पुणे: पहाड़ियाँ, झरने, राफ्टिंग और पैराग्लाईडिंग, सब कुछ मिलेगा यहाँ!

Tripoto

हम सभी जानते हैं कि पुणे तेजी से उभरता शहर है, जहाँ आईटी से जुड़े लोगों का जमावड़ा होता है। बेंगलुरु के बाद पुणे का इस ख़ास क्षेत्र में बढ़िया नाम है। सिर्फ इतना ही नहीं, यहाँ बेहतरीन शिक्षण संस्थान भी मौजूद हैं। तभी तो महाराष्ट्र के इस दूसरे सबसे बड़े शहर को 'पूर्व का ऑक्सफोर्ड' कहा जाता है! अगर आप पुणे में रहते हैं या वहाँ जाना होता है तो आसपास मौजूद इन बेहतरीन जगहों पर ज़रूर जाएँ। शहर की गर्मी में उबलने या फिर एसी में बैठे-बैठे पकने से बढ़िया है कि थोड़ा समय निकालकर घूम लिया जाए!

Photo of पुणे: पहाड़ियाँ, झरने, राफ्टिंग और पैराग्लाईडिंग, सब कुछ मिलेगा यहाँ! 1/9 by Rupesh Kumar Jha

आसपास इतने हिलस्टेशन और टूरिस्ट अट्रैक्शन की जगहें मौजूद हैं जो घुमक्क्ड़ों को तो आकर्षित करती ही हैं, शहर के स्टूडेंट्स और प्रोफेशनल भी समय निकालकर यहाँ घूमने आते हैं। तभी तो सोशल मीडिया पर पुणे के आपके मित्र बेहतरीन लोकेशन की तस्वीरें डालते रहते हैं। आइए हम आपको उन जगहों के बारे में बतादे रहे हैं ताकि आप जाएँ तो यात्रा यादगार हो जाए!

सिंहगढ़ फोर्ट

Photo of पुणे: पहाड़ियाँ, झरने, राफ्टिंग और पैराग्लाईडिंग, सब कुछ मिलेगा यहाँ! 2/9 by Rupesh Kumar Jha
श्रेय: फ्लिकर

सिंहगढ़ पहाड़ पर मौजूद किला है जिसकी ऊँचाई समुद्र तल से 1380 मीटर है। पुणे शहर से लगभग 30 कि.मी. दूर स्थित ये किला लगभग 2000 साल पुराना है। 1670 में सिंहगढ़ की लड़ाई को लेकर ये मशहूर रहा। एक समय राजा-रजवाड़ों की चहलकदमी वाला ये स्थान फिलहाल प्रकृति प्रेमियों को ज्यादा आकर्षित करता है।

बेदसे गुफाएँ

इतिहास में गोते लगाना चाहते हैं और हरियाली मे समय गुज़ारने की इच्छा है तो बेदसे गुफाओं का रुख करें। ये गुफाएँ 2000 से ज़्यादा पुरानी बताई जाती हैं। बौद्ध धर्म से जुड़ी इन गुफाओं की चोटी तक जाने के लिए 400 सीढ़ियाँ चढ़नी होती हैं। प्राकृतिक छटाओं वाली ये जगह पुणे की भीड़भाड़ से केवल 40 कि.मी. दूर पर मौजूद है।

कामशेत

कामशेत पैराग्लाइडिंग को पसंद करने वाले लोगों में ख़ासा लोकप्रिय है। अक्टूबर से लेकर मई के महीने तक पैराग्लाइडिंग करने लोग यहाँ आते हैं। पुणे शहर से 45 कि.मी. दूर आप ग्रामीण परिवेश को देखने भी यहाँ आ सकते हैं। यहाँ के लोग आज भी पारंपरिक रूप से रहते हैं और आपको एक अलग ही दुनिया देखने को मिलेगी। पास ही स्थित वदिवेल झील के किनारे डूबते हुए सूरज को देख सकते हैं। यहाँ की कालरा गुफाएँ भी देख लायक जगह है।

लोनावला और खंडाला

Photo of पुणे: पहाड़ियाँ, झरने, राफ्टिंग और पैराग्लाईडिंग, सब कुछ मिलेगा यहाँ! 4/9 by Rupesh Kumar Jha

पुणे और मुंबई के बीच स्थित लोनावला मॉनसून के दौरान देखने लायक जगह है। पुणे शहर से 66 कि.मी. पर मौजूद ये जगह लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट है। मुंबई से भी भारी संख्या में लोग यहाँ वीकेंड पर आते हैं। मॉनसून के दौरान इसकी रौनक देखते बनती है, जब यहाँ के ढलान हरे-भरे हो जाते हैं। तालाब, झरनों के साथ ही चारों तरफ की ख़ूबसूरती आपका मन मोह लेती है। लोनावाला से थोड़ी दूर पर ही खंडाला पहाड़ियों में स्थित एक मशहूर जगह है। आपने ये गाना तो सुन ही रखा होगा, आती क्या खंडाला! रोज़ की भागमभाग से दूर यहाँ शांति के कुछ पल बिताने लोग मुंबई और पुणे से पहुँचते रहते हैं।

मुलशी डैम

पर्वतों से घिरी मुलशी झील और डैम बेहद रमणीय जान पड़ता है। इस जगह को सह्याद्री पर्वत ने गोद में बैठा रखा है। आसपास कई किले मौजूद हैं, जहाँ आप जाकर बेहतरीन नज़ारा देख सकते हैं। पुणे शहर से मात्र 77 कि.मी. दूर इस जगह पर आपका मन लग जाएगा। खासकर प्राकृतिक छटाओं से प्रेम करने वाले लोग यहाँ आना पसंद करते हैं। बता दें कि यहाँ सालभर टूरिस्ट आते रहते हैं।

दूधीवारे वॉटर फॉल

Photo of पुणे: पहाड़ियाँ, झरने, राफ्टिंग और पैराग्लाईडिंग, सब कुछ मिलेगा यहाँ! 6/9 by Rupesh Kumar Jha
श्रेय: फ्लिकर

अगर आप एडवेंचर्स ट्रिप जाना चाहते हैं तो पुणे के पास दूधीवारे जा सकते हैं। ये वॉटर रैपलिंग के शौकीन लोगों के लिए बेहतरीन जगह है। पानी तेज़ी से गिरता है और ढलानों पर फिसलते हुए आप आनंद ले सकते हैं। एक रोमांचकारी ट्रिप के लिए आप यहाँ की यात्रा ज़रूर करें!

जुन्नर

महान मराठा शासक छत्रपति शिवाजी राजे भोसले के जन्म स्थान के रूप में मशहूर जुन्नर किसी तीर्थ से कम नहीं है। पुणे से लगभग 90 कि.मी. दूर शिवनेरी किले के पास जुन्नर का ऐतिहासिक निर्माण और वास्तुकला देखने लायक है। मनमोदी हिल, गणेश लेना और तुलजा लेना, यहाँ तीन प्रसिद्ध गुफा समूह हैं। इसके साथ ही तीस गुफाओं का एक समूह भी पास में मौजूद है, जो कि लेन्याद्री के रूप में जानी जाती है। ये गुफाएँ चट्टान को काटकर बनाई गई हैं।

दुर्शेत

Photo of पुणे: पहाड़ियाँ, झरने, राफ्टिंग और पैराग्लाईडिंग, सब कुछ मिलेगा यहाँ! 7/9 by Rupesh Kumar Jha
श्रेय: फ्लिकर

सह्याद्री पहाड़ों के मध्य मौजूद दुर्शेत एक वीकेंड पिकनिक स्पॉट है। यहाँ की प्राकृतिक छटा, झरने आदि इसे परफेक्ट बनाते हैं। पुणे से 100 कि.मी. पर ताज़ी हवाओं के बीच समय गुज़ारने के लिए ये बेहतरीन जगह है। ट्रेकर्स और जंगल सफारी करने वाले यहाँ आना पसंद करते हैं।

महाबलेश्वर

Photo of पुणे: पहाड़ियाँ, झरने, राफ्टिंग और पैराग्लाईडिंग, सब कुछ मिलेगा यहाँ! 8/9 by Rupesh Kumar Jha

पुणे के निकट टूरिस्ट आकर्षणों की बात हो और महाबलेश्वर का जिक्र ना हो, ऐसा हो ही नहीं सकता! शहर से 120 कि.मी. दूर यहाँ ना केवल मंदिर देखने को मिलता है बल्कि आसपास का नज़ारा आपको अपना कायल बना देता है। वेना झील पर नौकायन के अलावा यहाँ उगाए जाने वाले स्ट्रॉबेरी को चखकर आपका दिल बाग-बाग हो जाता है। अक्टूबर से मई तक यहाँ जाने का बेहतरीन समय होता है।

कुंडलिका

Photo of पुणे: पहाड़ियाँ, झरने, राफ्टिंग और पैराग्लाईडिंग, सब कुछ मिलेगा यहाँ! 9/9 by Rupesh Kumar Jha

ये वही जगह है जहाँ टाटा पावर द्वारा मुल्शी बांध परियोजना अनुसार डैम का निर्माण किया गया है। राफ्टिंग को एन्जॉय करना है तो आप पुणे से निकल सकते हैं। कुंडलिका की दूरी पुणे से मात्र 135 कि.मी. है। यहाँ पास में ही देवकुंड झरना है जिसे भी आप देख सकते हैं। बता दें कि युवाओं में इस जगह को लेकर खासा क्रेज है।

पुणे महाराष्ट्र में ऐसी जगह मौजूद है जहाँ से कई खूबसूरत स्पॉट आप आसानी से पहुँच सकते हैं। हमने यहाँ शहर के आसपास कई मशहूर जगहों को लिस्ट किया है। अगर आपको लगता है कि कोई महत्वपूर्ण जगह यहाँ लिस्ट नहीं हो सका है तो आप कमेन्ट कर ज़रूर बताएँ!

अपनी यात्राओं के मज़ेदार किस्से और कहानियाँ यहाँ लिखें और दुनियाभर के मुसाफिरों के साथ अपना अनुभव बाँटें।

Tripoto हिंदी अब इंस्टाग्राम पर! हमें फॉलो करें और सुंदर जगहों के बारे में जानें।

Further Reads