
अगर आप सोचते हैं कि भारत में केवल होली और दीवाली की धूम रहती है तो शायद आपने अभी भारत को अच्छी तरह से जाना नहीं है। भारत वो देश है जहाँ हर फेस्टिवल की अपनी अलग पहचान है। हम भारतीयों ने अलग-अलग संस्कृतियों और परम्पराओं को इतने अच्छे तरीके से समझा और अपनाया है कि आप यकीन नहीं करेंगे। भारत में ईसाई लोगों की उतनी आबादी नहीं है लेकिन इसके बाद भी देश के कोने-कोने में क्रिसमस के समय उत्सव जैसा माहौल होता है। क्रिसमस की वाइब इतनी खास होती है कि कोई इस फेस्टिवल को मनाने से पीछे नहीं हटना चाहता है। ऐसे में क्यों ना छुट्टियों का फायदा उठाकर क्रिसमस के माहौल को और भी खास बनाया जाए। अगर आप भी वेकेशन के साथ क्रिसमस मनाने का मजा लेना चाहते हैं तो ये रही सबसे अच्छी जगहों की लिस्ट।
1. गोवा

गोवा हमेशा से अपनी खूबसूरत बीचों और शानदार नाइटलाइफ के लिए मशहूर रहा है। इस जगह पर आकर जैसे हर इंसान में कुछ अलग जोश भर जाता है। शायद इसीलिए भारत में क्रिसमस मनाने के लिए गोवा बढ़िया जगह है। गोवा के लगभग हर कोने में पुर्तगाली झलक दिखाई देती है। यहाँ ज्यादातर लोग कैथोलिक हैं जिसकी वजह से गोवा का क्रिसमस और भी खास हो जाता है। गोवा में क्रिसमस के समय एकदम पार्टी जैसा माहौल रहता है। सभी चर्चों और घरों को सुंदर तरीके से सजाया जाता है। गोवा की खासियत है यहाँ मिलने वाले सफेद फूल जिनका क्रिसमस की सजावट में खूब इस्तेमाल किया जाता है। क्रिसमस के समय गोवा की सड़कें देर रात तक बच्चों के क्रिसमस कैरोल की आवाज से गुलजार रहती हैं। आधी रात के जनसमूह में हिस्सा लेने के लिए सभी लोग चर्च जाते हैं जहाँ क्रिसमस की स्पेशल प्रार्थना की जाती है। गोवा का क्रिसमस केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में जाना जाता है। हर साल हजारों लोग खास क्रिसमस मनाने के लिए गोवा आते हैं। अगर आप भी क्रिसमस के असल रंगों को देखना चाहते हैं तो आपको गोवा आना चाहिए।
2. शिलांग

भारत के उत्तर पूर्वी राज्यों में क्रिसमस के समय बहुत रौनक रहती है। देश के इन हिस्सों में वैसे तो हर समय उत्सव जैसा माहौल रहता है लेकिन क्रिसमस के पास आते ही ये सभी जगहें जैसे झूम उठती हैं। मेघालय के शिलांग में ईसाइयों की काफी आबादी है जो खूब धूमधाम के साथ क्रिसमस मनाते हैं। क्रिसमस के समय शिलांग की सड़कों पर भी लोगों की खूब भीड़ दिखाई देती है। यहाँ रात भर जलसा जैसा माहौल रहता है। सभी चर्चों और घरों में सुंदर सजावट की जाती है जिसकी वजह से पूरा शहर चहक उठता है। यकीन मानिए इस समय शिलांग की हवा में जादू-सा हो जाता है। आधी रात में सभी लोग चर्च जाते हैं और प्रार्थना करते हैं। शिलांग के क्रिसमस की खासियत है यहाँ का बैंड। क्रिसमस के समय शिलांग के चर्चों में अलग तरह का म्यूजिक सुनाई देता है। शिलांग की सुंदरता, यहाँ का खाना और क्रिसमस की धूम को देखना चाहते हैं? तो जल्दी प्लान बनाईए।
3. पांडिचेरी

क्रिसमस की बात हो और पांडिचेरी जिक्र ना हो ऐसा तो हो ही नहीं सकता। तमिलनाडु का ये छोटा फ्रांसीसी शहर खास अपने उत्सव जैसे क्रिसमस के लिए जाना जाता है। पांडिचेरी की गिनती देश के उन हिस्सों में होती है जहाँ का खूबसूरत आर्किटेक्चर, सुंदर बीच और लाजवाब फ्रेंच खाना आपको अपना दीवाना बना लेगा। फ्रांसीसी प्रभाव के चलते पांडिचेरी शुरू से ही ईसाई धर्म को मानने वाले लोगों के लिए खास रहा है। इस वजह से पांडिचेरी में क्रिसमस केवल फेस्टिवल नहीं बल्कि उत्सव जैसे मनाया जाता है। सभी चर्चों को खास तरीके से सजाया जाता है। इनमें से कुछ चर्चों की गिनती भारत के सबसे खूबसूरत चर्चों में भी होती है। आधी रात को सभी लोग चर्च में इकट्ठा होते हैं और प्रभु यीशु के जन्म की खुशियाँ मनाते हैं। अगर आप भी बीच की खूबसूरती को निहारते हुए क्रिसमस मनाना चाहते हैं तो आपको पांडिचेरी को अपनी बकेट लिस्ट में जोड़ लेना चाहिए।
4. केरल

कम शब्दों में कहें तो केरल में आपको क्रिसमस और वेकेशन का बढ़िया पैकेज मिलेगा। केरल में ज्यादातर लोग क्रिश्चियन हैं जिसकी वजह से यहाँ क्रिसमस बहुत धूमधाम से मनाया जाता है। पूरे राज्य में क्रिसमस के समय अलग माहौल रहता है। सभी सड़कों और चर्चों में सुंदर रोशनी की जाती है। सभी लोग अपने घरों में क्रिसमस ट्री सजाते हैं और एक दूसरे को बधाई देते हैं। चर्चों में रात भर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसा लगता है जैसे आप चर्च में नहीं बल्कि किसी मेले में आ गए हों। केरल में क्रिसमस मनाने का एहसास बाकी सभी जगहों से थोड़ा अलग होता है। आधी रात में होने वाली प्रार्थनाओं से लेकर क्रिसमस कैरोल तक सभी चीजों में पारंपरिक करलाई झलक भी दिखाई देती है। खास बात ये है आप केरल में क्रिसमस के अलावा बैकवॉटर्स पर नाव की सवारी कर सकते हैं। केरल की शानदार बीचों पर खरीदारी भी कर सकते हैं। कुल मिलाकर केरल का क्रिसमसी एहसास आपकी वेकेशन को और भी खास बना देगा।
5. मुंबई

मुंबई को भागदौड़ वाली जिंदगी का पर्याय माना जाता है। लेकिन मुंबई एक बड़े और भरे हुए परिवार जैसा है। इसके हर हिस्से में भारत की झलक दिखाई देती है। इस शहर का इतिहास इतना भव्य है कि आप यकीन नहीं करेंगे। कोलोनियल समय से लेकर आजतक मुंबई की पहचान हमेशा अलग ही रही है। शायद इसी वजह से मुंबई में हर फेस्टिवल बेहद उमंग और जोश के साथ मनाया जाता है। क्रिसमस के समय बांद्रा का पश्चिमी हिस्सा देखने लायक होता है। अपनी कैथोलिक आबादी के लिए फेमस मुंबई का ये हिस्सा क्रिसमस के समय जगमगा उठता है। बांद्रा की हिल रोड पर सुंदर फूलों और लाइटों से सजावट की जाती है। कहीं-कहीं पर तो सड़क पर ही बड़े-बड़े क्रिसमस ट्री तक लगा दिए जाते हैं। क्रिसमस के मौके पर शहर के सभी चर्चों को बेहद सुंदर ढंग से सजाया जाता है। जो लोग सोचते हैं मुंबई में केवल कुछ त्योहारों का जोश रहता है उन्हें क्रिसमस के समय मुंबई आना चाहिए।
6. कोलकाता

कोलोनियल इतिहास की वजह से कोलकाता का क्रिसमस के साथ बहुत अजीब रिश्ता है। भले ही एंग्लो इंडियन समुदाय वाले इस शहर में ज्यादा ईसाई लोग नहीं हैं लेकिन कोलकाता के क्रिसमस में जो अपनापन है वो शायद आपको कहीं और नहीं मिलेगा। क्रिसमस के समय कोलकाता की पार्क स्ट्रीट सुंदर लाइटों और क्रिसमस ट्री की सजावट से जगमगा उठती है। बाजारों में लोगों की भीड़ जमा रहती है और रातभर शॉपिंग का खूब सिलसिला चलता रहता है। शहर के सभी छोटे-बड़े चर्चों में सुंदर सजावट की जाती है और क्रिसमस कैरोल गाए जाते हैं। वैसे कोलकाता में क्रिसमस से ज्यादा क्रिसमस केक को लेकर धूम रहती है। शहर की सभी नामी बेकरियों में प्लम केक की खूब डिमांड रहती है। कोलकाता में बेकरियों की एक खास बात है। इन सभी जगहों पर प्लम केक को पारंपरिक पुराने तरीके से बनाया जाता है जिसकी वजह से अगर कोलकाता को बेकरी कैपिटल भी कहा जाए तो गलत नहीं होगा।
7. बेंगलुरु

अगर आप सोचते हैं कि बेंगलुरु में केवल सॉफ्टवेयर से जुड़े काम होते हैं तो शायद आपने अबतक इस शहर को अच्छे से जाना नहीं है। बेंगलुरु का समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास और आकर्षक ईसाई विरासत इसे क्रिसमस मनाने के लिए भारत की सबसे अच्छी जगहों में से एक बनाते हैं। बेंगलुरु के कुछ हिस्सों में कई खूबसूरत चर्च हैं जो क्रिसमस के समय बेहद सुंदर लगते है। खास बात ये है कि इनमें से कुछ चर्चों को यूरोपीय लोगों ने बनवाया था और इस वजह से बेंगलुरु में ब्रिटिश और फ्रेंच परम्पराओं का चलन आज भी दिखाई देता है। आप अगर शहर का सबसे लाजवाब प्लम केक खाना चाहते हैं तो आपको कोशी आना चाहिए। इनके टेस्टी केक को खाकर आपका मन खुश हो जाएगा। अगर आप तुर्की खाना खाने की चाहत रखते हैं तो कैपरबेरी आइए और क्रिसमस के फील को और भी खूबसूरत बना लीजिए। एक बार बेंगलुरु के क्रिसमसी माहौल में खोकर तो देखिए यकीन मानिए आप बिल्कुल रिग्रेट नहीं करेंगे।
8. सिक्किम

सिक्किम में हर त्योहार उत्सव जैसा होता है और इसी वजह से सिक्किम का क्रिसमस सबसे खास हो जाता है। सिक्किम में ईसाई लोगों की उतनी आबादी नहीं है लेकिन इसके बाद भी यहाँ क्रिसमस की खूब धूम रहती है। सिक्किम हमेशा से घुमक्कड़ों की पहली पसंद रहा है। इसके हसीन पहाड़, बर्फ से ढकी चोटियाँ, कलकल बहते झरने आखिर किसको नहीं पसंद आएंगे। सर्दियों में ये जगह और भी खूबसूरत हो जाती है। बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच जब क्रिसमस का रंग चढ़ता है तब ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं लगती है। क्रिसमस के नजदीक आते ही सभी लोग अपने घरों में तरह-तरह की सजावट करते हैं। पूरा राज्य सितारों जैसे जगमगा उठता है। सर्द हवा में घुली हुई क्रिसमस केक की खुशबू आपको जरूर पसंद आएगी। सभी रेस्त्रां और पब देर रात तक खुले रहते हैं। केवल यही नहीं कुछ जगहों पर तो क्रिसमस के मौके पर खास पार्टी का आयोजन भी किया जाता है। अगर आप अपने पार्टनर के साथ हनीमून मनाने का सोच रहे हैं तो ये समय आपके लिए सबसे सही रहेगा।
9. चेन्नई

दक्षिण भारत में जश्न मनाने का केवल कारण होना चाहिए। फिर चाहे होली हो या दीवाली यहाँ हर त्योहार को पूरे जोश के साथ मनाया जाता है। चेन्नई में क्रिसमस के समय उत्सव जैसा माहौल होता है। चेन्नई में ऐसी बहुत सारे चर्च हैं जिनको देखने के लिए लोग खासतौर से क्रिसमस के समय आते हैं। चेन्नई के क्रिसमसी माहौल में बस एक चीज की कमी है। वो है बर्फ। लेकिन चेन्नई का कल्चर इतना शानदार है कि आपको बर्फ की कमी बिल्कुल नहीं महसूस होगी। कोरोमण्डल बेल्ट पर बसे इस शहर में क्रिसमस पार्टी और रिलिजन का बढ़िया तालमेल है। शाम के समय होटल के पबों में शानदार पार्टी का आयोजन किया जाता है जहाँ क्रिसमस कैरोल के साथ-साथ पारंपरिक तमिल खाना खाने का मजा कुछ और ही होता है। सड़कों पर लोग छोटे-छोटे ग्रुप बनाकर क्रिसमस कैरोल गाते हैं जो प्रभु यीशु के जन्म का संदेश देते हैं। केवल यही नहीं कुछ लोग तो संता क्लॉज की ड्रेस पहनकर भी घूमते हैं। शहर की हलचल से दूर बीच पर भी शानदार क्रिसमस पार्टियों का आयोजन किया जाता है। कुल मिलाकर अगर आपके लिए क्रिसमस का मतलब केवल बर्फ नहीं है तो आपको चेन्नई का क्रिसमस जरूर पसंद आएगा।
10. दादरा और नगर हवेली

इस जगह का क्रिसमस बिल्कुल परफेक्ट तो नहीं है लेकिन यहाँ का क्रिसमस बाकी सभी जगहों से अलग जरूर है। दादरा और नागर हवेली में क्रिसमस ट्राइबल तरीके से मनाया जाता है जो अपने आप में बेहद रोचक होता है। बाकी जगहों की तुलना में यहाँ के चर्च उतने विशाल और भव्य नहीं हैं। लेकिन इन चर्चों की सजावट इतने बढ़िया तरीके से की जाती है कि आप बड़े-बड़े शहरों को भूल जाएंगे।
तो आप शानदार क्रिसमस के लिए कौन-सी जगह पर जाना चाहेंगे? हमें कॉमेंट बॉक्स में बताएं।
क्या आपने इनमें से किसी जगह की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
रोज़ाना वॉट्सएप पर यात्रा की प्रेरणा के लिए 9319591229 पर HI लिखकर भेजें या यहाँ क्लिक करें।