शिमला-मनाली की भीड़ से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश की इन जगहों पर जाने का बनाएँ प्लान

Tripoto
Photo of शिमला-मनाली की भीड़ से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश की इन जगहों पर जाने का बनाएँ प्लान by Rishabh Dev

हिमाचल प्रदेश पर्यटकों के लिए एक बेहद शानदार स्थल है। बड़ी संख्या में सैलानी यहाँ जाते हैं। गर्मियाँ शुरू होते ही सैलानी बड़ी संख्या में शिमला और मनाली पहुँच रहे हैं। मनाली की एक फ़ोटो भी वायरल हुई है जिसमें एक सड़क किसी बड़े शहर जैसी भारी भरकम भीड़ दिखाई दे रही है। भीड़ के चलते सैलानियों को काफ़ी परेशानी हो रही है। अगर आप हाल ही में शिमला और मनाली का प्लान बना रहे हैं तो इस भीड़ का ध्यान रखिए। वैसे आप शिमला और मनाली को छोड़कर हिमाचल प्रदेश की दूसरी शानदार जगहों पर जा सकते हैं। हिमाचल की ये खूबसूरत जगहें भीड़ से कोसो दूर हैं।

1- शोघी

हिमाचल प्रदेश का शोघी कस्बा अनोखी ख़ूबसूरती का एक शानदार उदाहरण है। शिमला से मात्र 13 किमी. दूर स्थित ये छोटा-सा हिल स्टेशन अपनी सुंदरता के लिए काफ़ी फ़ेमस है। यहाँ आपको हर कदम पर मंदिर ही मंदिर दिखाई देंगे इसलिए शोघी को सिटी ऑफ टेंपल भी कहा जाता है। इस जगह पर आकर आप शिमला और मनाली को भूल जाएँगे। यहाँ आप भीड़ और शो शराबा की जगह पर सुकून और शांति का एहसास होगा। शोघी में पहाड़ों के खूबसूरत नज़ारे और जंगल हैं जो इस जगह के लिए सैलानियों के लिए जन्नत जैसा अनुभव देते हैं। आपको इस समय शोघी जाने का प्लान बनाना चाहिए।

2- नारकंडा

नारकंडा हिमाचल प्रदेश की एक और शानदार जगह है। शिमला से नारकंडा की दूरी लगभग 60 किमी. है। इस जगह पर आपको लोगों की भीड़ नहीं मिलेगी। यहाँ पर आपको सुकून और शांति का एहसास होगा। नारकंडा से आपको बर्फ़ से ढँके पहाड़ों का बेहद दर्शनीय नजारा देखने को मिलेगा। सैलानियों के लिए नारकंडा एकदम शानदार जगह है। यहाँ आप हाइकिंग, ट्रेकिंग और कैंपिंग का मज़ा ले सकते हैं। नारकंडा घूमने वालों के लिए एकदम शानदार जगह है।

3. बिर बिलिंग

बिर बिलिंग हिमाचल प्रदेश की एक बेहद खूबसूरत जगह है। हरे-भरे पहाड़ों के बीच स्थित बिर बिलिंग भारत के सबसे शानदार पैराग्लाइडिंह स्पॉट्स में से एक है। हिमाचल प्रदेश के काँगड़ा ज़िले में स्थित बिर बिलिंग में कई सारी मोनेस्ट्रीज, मंदिर और वाटरफॉल हैं। यहाँ आप रोमांचक अनुभव के साथ शानदार दृश्यों का लुत्फ़ उठा सकते हैं। बिर बिलिंग में पैराग्लाइडिंग करने के लिए दुनिया भर से पर्यटक आते हैं लेकिन यहाँ शिमला और मनाली की तरह जाम जैसी भीड़ नहीं मिलती है।

4. कल्पा

अगर आप हिमाचल प्रदेश की सबसे सुंदर जगहों पर जाना चाहते हैं तो किन्नौर ज़िले में स्थित कल्पा उन्हीं जगहों में से एक है। कल्पा से आपको किन्नर कैलाश पर्वत बिल्कुल ठीक सामने देखने को मिलेगा। कल्पा में एक बेहद प्राचीन मोनेस्ट्री और सुसाइड प्वाइंट भी है। अगर कल्पा में कुछ ना भी हो, तब भी ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। यहाँ आपको लोगों की भीड़ नाम मात्र की मिलेगी। कल्पा में होटल भी बजट में मिल जाएँगे। गर्मी में सर्दी का अनुभव लेना हो तो कल्पा ज़रूर जाना चाहिए। अच्छी बात ये है कि कल्पा तक पहुँचने की कनेक्टविटी एकदम बढ़िया है।

5. स्पीति वैली

हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी हिमाचल की नहीं भारत की सबसे सुंदर जगहों में से एक है। इसे ठंडे रेगिस्तान के नाम से भी जाना जाता है। स्पीति नाम का अर्थ है, मध्य भूमि। मध्य भूमि का अर्थ है, तिब्बत और भारत के बीच की भूमि। स्पीति घाटी में आप काजा, हिक्किम, लांगजा, ढंकर और ताबो जैसी शानदार जगहों को देख सकते हैं। घूमने के लिए तो ये जगह शानदार है ही इसके अलावा बाइकर्स के लिए ये जन्नत है। बड़ी संख्या में बाइकर्स हर साल स्पीति की यात्रा करते हैं। स्पीति हिमाचल के सबसे अंदरूनी इलाक़ों में से एक है। इस वजह से यहाँ आपको बहुत ज़्यादा भीड़ नहीं मिलेगी।

6. धर्मशाला

धर्मशाला को भारत का स्कॉटलैंड भी कहा जाता है। धर्मशाला से आपको बर्फ़ से ढँके पहाड़ों के सुंदर नज़ारे, शानदार घाटियाँ और चीड़ के जंगल देखने को मिलेंगे। अगर आप क्रिकेट प्रेमी है तो पहाड़ों से घिरा धर्मशाला का स्टेडियम आपके लिए एक उपहार की तरह है। धर्मशाला में आप त्रिउंड ट्रेक भी कर सकते हैं। इसके अलावा दलाई लामा मंदिर परिसर, ग्युतो मोनेस्ट्री और भाग्सु झरने को भी देख सकते हैं। धर्मशाला सुकून और शांति से कुछ दिन बिताने के लिए एकदम बढ़िया जगह है।

7. बरोट

हिमाचल प्रदेश में कई शानदार जगहें हैं जिनको एक्सप्लोर ज़रूर किया जाना चाहिए। जहां आप प्रकृति की सुंदरता ज़्यादा और लोग कम देखने को मिलेंगे। हिमाचल प्रदेश में ऐसी ही एक जगह है, बरोट। अह्ल नदी के किनारे स्थित बरोट खूबसूरत पहाड़ और जंगल से घिरा हुआ है। बरोट में आप राजगुंधा वैली को एक्सप्लोर कर सकते हैं। इसके अलावा रोमांच के लिए आप पलाचक और थमसर पास का ट्रेक भी कर सकते हैं। बरोट में आप देव पशकोट मंदिर और नारगु वाइल्डलाइफ़ सैंक्चुरी को देख सकते हैं। बरोट दोस्तों और परिवार के साथ घूमने के लिए एक अच्छी जगह है। अगली बार जब हिमाचल जाने का सोचें तो इस जगह को अपने प्लान में ज़रूर शामिल करें।

क्या आपने हिमाचल प्रदेश की इन जगहों की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

Further Reads