उत्तराखंड का बेहद खूबसूरत चकराता, नजारे देखकर हो जाएंगे मंत्रमुग्ध

Tripoto
Photo of उत्तराखंड का बेहद खूबसूरत चकराता, नजारे देखकर हो जाएंगे मंत्रमुग्ध by Rishabh Dev

पहाड़ की सुंदरता हर किसी को आकर्षित करती है। जो एक पहाड़ की यात्रा करता है, बार-बार इन पहाड़ों की यात्रा पर जाने की चाहत रखता है। उत्तराखंड भारत के सबसे खूबसूरत राज्यों में से एक है। उत्तराखंड घुमक्कड़ों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। यहाँ घूमने के लिए काफ़ी कुछ है। कुछ जगहें तो काफ़ी लोकप्रिय हैं और कुछ जगहों के बारे में कम लोगों को पता है। क्या आपको पता है कि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पास में एक बेहद सुंदर हिल स्टेशन है, चकराता।

Photo of उत्तराखंड का बेहद खूबसूरत चकराता, नजारे देखकर हो जाएंगे मंत्रमुग्ध by Rishabh Dev

चकराता उत्तराखंड के सबसे सुंदर हिल स्टेशन में से एक है। चकराता देहरादून से लगभग 100 किमी. की दूरी पर स्थित है। समुद्र तल से 2,118 मीटर की ऊँचाई पर स्थित चकराता टौंस और यमुना नदी के बीच में स्थित है। इस खूबसूरत शहर को जौनसाल बावर के नाम से भी जाना जाता है। चकराता में पहले जौनसारी जनजाति के लोग रहते थे। ब्रिटिश शासन के दौरान अंग्रेजों ने चकराता को हिल स्टेशन के रूप में विकसित किया। वर्तमान में चकराता एक कैंट एरिया है। इस जगह पर विदेशी लोगों का आना सख्त मना है। हर किसी को एक बार चकराता हिल स्टेशन की यात्रा ज़रूर करनी चाहिए।

कैसे पहुँचे?

चकराता के सबसे नज़दीकी शहर देहरादून है। देहरादून रेल मार्ग, हवाई मार्ग और सड़क मार्ग से अच्छी तरह से कनेक्टेड है। आप इस जगह पर आराम से पहुँच सकते हैं।

फ़्लाइट से: यदि आप फ़्लाइट से चकराता जाने का प्लान बना रहे हैं तो सबसे निकटतम हवाई अड्डा देहरादून का जॉली ग्रांट एयरपोर्ट है। जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से चकराता लगभग 126 किमी. की दूरी पर है। देहरादून से चकराता के लिए आपको बस या टैक्सी मिल जाएगी। इसके अलावा आप स्कूटी या बाइक को किराए पर लेकर चकराता जा सकते हैं।

ट्रेन से: अगर आप ट्रेन से चकराता जा रहे हैं तो सबसे नज़दीकी रेलवे स्टेशन देहरादून में है। देहरादून से चकराता लगभग 100 किमी. की दूरी पर है। आपको चकराता जाने के लिए बस या टैक्सी मिल जाएगी।

वाया रोड: चकराता सड़क मार्ग से अच्छी तरह से कनेक्टेड है। देहरादून से आप बस या टैक्सी लेकर चकराता पहुँच सकते हैं। इसके अलावा अगर आपके पास ख़ुद की गाड़ी है तो फिर इससे अच्छा कुछ हो ही नहीं सकता है। आपका ये सफ़र यादगार बन जाएगा।

क्या देखें?

चकराता में देखने के लिए कई सारे आकर्षण के केन्द्र हैं। अगर आप चकराता जाते हैं तो इन जगहों की सैर ज़रूर करें।

1. टाइगर फाल्स

टाइगर फाल्स के चकराता के मुख्य आकर्षणों में से एक है। टाइगर फाल्स को स्थानीय लोग कराओ पकड़ और कैलू पचढ़ के नाम से जानते हैं। टाइगर फाल्स चकराता से लगभग 15 किमी. की दूरी पर है। आप 5 किमी. का ट्रेक करके भी इस जगह पर पहुँच सकते हैं। 90 मीटर की ऊँचाई से गिरने वाला ये जलप्रपात वाक़ई में बेहद सुंदर है। टाइगर फाल्स की एक ख़ासियत ये भी है कि ये झरना दूर से नहीं दिखाई देता है।

2. कनासर

चकराता अपने हरियाली और सुंदर पहाड़ों के लिए जाना जाता है। चकराता से लगभग 25 किमी. की दूरी पर कनासर नाम की एक जगह है। कनासर में आप कैंपिंग और रिवर राफ़्टिंग का आनंद ले सकते हैं। पहाड़ों में कैंपिंग करने का एक अलग ही मज़ा है। कनासर में कई सारे लग्ज़री टेंट हैं जिनमें आप ठहर सकते हैं। इसके अलावा वन का रेस्ट हाउस भी है। चकराता में कैंपिंग, ट्रेकिंग, हाइकिंग, रैपलिंग और रॉक क्लाइम्बिंग जैसी गतिविधियाँ कर सकते हैं।

3. देवबन बर्ड वॉचिंग

चकराता जंगलों का घर है। आपको यहाँ चारों तरफ़ जंगल ही जंगल दिखाई देगा। आप चकराता के देवबन में थर्ड वॉचिंग कर सकते हैं। चकराता से देवबन 13 किमी. की दूरी पर है। देवबन समुद्र तल से 2,200 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। देवदार के पेड़ों से घिरा ये जंगल कई पक्षियों का घर है। देवबन जंगल में आपको चोकर पाट्रिज, हिमालयन वुडपेकर, रसेट स्पैरो, येलो क्राउड वुडपेकर और सिनेरियस वल्चर जैसी कई दुर्लभ पक्षी देखने को मिल जाएँगे।

4. लाखामंडल

लाखामंडल चकाराता क्षेत्र में स्थित एक मंदिर है। भगवान शिव को समर्पित इस मंदिर में क़रीब सवा लाख शिवलिंग है। इस मंदिर में शिवलिंग ग्रेफाइट से बना हुआ है। इस पर पानी डालने पर शिवलिंग चमकता है। कहा जाता है कि ये वही जगह है जहां पर दुर्योधन ने पांडवों को ठहराकर उन्हें मारने की कोशिश की थी। पांडव लाक्षागृह से बच निकले थे। लाखामंडल चकराता से लगभग 45 किमी. की दूरी पर है। यहाँ पर कई सारी रहस्यमयी गुफाएँ हैं जिनको आप देख सकते हैं।

5. बुधेर गुफा

बुधेर चकराता का एक शानदार पर्यटन स्थल है। बुधेर अपनी स्टैलेक्टाइट और स्टैलेग्माइट संरचनाओं के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ पर कई सारी गुफाएँ है। कहा जाता है कि इन गुफाओं का निर्माण पांडवों द्वारा किया गया था। बुधेर टॉप इस जगह का सबसे ऊँचाई पर स्थित स्थान है। बुधेर टॉप समुद्र तल से 2,750 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। ये जगह देवदार और चीड़ के घने जंगलों से ढँका हुआ है। ये एशिया के सबसे घने जंगलों में से एक है। इस जगह के अलावा आप चकराता में चिलमेरी नेक, यमुना एडवेंचर पार्क, किमोना जलप्रपात, मुंडाली, हनोल, कालसी, हयोऊ टॉप और चुरानी डंडा जैसी जगहों को देख सकते हैं।

कहां ठहरें?

चकराता उत्तराखंड की सबसे लोकप्रिय जगहों में से एक है। यहाँ पर आपको ठहरने में कोई दिक़्क़त नहीं होगी। चकराता में कई सारे होटल और होमस्टे हैं। आप लग्ज़री से लेकर बजट होटल में ठहर सकते हैं।

कब जाएँ?

चकराता उत्तराखंड की उन जगहों में आती है जहां सर्दी काफ़ी पड़ती है। सर्दी के मौसम में चकराता काफ़ी बर्फ़ गिरती है। उस दौरान इस जगह को घूमना थोड़ा मुश्किल होता है। चकराता को एक्सप्लोर करने के लिए सबसे अच्छा समय मार्च से नवंबर के बीच का माना जाता है। अगर आप उत्तराखंड घूमने का प्लान बना रहे हैं तो उसमें चकराता को ज़रूर शामिल करें।

क्या आपने उत्तराखंड के चकराता की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

Further Reads