
जब भी हम कहते हैं कि पहाड़ बुला रहे हैं तो सबसे पहले जेहन में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड ही आते हैं। इन राज्यों से इतर भी भारत में पहाड़ों वाली लुभावनी जगहें हैं। सिक्किम भारत के सबसे खूबसूरत लेकिन अनछुए जगहों में से एक है। सिक्किम में अभी भी कई शानदार जगहें हैं जिनको एक्सप्लोर किया जाना बाकी है। उन्हीं जगहों में से एक है, पाक्योंग।

पाक्योंग शब्द की उत्पत्ति लेपचा शब्द पा योंग से हुई है। जिसका मतलब होता है, बांस का धनुष। पाक्योंग के बारे में ज्यादातर लोगों ने तब सुना जब यहाँ एयरपोर्ट का उद्घाटन किया गया। समुद्र तल से 3,670 फीट की ऊँचाई पर स्थित पाक्योंग सिक्किम की शानदार जगहों में से एक है। पाक्योंग गंगटोक के दक्षिण में 35 किमी. की दूरी पर है। अगर आप भीड़ और शोर से दूर हरियाली से भरी जगह पर जाना चाहते हैं तो सिक्किम का पाक्योंग एकदम परफेक्ट जगह है।
कब जाएँ?
वैसे तो सिक्किम के पाक्योंग को कभी भी एक्सप्लोर किया जा सकता है लेकिन ठंड के मौसम में ये जगह और भी सुहावनी हो जाती है। पाक्योंग को एक्सप्लोर करने के लिए नवंबर से लेकर जनवरी तक का समय सबसे अच्छा रहता है। बर्फ से ढंके पहाड़ और चारों तरफ फैली हरियाली इस जगह को खूबसूरत बनाती है। बारिश के मौसम में यहाँ आने का प्लान बिल्कुल भी न बनाएँ।
रुमटेक मोनेस्ट्री
रुमटेक मठ पाक्योंग का नहीं सिक्किम की सबसे फेमस जगहों में से एक है। बौद्ध धर्म को मानने वालों के लिए ये मोनेस्ट्री बेहद पवित्र जगह है। रुमटेक मठ सिक्किम की राजधानी गंगटोक से सिर्फ 25 किमी. की दूरी पर है। इस मठ को धर्म चक्र के नाम से भी जाना जाता है। तिब्बती धर्म गुरु इस मठ में रहते हैं। आप पाक्योंग आएँ तो इस जगह को जरूर देखें।
जवाहरलाल नेहरू बोटानिकल गॉर्डन

रूमटेक मोनेस्ट्री के पास मे ही जवाहर लाल नेहरू बोटानिकल गॉर्डन है। 1987 में इस गॉर्डन को स्थापित किया गया था। जवाहर लाल नेहरू बोटानिकल गॉर्डन गंगटोक से लगभग 20 किमी. की दूरी पर है। इस गॉर्डन में रंग-बिरंगे फूल फैले हुए हैं जो इस जगह को और भी सुंदर बनाते हैं। इसके अलावा यहाँ एक झील भी है जो देखने लायक है। पाक्योंग आएँ तो इस जगह पर जाना न भूलें।
सरमसा गॉर्डन
पाक्योंग में एक और खूबसूरत गॉर्डन है, सरमसा। सिक्किम की राजधानी गंगटोक से 14 किमी. की दूरी पर स्थित सरमसा गॉर्डन रानीपूल के पास में ही है। 1922 में बना ये गॉर्डन पार्टनर के साथ अच्छा बिताने के लिए भी जाना जाता है। आप अपने पार्टनर के साथ इस रोमांटिक जगह पर आ सकते हैं। इस खूबसूरत गॉर्डन को इपेका गॉर्डन के नाम के से भी जाना जाता है।
सिक्किम साइंस सेंटर

पाक्योंग में प्रकृति के कई खूबसूरत नमूने हैं जिनको देखकर आप हैरान रह जाएँगे। इसके अलावा यहाँ पर इंसान का बनाया हुआ साइंस सेंटर भी है। इस सेंटर में यूनीक ह्यूमनाइड गैलरी, चिल्ड्रन कॉर्नर, द फन साइंस गैलरी, तारामंडल प्लैानेटेरियम, साइंस पार्क और स्टूडेंट्स एक्टिविटीज कॉर्नर आकर्षण का प्रमुख केंद्र हैं। यहाँ पर बच्चों को ही नहीं आपको भी बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।
चांगेय गुंपा

सिक्किम के पाक्योंग में एक और जगह है जिसे देखा जाना चाहिए, चांगेय गुंपा। पाक्योंग में पहाड़ी के टॉप पर स्थित ये जगह वाकई शानदार है। यहाँ से आपको दूर-दूर तक सिक्किक की सुंदरता दिखाई देगी। इस गुंपा में आप बौद्ध धर्म के बारे में जान सकते हैं। ऐसी खूबसूरत जगह पर आप घंटों वक्त बिता सकते हैं।
कैसे पहुँचे?
फ्लाइट से: वैसे तो फ्लाइट से जाने के लिए सबसे नजदीकी एयरपोर्ट पाक्योंग ही है लेकिन अभी आपको बागडोगरा एयरपोर्ट उतरना होगा। एयरपोर्ट से पाक्योंग 125 किमी. की दूरी पर है। आप टैक्सी बुक करके पाक्योंग पहुँच सकते हैं।
ट्रेन से: अगर आप ट्रेन से पाक्योंग आना चाहते हैं तो सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन सिलीगुड़ी का न्यू जलपाईगुड़ी है। न्यू जलपाईगुड़ी से आप बस या टैक्सी से पाक्योंग पहुँच सकते हैं।
वाया रोड: आप पाक्योंग सड़क मार्ग से भी पहुँच सकते हैं। आप बस से पाक्योंग पहुँच सकते हैं। इसके अलावा अगर आपके पास खुद की गाड़ी है तब तो पाक्योंग पहुँचने में आपको कोई बड़ी परेशानी नहीं आएगी।
क्या आपने सिक्किम के पाक्योंग की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।
रोज़ाना Telegram पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।