
कैंपिंग करने का ट्रेंड आजकल इतना नया चला है कि लोगों ने अपने ही पर्सनल टेंट खरीदकर घर में रख लिए हैं। कुछ लोग ऐसे हैं जो घर में ही टेंट खोलकर कैंपिंग करना चालू कर देते हैं, तो कभी अपने आसपास के पार्क में ही कैंपिंग का आनंद ले लेते हैं। अगर आप भी उन लोगों में से आते हैं, जिन्हें साल में एक बार कैंपिंग करने की इच्छा रहती है, और कुछ अच्छी जगह तलाश रहे हैं, तो आप बिल्कुल सही जगह आए हैं। आज इस आर्टिकल में हम बात करेंगे नदी किनारे कैंपिंग करने की ऐसी बेहतरीन जगहें, जो अपने आप में ही किसी टूरिस्ट प्लेस से कम नहीं हैं। जहाँ जाकर आपको काफी आनंद भी आएगा। तो आइए जानते हैं वो बेहतरीन जगहें कौन सी हैं।
ऋषिकेश के गंगा किनारे

कैंपिंग की बात हो और ऋषिकेश का नाम सबसे ऊपर न आए, ऐसा कभी हो सकता है। अगर आपको घूमने जाना है, मगर दूर जा नहीं पा रही हैं। आसपास ही कहीं घूमना हो तो ऋषिकेश एक अच्छा विकल्प है। सोचिए गंगा किनारे एक तरफ आपका कैंप हो और दूसरी तरफ गंगा आरती। ऋषिकेश में आए दिन यात्रियों की भीड़ लगी रहती है। इनमें कुछ लोग भगवान के दर्शन करने आते हैं, तो कुछ कैंपिंग और राफ्टिंग के लिए आते हैं। ऋषिकेश में नदी के किनारे कैंपिंग करना किसी जन्नत से कम नहीं है। यहाँ लोग नदी के किनारे कैंपिंग करते हैं, खेल खेलते हैं और सुबह के समय बहुत से लोग राफ्टिंग के लिए भी जाते हैं। अगर आप रोमांच भी पसंद करती हैं, तो फिर राफ्टिंग और बंजी जंपिंग का मजा भी ले सकती हैं। इतना ही नहीं ऋषिकेश में घूमने के लिए आपको और कई बेहतरीन स्पॉट्स जैसे वरिष्ठ गुफा, नीलकंठ मंदिर, फेमस बीटल्स का बीटल आशरम शामिल हैं। अगर नदी के किनारे ऋषिकेश में कैम्पिंग करना चाहते हैं, तो गर्मी के मौसम में ही करें, क्योंकि वहाँ मौसम रात के वक्त ठंडा रहता है।
कर्नाटक की शरावती नदी

अगर आप भी सोच रहे हैं कि शरावती एक जगह है, तो आप गलत हैं, कर्नाटक में शरावती एक नदी है, जो भारत के पश्चिमी तट में कर्नाटक से शुरू होती है और जोग वॉटरफॉल के नजदीक से गुजरती है। जोग वॉटरफॉल के 6 किलोमीटर दूर शरावती नदी के किनारे कैंपिंग के लिए यह जगह बहुत अच्छी है। आप चाहें तो जोग जलप्रपात के आसपास कैंपिंग का मजा ले सकती हैं। इसके अलावा आप इसके आसपास की जगहों को भी एक्सप्लोर कर सकती हैं। हालांकि आपको वहाँ कैंपिंग की कोई सुविधा नहीं मिल सकती, इसलिए अपने साथ कैंपिंग बैग और उससे जुड़े सामान ले जाना न भूलें। अगर आसपास की जगहों पर घूम-घूम कर थक गई हैं, तो इस बार यहाँ जाने का प्लान जरूर बनाएं।
सिक्किम की तीस्ता नदी

सिक्किम, भारत का ऐसा राज्य है, जहाँ प्रकृति के अद्भुत नजारे देखने को मिलते हैं। यहाँ की खूबसूरत और मशहूर तीस्ता नदी का कलकल करता हुआ पानी पहाड़ों से होता हुआ मैदानों में उतरता है। नदी के किनारे हरे-भरे जंगल और छोटे-छोटे गांव हैं। अगर आप शांति और सुकून के पलों को जीना चाहती हैं, तो यहाँ कैपिंग कर सकती हैं। इस नदी में राफ्टिंग करने का भी अपना अगल मजा है।
कांगड़ा की करेरी झील

हिमाचल प्रदेश तो सैलानियों के बीच काफी मशहूर है। दूर-दूर से लोग हिमाचल के शहरों को एक्सप्लोर करने आते हैं, जो कि इसके लोकप्रिय होने की एक खास वजह है। दूसरी वजहों में, यहाँ की हसीन वादियां, लंबे ट्रैक्स, अनएक्सप्लोर्ड पॉइंट्स शामिल हैं। यही वजह है कि लोग यहाँ कैंपिंग करना पसंद करते हैं। शिमला, मनाली, कुफरी, कुल्लू, मैकलॉडगंज, धर्मशाला, तीर्थन वैली, धर्मकोट जैसी जगहें हमेशा सैलानियों की पसंद रही। इन्हीं में से एक है कांगड़ा जिले की करेरी झील। यह धर्मशाला से लगभग 9 किलोमीटर की दूरी पर है। यह झील सर्दियों के महीनों में बर्फ से ढकी रहती है। इतना ही नहीं, यह देवदार के पेड़ों से घिरी हुई है, जो इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं। कैंपिंग करने के लिए यह शानदार जगह है।
नैनीताल झील, उत्तराखंड

उत्तराखंड के कुमाऊं जिले में मौजूद नैनीताल झील के बारे में किसने नहीं सुना, लेकिन आपने कभी ये सुना है कि यहाँ कैंपिंग भी की जा सकती है। कैंपिंग बैग को ले जाएं और साफ पानी की नैनीताल झील के पास कैंपिंग का मजा लें। कैंपिंग के साथ-साथ आप सुबह राफ्टिंग के लिए भी जा सकते हैं। नैनीताल में कैम्पिंग करने के अलावा आप भीमताल झील, मुक्तेश्वर, सत्तल जैसी खूबसूरत जगह भी देख सकते हैं। साथ ही वहाँ कई एडवेंचर्स एक्टिविटीज भी करवाई जाती हैं जैसे रैपलिंग, फ्लाइंग फॉक्स, डबल रोप, टायर कोर्स आदि। कैंपिंग करने के लिए यह शानदार जगह है।
पैंगोंग झील, लेह

पैंगोंग झील, लेह की बहुत प्रसिद्ध झील है। 3 इडियट्स मूवी का आमिर खान और करीना कपूर का आखिरी सीन यहीं फिल्माया गया था। शायद आपको याद आ गया होगा। इस जगह का लुत्फ उठाने के लिए आप यहाँ कैंपिंग करने के लिए आ सकते हैं। लेह की इस खूबसूरत झील की सुंदरता के बारे में जितना कहें, उतना कम है। लेह से इसकी दूरी 250 किलोमीटर है। नीले आसमान, बर्फ से ढकी चोटियों, और सुंदर चमकते सुनहरे मैदान के बीच इस झील का नजारा एकदम अद्भुत लगता है। इसके आसपास कई कैंपिंग सुविधाएं उपलब्ध है। इस बार क्यों न थोड़ा हटकर करें और दोस्तों के साथ यहाँ कैंपिंग के बारे में सोचें।
क्या आपने भी इन बेहतरीन जगहों में से किसी जगह कैंपिंग की हैं। अपने अनुभव को हमारे साथ शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
कैसा लगा आपको यह आर्टिकल, हमें कमेंट बॉक्स में बताएँ।
बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें
रोज़ाना Telegram पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।