हिमाचल में नई जगह पर घूमने का प्लान है तो ऊना की सैर करना बिल्कुल ना भूलें

Tripoto
Photo of हिमाचल में नई जगह पर घूमने का प्लान है तो ऊना की सैर करना बिल्कुल ना भूलें by Rishabh Dev

जब भी पहाड़ों का ज़िक्र होता है तो सबसे पहले हिमाचल प्रदेश का नाम ही ज़ेहन में आता है। हिमाचल प्रदेश भारत के सबसे सुंदर राज्यों में से एक है। यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता हर किसी को अपना दीवाना बना देती है। हिमाचल प्रदेश में कई जगहें जहां घूमने वाले कम ही जाते हैं। ऐसी जगहें वाक़ई में कमाल होती है। हिमाचल प्रदेश की ऐसी ही जगह है, ऊना। खूबसूरत वादियों और हरे-भरे जंगलों से घिरा ऊना देखने लायक़ है। आपको एक बार इस जगह को देखने ज़रूर जाना चाहिए।

Photo of हिमाचल में नई जगह पर घूमने का प्लान है तो ऊना की सैर करना बिल्कुल ना भूलें by Rishabh Dev

ऊना हिमाचल प्रदेश में स्वान नदी के किनारे स्थित एक बेहतरीन जगह और लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। कहा जाता है कि ऊना नाम सिखों के पाँचवें गुरू अर्जुन देव द्वारा दिया गया था। हिन्दी भाषा में ऊना शब्द का अर्थ प्रगति है। ऊना जिला 1972 में पंजाब के होशियारपुर ज़िले से लिया गया था। ऊना में देखने और घूमने को काफ़ी कुछ है।

ऊना में घूमने के लिए जगहें:

1- पोंग बांध

हिमाचल प्रदेश के ऊना में आप पोंग बांध से घूमने की शुरूआत कर सकते हैं। व्यास नदी पर बना पोंग बांध ऊना के सबसे प्रमुख आकर्षणों में से एक है। 1983 में पोंग बांध को वन्यजीव अभ्यारण्य के रूप में अधिसूचित किया गया था। पोंग डैम बेहद सुंदर पोंग झील पर बना हुआ है। इस अभयारण्य में कई सारे जानवर हैं जिसमें बार्किंग डियर, वाइल्ड बियर, नीलगाय और तेंदुए जैसे जानवर शामिल हैं। इसके अलावा आपको यहाँ पर विभिन्न प्रजातियों के पक्षी देखने को मिलेंगे।

2- चिन्तपूर्णी मंदिर

ऊना शहर में स्थित चिन्तपूर्णी मंदिर ऊना का नहीं पूरे प्रदेश के सबसे पवित्र मंदिरों में से एक है। माता सती को समर्पित ऊना का ये मंदिर 51 शक्तिपीठ में से एक है। यहाँ माता को छिन्नमस्तिका देवी के नाम से भी पुकारा जाता है। ऊना मंदिर सोला सिंघी रेंज की सबसे ऊँची चोटी पर स्थित है। इस वजह से यहां से पहाड़ों और चारों तरफ़ का बेहद सुंदर नजारा देखने को मिलता है। अगर आप ऊना आते हैं तो इस मंदिर को देखना ना भूलें।

3- थानेक पुरा

ऊना में चिन्तपूर्णी देवी मंदिर से लगभग 3 किमी. दूर एक और शानदार पर्यटन स्थल है, थानेक पुरा। थानेक पुरा कई तीर्थ स्थलों से घिरा हुआ है जिसमें राधा कृष्ण, गुगा जहां पीर और महियाँ सिद्ध जैसे तीर्थ स्थल शामिल हैं। थानेक पुरा में लगभग 60 सीढ़ियों वाला प्राचीन कुआँ है, जो सैलानियों के बीच काफ़ी लोकप्रिय है। इस जगह को चाट बाज़ार के लिए भी जाना जाता है।

4- कुटलहर क़िला

Photo of हिमाचल में नई जगह पर घूमने का प्लान है तो ऊना की सैर करना बिल्कुल ना भूलें by Rishabh Dev

ऊना में चारों तरफ़ पहाड़ और कई धार्मिक स्थल तो हैं ही, इसके अलावा कई ऐतहासिक जगहें भी हैं। कुटलहर क़िला ऊना की सबसे अच्छी जगहों में से एक है। कुटलहर क़िला समुद्र तल से 4,500 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। इस क़िले का निर्माण काँगड़ा के राजा संसार चन्द्र ने करवाया था। बाद में 1809 में सिख राजवंश के पहले महाराजा रणजीत सिंह ने इस क़िले का जीर्णोद्धार करवाया था। इस क़िला का आर्किटेक्चर देखने लायक़ है। किलों की छत विशाल पत्थरों से बनी हुई है। ऊना जाए तो इस जगह को भी देखने का प्लान बनाएँ।

5- डेरा बाबा भरभाग सिंह

ऊना से लगभग 40 किमी. दूर एक और धार्मिक पर्यटन स्थल है, डेरा बाबा भरभाग सिंह। इस गुरूद्वार को स्थानीय रूप से गुरूद्वारा मंजी साहिब के नाम से जाना जाता है। ये गुरूद्वारा पहाड़ की चोटी पर स्थित है और नीलगिरी के पेड़ों से घिरा हुआ है। बाबा भरभाग सिंह ने इस तीर्थ स्थल की स्थापना की। इस गुरूद्वारे के अलावा ऊना में पीर निगाह और बाबा रुद्रनंद आश्रम समेत कई जगहें देखने लायक़ हैं।

कैसे पहुँचे?

फ़्लाइट से: अगर आप हवाई मार्ग से ऊना जाने का प्लान बना रहे हैं तो सबसे नज़दीकी अमृतसर का श्री गुरू राम दास जी एयरपोर्ट है। अमृतसर से ऊना लगभग 160 किमी. की दूरी पर है। अमृतसर से ऊना के लिए आपको बस और टैक्सी दोनों मिल जाएँगी। कुछ घंटे में आप अपने गंतव्य तक पहुँच जाएँगे।

ट्रेन से: अगर आप रेल मार्ग से ऊना जाना चाहते हैं तो ऊना में ही रेलवे स्टेशन है। ऊना रेलवे स्टेशन कई बड़े शहरों से अच्छी तरह से कनेक्टेड है। आपको दिल्ली, चंडीगढ़ और हरिद्वार से ऊना के लिए आराम से ट्रेन मिल जाएगी।

वाया रोड: आप ऊना सड़क मार्ग से भी आ सकते हैं। हिमाचल प्रदेश के कई शहरों से आपको ऊना के लिए बसें आराम से मिल जाएँगी। इसके अलावा अगर आप ख़ुद की गाड़ी से आना चाहते हैं तो तब भी ऊना आने में कोई दिक़्क़त नहीं होगी।

कब जाएँ?

ऊना हिमाचल प्रदेश में तो आता है लेकिन यहाँ का तापमान बहुत ज़्यादा ठंडा नहीं है। गर्मियों में यहाँ अच्छी गर्मी भी पड़ती है और सर्दियों में अन्य जगहों की तरह ठंड भी पड़ती है। गर्मियां ऊना घूमने के लिए बिल्कुल सही जगह नहीं जगह है। ऊना को अच्छे से एक्सप्लोर करना है सर्दियों में आने का प्लान बनाएँ। इसके अलावा ऊना काफ़ी बड़ी जगह है। यहाँ आपको ठहरने में कोई दिक़्क़त नहीं होगी। ऊना में आपको हर बजट में होटल मिल जाएँगे। आप अपने बजट के हिसाब से इनको चुन सकते हैं। आपको एक बार हिमाचल प्रदेश के इस शानदार जगह की सैर ज़रूर करनी चाहिए।

क्या आपने हिमाचल प्रदेश के ऊना की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

Further Reads