हिमाचल प्रदेश की 7 ऑफ़बीट जगहें, सैलानी अक्सर इन जगहों को कर देते हैं नजरंदाज

Tripoto
Photo of हिमाचल प्रदेश की 7 ऑफ़बीट जगहें, सैलानी अक्सर इन जगहों को कर देते हैं नजरंदाज by Rishabh Dev

हिमाचल प्रदेश कई खूबसूरत और दिलकश जगहों का घर है। हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहें तो बहुत लोकप्रिय है, जहां साल भर सैलानियों का जमावड़ा लगा रहता है। वहीं हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहें हैं ऐसी जिनके बारे में कम लोगों को पता है। ऐसी जगहों को ऑफ़बीट और अनछुई जगहों के नाम से जानते हैं। यहाँ आपको लोगों की भीड़ कम मिलती है। ऐसी जगहें वाक़ई में बेहद सुंदर होती हैं। हम आपको हिमाचल प्रदेश की कुछ ऐसी ही अनछुई जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश की चुनिंदा अनछुई जगहें:

1- चुराह वैली

चुराह वैली हिमाचल प्रदेश की एक तहसील है जो चंबा ज़िले में स्थित है। चंबा से चुराह लगभग 65 किमी. की दूरी पर है। चुराह का शाब्दिक अर्थ है, चार रास्ते। चुराह चार अलग-अलग जगहों का गेटवे है, पांगी वैली, चंबा, पंजाब और जम्मू कश्मीर। चुराह वैली में खूबसूरत पहाड़ और हरियाली तो है ही। इसके अलावा इस घाट में कई मंदिर हैं, जिनको देखकर आप इसे लैंड ऑफ टेंपल भी कह सकते हैं। चुराह वैली में गडासरू महादेव लेक, देव कोठी मंदिर और चंजु माता मंदिर जैसी जगहों को देख सकते हैं।

2- पांगी घाटी

हिमाचल प्रदेश के चंबा ज़िले में एक और शानदार जगह है जिसे पांगी वैली के नाम से जाना जाता है। समुद्र तल से 11,000 फ़ीट की ऊँचाई पर स्थित इस घाटी के बारे में कम लोगों को ही पता है। इस शांत और खूबसूरत पांगी वैली में देखने को बहुत कुछ है। यहाँ पर आप किल्लर, हुडान, सूरल और मिंढल जैसी जगहों को देख सकते हैं। पांगी घाटी तक पहुँचना बिल्कुल भी आसान नहीं है। इस घाटी तक जाने वाली सड़क को भारत की सबसे ख़तरनाक सड़कों में से गिना जाता है।

3- जंजैहली वैली

अगर आपको ऑफ़बीट जगहों पर जाना पसंद है तो हिमाचल प्रदेश के लिए जंजैहली घाटी आपके लिए एकदम परफ़ेक्ट है। समुद्र तल से जंजैहली 7,217 फ़ीट की ऊँचाई पर स्थित है। ये हिमाचल प्रदेश की सबसे खूबसूरत घाटियों में से एक है। ये घाटी हरे-भरे पहाड़ और सुंदर घास के मैदान से लिपटी हुई है। अगर आपको रोमांचक ट्रेकिंग पसंद है तो यहाँ पर ट्रेकिंग भी कर सकते हैं। इसके अलावा आप यहाँ कैंपिंग और हाइकिंग भी कर सकते हैं। हिमाचल प्रदेश की इस अनछुई जगह को आपको एक बार ज़रूर एक्सप्लोर करना चाहिए।

4- करसोग घाटी

हिमाचल प्रदेश करसोग घाटी मंडी ज़िले की एक शानदार जगह है। करसोग घाटी मंडी शहर से 125 किमी. की दूरी पर है और शिमला से 100 किमी. की दूरी पर है। अगर आप शिमला और मनाली के अलावा कोई नई जगह देखने की तमन्ना रखते हो तो करसोग घाटी आपके लिए एक बढ़िया विकल्प है। करसोग अपने घने जंगलों के साथ-साथ सेब के बाग़ानों के लिए भी काफ़ी लोकप्रिय है। इसके अलावा कई सारे मंदिर हैं जिनका संबंध महाभारत काल से माना जाता है। सैलानियों के बीच करसोग घाटी ज़्यादा पॉपुलर नहीं है इसलिए आपको यहाँ लोगों की भीड़ ज़्यादा नहीं मिलेगी।

5- चिंडी

हिमाचल प्रदेश की करसोग घाटी में एक बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है, चिंडी। इस हिल स्टेशन के बारे में बहुत कम लोगों को पता है। हिमालय के सुंदर-सुंदर बर्फ़ से ढंके पहाड़ों की ख़ूबसूरती देखने लायक़ है। ऐसे सुंदर नज़ारे देखकर आपका दिल बाग-बाग हो जाएगा। चिंडी हिल स्टेशन में देखने लायक़ कई जगहें हैं। जिनमें चिंडी माता मंदिर, ममलेश्वर मंदिर, कामाक्षी मंदिर और शिकारी मंदिर शामिल हैं। सर्दियों में यहाँ बहुत ज़्यादा ठंड पड़ती है और गर्मियों में भी मौसम सुहावना रहता है।

6- भाबा पास

भाबा पास हिमाचल प्रदेश की सबसे सुंदर जगहों में से एक है। दिलचस्प बात ये है कि इस जगह के बारे में कम लोगों को ही पता है। भाबा पास को भाभा पास के नाम से जाना जाता है। भाबा पास हिमाचल प्रदेश में किन्नौर ज़िले के बॉर्डर और लाहौल स्पीति के बॉर्डर पर स्थित है। यहाँ से एक बेहद खूबसूरत ट्रेक भी शुरू होता है जिसे पिन भाबा पास के नाम से भी जाना जाता है। यहाँ से आपको हिमालय की सबसे सुंदर चोटियों के नज़ारे देखने को मिलेंगे। ऐसे सुंदर नज़ारे शायद ही पहले आपने कभी देखे होंगे।

7- चुड़धार

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में शिवालिक पर्वत की सबसे ऊँची चोटी को चुड़धार के नाम से जाना जाता है। चुड़धार समुद्र तल से 11,965 फ़ीट की ऊँचाई पर स्थित है। यहाँ से आपको केदारनाथ और बद्रीनाथ की चोटियाँ देखने को मिलती हैं। इस चोटी तक पहुँचने के लिए आपको एक रोमांच से भरा ट्रेक करना पड़ेगा। चुड़धार की चोटी से दिखने वाला नजारा आप ज़िंदगी भर नहीं भूल पाएँगे। चुड़धार हिमाचल प्रदेश की ऑफ़बीट जगहों में आता है। आपको एक बार इस जगह की यात्रा तो करनी ही चाहिए।

क्या आपने हिमाचल प्रदेश की इन अनछुई जगहों की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

Further Reads