिला है। यहाँ के मोहक नजारे, प्राचीन मंदिर, लोकल कल्चर और पारंपरिक खाना चंबा आने वाले हर घुमक्कड़ को दीवाना बना देते हैं। चंबा में शानदार नजारों के अलावा भी और बहुत कुछ है। यहाँ के बाजारों में आपको बेहद कम दाम में बढ़िया चीजें मिल जाती है जो इस जगह को शॉपिंग करने वालों के लिए भी बढ़िया विकल्प बनाता है।

7. कुंभकोणम, तमिलनाडु

तमिलनाडु के थांजावुर जिले में स्थित ये जगह कला प्रेमियों को जन्नत जैसे जागेगी। ये शहर दो नदियों के तट पर बसा हुआ है जो इसको और भी खास बना देता है। अगर आपको प्राचीन आर्किटेक्चर और उसके बारे में जानने में रुचि है फिर कुंभकोणम से बढ़िया जगह आपको नहीं मिलेगी। ये शहर पुराने समय में माने जाने वाले भगवानों को समर्पित है। भारत की सबसे कम देखी जाने वाली जगहों में शुमार इस जगह पर आपको तरह तरह का वन्यजीवन और पंछी दिखाई देंगे। 188 मंदिरों की नगरी कही जानी वाली इस जगह पर ब्रह्मा देव को समर्पित मंदिर भी है जो बहुत कम जगहों पर देखने को मिलता है।

8. बेल्लारी, कर्नाटक

Photo of ये हैं भारत की सबसे कम देखी जानी वाली जगहें! आपने इनमें से कितनी देखी हैं? 2/3 by Deeksha
श्रेय: फेसबुक

बेल्लारी भारत की सबसे कम महत्वपूर्ण समझी जाने वाली जगहों में से है। कर्नाटक की इस जगह पर भारतीय इतिहास से जुड़े कई ऐसे रहस्य हैं जिन्हें आपको जान लेना चाहिए। भारत को ऐतिहासिक नजरिए से समझने की चाहत रखने वाले लोगों की बेल्लारी जरूर आना चाहिए। कहा जाता है एक समय पर ये जगह विजयनगर सम्राज्य का हिस्सा हुआ करती थी। आजादी के बाद बेल्लारी को कर्नाटक में जोड़ लिया गया था। बेल्लारी में आप किले देख सकते हैं। आप अंग्रेजो द्वारा बनाई गई संरचनाओं को देख सकते हैं। इसके अलावा अगर आपको पहाड़ों से लगाव है तो आप बेल्लारी की पहाड़ियों पर घूमने भी जा सकते हैं। बेल्लारी में हम्पी है जिसको यूनेस्को द्वारा वर्ल्ड हेरिटेज साइट होने का गौरव भी दिया जा चुका है। बेल्लारी आने के लिए सबसे अच्छा समय अक्टूबर से फरवरी के बीच होता है।

9. पाटन, गुजरात

Photo of ये हैं भारत की सबसे कम देखी जानी वाली जगहें! आपने इनमें से कितनी देखी हैं? 3/3 by Deeksha

अगर आप सोचते हैं आपने गुजरात बहुत अच्छे से देख लिया है तो शायद आप गलत हो सकते हैं। केवल अहमदाबाद और सूरत घूमने से पूरा गुजरात नहीं देखा जा सकता है। पाटन गुजरात की एक ऐसी जगह है जिसके बारे में बहुत कम लोगों को पता है। हालांकि गुजरात के इस शहर को अभी हाल ही में यूनेस्को की हेरिटेज साइट घोषित किया गया है लेकिन इस शहर का महत्व उससे कहीं ज्यादा बढ़कर है। गुजरात की ऐतिहासिक विरासत को अपने अंदर समेटे हुए इस शहर में आपको विशाल नक्काशीदार दीवारें और पुराने गुजरात का स्वाद मिलेगा। अगर आप शहर से बाहर जाने के लिए किसी जगह की तलाश कर रहे हैं तो आपको बिना ज्यादा सोचे पाटन की ओर चले आना चाहिए। पाटन आने के लिए सबसे अच्छा समय दिसंबर से अप्रैल के बीच होता है।

10. धनुषकोडी, तमिलनाडु

कम शब्दों में कहा जाए तो धनुषकोडी भारत की वो जगह है जहाँ से श्रीलंका दिखाई देता है। सुनने में ये बात बिल्कुल अटपटी लग सकती है लेकिन जब आप धनुषकोडी जाएंगे तब आपको भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने के लिए मिलेगा। धनुषकोडी को इन्सानों के लिए प्रकृति का सबसे खूबसूरत तोहफा कहा जाता है। इस जगह का निर्माण 1964 में आई आपदा की वजह से हुआ था। ये जगह एक तरह से बालू के टीले पर स्थित है जिसको दुनिया के सबसे छोटी जगहों में भी शामिल किया गया है। ज्यादातर लोग चेन्नई से पांडिचेरी तक का सफर करना पसंद करते हैं। लेकिन धनुषकोडी तक कोई नहीं जाना चाहता। धनुषकोडी को भुतहा शहर की कहा जाता है और इसी वजह से अंधेरे के बाद यहाँ घूमने की अनुमति नहीं होती है।

क्या आपने इनमें से किसी जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

रोज़ाना वॉट्सएप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें

Further Reads