भारत के 10 सबसे बेहतरीन चर्च, बनावट ऐसी की देखते रह जाओगे

Tripoto
Photo of भारत के 10 सबसे बेहतरीन चर्च, बनावट ऐसी की देखते रह जाओगे by Deeksha

भगवान तक पहुँचने के कितने सारे रास्ते हैं। कुछ लोग मंदिरों के जाकर प्रार्थना करते हैं तो कुछ मस्जिद और गिरजाघरों में माथा टेकने जाते हैं। इन सभी जगहों को पवित्र माना जाता है। जहाँ आप शांत माहौल में भगवान का शुक्रिया अदा कर सकते हैं। लेकिन इन सभी में एक चीज है जो इन्हें बेहद खास बनाती है। वो है इनका आर्किटेक्चर। आपको ये जगहें एक जैसी लग सकती है लेकिन यदि आप ध्यान से देखेंगे तो आपको इन सबमें अलग अलग खूबियाँ दिखाई देंगी। भारत में कुछ ऐसे चर्च हैं जिनकी बनावट देखने लायक है। ये सभी इतने खूबसूरत हैं कि आपका दिल खुश हो जाएगा।

1. सेंट पॉल कैथेड्रल, कोलकाता

कोलकाता को सिटी ऑफ जॉय के नाम से जाना जाता है। शहर की खासियत है कि यहाँ पर आपको सभी चीजें एक जगह पर मिल जाती हैं। फिर चाहे वो म्यूजियम हो या धर्म से जुड़ी कोई जगह। कोलकाता का सेंट पॉल कैथेड्रल एशिया का पहला एपिस्कोपालियन चर्च होने का गौरव मिला हुए है। ये चर्च कोलकाता के एकदम बीच में बना हुआ है। अंग्रेजों द्वारा बनवाए गए इस चर्च की वास्तुकला भारतीय और गोथिक आर्किटेक्चर का बेहतरीन मिश्रण है। इस चर्च की असल खूबसूरती देखने के लिए आपको क्रिसमस के समय कोलकाता आना चाहिए। इस समय ये चर्च चमकदार रोशनी में नहाया हुआ रहता है। खास बात ये भी है कि इस चर्च में सभी धर्म के लोगों को आने की अनुमति है। भारत के सबसे पुराने और खूबसूरत चर्च में से एक सेंट पॉल कैथेड्रल को आपको जरूर देखना चाहिए।

2. क्राइस्ट चर्च, शिमला

शिमला हमेशा से घुमक्कड़ों के पसंदीदा जगहों में शुमार है। इस जगह की प्राकृतिक छटा इतनी लाजवाब है कि आप देखते रह जाएंगे। सर्दियों के मौसम में शिमला और भी हसीन लगने लगता है। खासतौर से क्रिसमस के समय इस हिल स्टेशन की रौनक देखने लायक होती है। अगर आपको क्रिसमस की पहली शाम स्नोफॉल एन्जॉय करते हुए बिताने का मन हो तो यहाँ का क्राइस्ट चर्च सबसे बेहतरीन जगह है। ये चर्च उत्तर भारत का दूसरा सबसे पुराना चर्च है। इस चर्च को बनाने में कुल 11 सालों का समय लगा था और आज ये चर्च भारत की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली जगहों में शुमार हो गया है। इस चर्च की बनावट नियो गोथिक आर्किटेक्चर को ध्यान में रखकर की गई है जो यकीनन इसको और भी ज्यादा खूबसूरत बना देती है।

3. सेंट जॉन कैथेड्रल, धर्मशाला

1852 में बनाया गया ये चर्च धर्मशाला तो क्या हिमाचल के सबसे खूबसूरत नगीनों में से है। हिमाचल के घने देवदार जंगल के बीच बना ये चर्च दिखने में बेहद सुंदर है। क्योंकि ये चर्च इतना पुराना हो चुका है इसलिए इसकी दीवारों और पत्थरों पर समय की मार साफ दिखाई देती है। चर्च की खिड़कियों पर रंग-बिरंगे शीशे लगे हुए हैं जिन्हें बेल्जियन स्टाइल में डिजाइन किया गया है। नॉर्थ इंडिया के बाकी चर्च की तुलना में ये चर्च थोड़ा छोटा है। लेकिन इसका ये मतलब बिल्कुल भी नहीं है कि इस चर्च की सुंदरता में कोई कमी है। चर्च के आसपास का हरा भरा लैंडस्केप इसकी शोभा और भी बढ़ा देता है। धर्मशाला का ये चर्च नॉर्थ इंडिया के सबसे खास गिरजाघरों में शुमार है। इसलिए आपकी धर्मशाला ट्रिप में इस चर्च को देखना जरूर जुड़ा होना चाहिए।

4. बेसिलिका ऑफ बॉम जीजस, गोवा

शायद को कोई होगा जिसने आपकी गोवा ट्रिप में इस चर्च को नहीं देखा होगा। वैसे तो गोवा में तमाम गिरजाघर हैं लेकिन ये चर्च उन सबमें सबसे खास है। इस चर्च का निर्माण 1594 में शुरू किया गया था। 11 सालों की मेहनत के बाद ये चर्च आखिरकार 1605 में बनकर तैयार हो पाया। इस चर्च की बनावट बरोक आर्किटेक्चर के नक्शे पर की गई है जिससे इसको एक अलग पहचान मिलती है। लगभग 400 साल पुराने इस चर्च को अब यूनेस्को द्वारा विश्व हेरिटेज साइट की सूची में भी शामिल किया जा चुका है। ये गिरजाघर आपको पुराने समय की याद दिलाएगा। जो इसकी सबसे यूनीक चीज है। शायद इसकी इन्हीं सब खासियतों की वजह से ये चर्च हर गोवा जाने वाले घुमक्कड़ की लिस्ट में जरूर रहता है।

5. ऑल सेंट चर्च, कुन्नूर

1854 में बने इस चर्च को कुन्नूर का सबसे खूबसूरत तोहफा कहा जा सकता है। ये चर्च असल में अंगलिकन चर्च है जो दिखने में बेहद खूबसूरत है। ये चर्च बाहर से जितना खूबसूरत है, अंदर से उससे कहीं ज्यादा शानदार है। ये चर्च अंदर से लकड़ी से बना हुआ है जो इसको पुराने समय से जोड़ता है। इस चर्च की खिड़कियों पर भी रंग-बिरंगे काँच लगाए गए हैं जिससे आपको अंग्रेजों के जमाने में होने का एहसास होगा। कोलोनियल जमाने ने बने इस चर्च की बनावट देखकर ही मालूम चलता है कि उस समय इसको बनाने में कितनी मेहनत की गई होगी। चर्च के ऊपर एक डोम भी है और ये आसपास से देवदार के पेड़ों से घिरा हुआ है। अच्छी बात ये है कि इस चर्च में आपको ज्यादा भीड़ नहीं मिलेगी। इसलिए आप यहाँ आराम से शांत माहौल में घूमने का मजा ले सकते हैं।

6. सेंट एंड्रयू बेसिलिका, एलेप्पी

आपको शायद ये जानकर हैरानी होगी कि एलेप्पी का ये चर्च सेंट सेबास्टियन को समर्पित विश्व का सबसे बड़ा गिरजाघर है। एलेप्पी के अर्थुंकल में बना सेंट एंड्रयू बेसिलिका दक्षिण भारत के सबसे लोकप्रिय और फेमस गिरजाघरों में से एक है। 16वीं शताब्दी में बने इस चर्च का निर्माण पुर्तगाली मिशनरी द्वारा करवाया गया था। तब से लेकर अबतक इस चर्च की खूबसूरती में एकदम कमी नहीं आती है। बाहर से देखने में ये चर्च बेहद खूबसूरत है। इस चर्च की बनावट पुराने समय में चलने वाली वास्तुकला के मुताबिक की गई है। जो इसको और भी आकर्षक बनाती है। चर्च की सटीक लोकेशन और शांत माहौल हर घुमक्कड़ को अपनी ओर खींचने के लिए एकदम परफेक्ट है।

7. संता क्रूज कैथेड्रल बेसिलिका, कोच्चि

अगर आप इसाई धर्म से जुड़ी कुछ सबसे खूबसूरत जगह देखना चाहते हैं तो आपको बिना ज्यादा सोचे कोच्चि के संता क्रूज कैथेड्रल बेसिलिका को देखने का प्लान बना लेना चाहिए। ये पुर्तगाली लोगों द्वारा बनाया गया दूसरा और सबसे खूबसूरत गिरजाघर है जो आपको जरूर देख लेना चाहिए। चर्च के अंदर आपको जगह-जगह पर ईसाई धर्म से जुड़ी अलग-अलग मूर्तियाँ रखी दिखाई देंगी। चर्च की दीवारों पर 7 बड़ी-बड़ी पेंटिंग लगाई गईं हैं। खिड़कियों पर रंग-बिरंगे काँच का काम किया गया है। ये सभी चीजें इस चर्च को सबसे अलग लेकिन सबसे शानदार बनाती हैं। कोच्चि की सबसे मोहक जगहों में शुमार और क्रिसमस के समय बेहतरीन लगने वाले इस चर्च को देखना बनता है।

8. इमैक्यूलेट कॉन्सेप्शन कैथेड्रल, पांडिचेरी

1686 में बने इस चर्च को पांडिचेरी की शान कहना भी गलत नहीं होगा। ये चर्च केवल पांडिचेरी की नहीं बल्कि पूरे देश मे प्रसिद्ध है। इसी वजह से इसको देखने देशभर से लोगों का आना लगा रहता है। सेंट पीटर्स को समर्पित ये चर्च एक समय पर छोटा चैपल हुआ करता था। बाद में इसको आज दिखाई देने वाले रूप में ढाल दिया गया। इस चर्च की खास बात ये है कि अंग्रेजों द्वारा किए गए हमले के बाद भी ये चर्च मजबूती से खड़ा रहा था। पांडिचेरी के फ्रेंच माहौल में ये चर्च एकदम सही बैठता है। दूर से देखने में ये किसी महल से कम नहीं लगता है। सफेद और सुनहरे रंग से सजे इस चर्च को आपको भी जरूर देखना चाहिए।

9. वेलंकन्नी चर्च, तमिलनाडु

तमिलनाडु के वेलंकन्नी में बने इस चर्च की सुंदरता देखकर आप हैरान रह जाएंगे। सफेद रंग में बना ये चर्च इतना खूबसूरत है कि आप इससे अपनी आँखें नहीं हटा पाएंगे। बंगाल की खाड़ी के रेतीले तट पर स्थित इस शहर को पोप द्वारा पवित्र माना जा चुका है। इस चर्च की खास बात ये है कि तमिलनाडु के अनछुई जगह पर होने के बावजूद इस चर्च को देखने के लिए केवल भारत ही महली बल्कि दुनियाभर से लोगों का आना लगा रहता है। आम गिरजाघरों की तुलना में ये चर्च काफी बड़ा है। तमिलनाडु के इस खूबसूरत चर्च को आपको जरूर देख लेना चाहिए।

10. बेसिलिका ऑफ आवर लेडी डोलोर्स, त्रिशूर

लगभग 2500 वर्ग फुट में फैले इस चर्च को त्रिशूर की शान कहा जाता है। डोलर्स बेसिलिका का ढांचा इंडो-गोथिक स्टाइल में बनाया गया जिसकी वजह से चर्च देखने में बेहद सुंदर लगता है। ये चर्च एशिया का तीसरा सबसे बड़ा और दो मंजिला गलियारों वाला देश का सबसे बड़ा चर्च है। चर्च का गुंबद इतना ऊँचा है कि इसको शहर के किसी भी हिस्से से साफ देखा जा सकता है। बेसिलिका के ठीक पीछे बाइबल टॉवर है जिसे आपको देख लेना चाहिए। टॉवर के ऊपर से आसपास के इलाकों का बेहद मोहक नजारा दिखाई देता है जो आपका दिल खुश कर देगा। बेसिलिका की दीवारों पर खूबसूरत पेंटिंग की गई है और साथ में बाइबल के कुछ हिस्सों को भी लिखा गया है।

क्या आपने इनमें से किसी चर्च की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

Tripoto हिंदी के इंस्टाग्राम से जुड़ें और फ़ीचर होने का मौक़ा पाएँ।

Further Reads