वियतनाम ट्रैवल गाइड: वियतनाम को 5 दिन में बजट में कैसे घूमें, पूरी जानकारी यहां मिलेगी

Tripoto
Photo of वियतनाम ट्रैवल गाइड: वियतनाम को 5 दिन में बजट में कैसे घूमें, पूरी जानकारी यहां मिलेगी by Rishabh Dev

अगर आपका विदेश घूमने का बड़ा मन है तो आप वियतनाम जैसे शानदार देश से घूमने की शुरूआत कर सकते हैं। वियतनाम को कम बजट में अच्छे से एक्सप्लोर किया जा सकता है। वियतनाम के कुदरती सुंदर नज़ारे, खूबसूरत समुद्र तट और चूना पत्थरों की गुफाएं देखने लायक़ हैं। इसके अलाव यहाँ का स्ट्रीट फ़ूड भी बेहद लज़ीज़ और शानदार है। वियतनाम एशिया के दक्षिणी हिस्से में स्थित एक खूबसूरत देश है। वियतनाम प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधताओं को एक अनोखा संगम है। वियतनाम ऐसा देश है जिसको एक बार में पूरी तरह से एक्सप्लोर करना लगभग नामुमकिन है। आपको इस जगह पर बार-बार आना पड़ेगा। वियतनाम को 5 दिन में कैसे एक्सप्लोर करें? किन जगहों को देखें, क्या खाएँ और कहां रूकें? ये सारी जानकारी हम आपको दे देते हैं जिससे आपको वियतनाम घूमने में कोई दिक़्क़त ना हो।

वीज़ा और फ़लाइट्स

Photo of वियतनाम ट्रैवल गाइड: वियतनाम को 5 दिन में बजट में कैसे घूमें, पूरी जानकारी यहां मिलेगी by Rishabh Dev

भारतीयों को वियतनाम जाने के लिए ऑन-अराइवल वीज़ा की सुविधा दी गई है। इसके अलावा आप ई-वीजा के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। इस बात का ख़ास ध्यान रखें कि आपको पास सभी ज़रूरी दस्तावेज होने चाहिए। भारतीय व्यक्ति को वियतनाम में अधिकतम 30 दिन तक रहने की अनुमति मिलती है। आपको नई दिल्ली से वियतनाम की राजधानी हनोई के लिए फ्लाइट्स आराम से मिल जाएगी। दिल्ली से वियतनाम पहुँचने में 4-5 घंटे का समय लगता है। फ्लाइट्स का किराया आपके दिन चुनने पर निर्भर करता है। यदि आप अपनी ट्रिप के कुछ महीने पहले टिकट करते हैं तो आपको टिकट सस्ती मिलेगी। इसके अलावा इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि किस सीज़न में आप वियतनाम जा रहे हैं।

दिन 1: हनोई

दिल्ली से हनोई लगभग 3000 किमी. की दूरी पर है। विमान से हनोई पहुँचने में लगभग 4-5 घंटे का समय लगता है। हनोई पहुँचने के बाद सबसे पहले आपको भारतीय मुद्रा को वियतनाम की करेंसी में बदलवाना पड़ेगा। वियतनाम की करेंसी वियतनाम डोंग है। वर्तमान में 1 भारतीय रुपया की क़ीमत 286.41 वियतनामी डोंग है। इस काम को पूरा करने के बाद आप किसी होटल या हॉस्टल में ठहरने के लिए निकल पड़िए। हनोई में आपको सस्ते महँगे हर प्रकार के होटल मिल जाएँगे। यदि आपको हनोई में होटल खोजने की जद्दोजहद से बचना है तो हॉस्टल में ठहरने का प्लान बनाइए। हनोई में आपको काफ़ी सस्ते हॉस्टल मिल जाएँगे।

हॉस्टल या होटल में सामान रखने के बाद हनोई को एक्सप्लोर करने के लिए निकल पड़िए। वैसे तो वियतनाम को घूमने का सबसे अच्छा तरीक़ा है कि खूब पैदल चलिए। इसके अलावा एक जगह से दूसरी जगह पर जाने के लिए आप मोटर बाइक टैक्सी और Xe om का इस्तेमाल कर सकते हैं। हनोई लाल नदी के किनारे बसा 5 हज़ार साल पुराना शहर है। यहाँ पर आप पहले दिन हो ची मिन्ह समाधि, वेस्ट लेक, होन कीम झील और होआ लो जेल देख सकते हैं। इन जगहों को देखने में ही पूरा दिन निकल जाएगा।

क्या खाएँ?

वियतनाम को घूमते हुए आपको यहाँ का स्थानीय भोजन का स्वाद ज़रूर लेना चाहिए। हनोई में घूमते हुए आपको फो( वियतनामी नूडल सूप) का स्वाद ज़रूर लेना चाहिए। फो आपको हनोई के लगभग हर रेस्टोरेंट में मिल जाएगा। इसके अलावा आप हनोई में बान्ह कुओन( राइस नूडल रोल), बुन चा, चा का और बुन रिइयू जैसी डिश का ज़ायक़ा ले सकते हैं।

दिन 2: हालोंग बे

अगले दिन आप हनोई से हालोंग बे के लिए निकल पड़िए। हनोई से हालोंग बे की दूरी लगभग 163 किमी. है। आप हनोई से हालोंग वाया रोड बस और कार से जा सकते हैं। इसके अलावा हनोई से हालोंग बे के लिए एक ट्रेन भी चलती है। हालोंग की खाड़ी यूनेस्को की एक विश्व धरोहर स्थल है। वियतनाम के क्वैंग नन्ह प्रान्त में स्थित हालोंग बे वियतनाम की सबसे लोकप्रिय जगहों में से एक है। हालोंग की खाड़ी की सबसे लोकप्रिय गतिविधि है, क्रूज़ की यात्रा करना। क्रूज़ से आप चूना के पत्थरों की संरचनाओं, प्राकृतिक गुफाएँ और तैरते हुए गाँव देख पाएँगे। यहाँ पर आप स्विमिंग और कायाकिंग जैसी एक्टीविटीज भी कर सकते हैं। प्रकृति प्रेमियों के लिए हालोंग बे एक शानदार और आनंददायक जगह है।

खाना

यदि आपको वाक़ई में वियतनामी खाना खाने का मन है तो आपके लिए हालोंग बे एक शानदार जगह है। यहां आपको कई तरह के दक्षिण-एशियाई डिश मिल जाएंगी। बन बाओ (पकौड़ी की तरह भरी हुई रोटी), खोई ताई करी (चिकन करी का एक मीठा वर्जन), सीए सॉट (पोच्ड टाइगरफिश) और सीए चिएन (बासा फिश फ्राई) यहां आपको आराम से मिल जाएगा। अगर आपका मन भारतीय खाना खाने का है तो आपको कुछ भारतीय रेस्टोरेंट भी मिल जाएँगे। हालोंग की खाड़ी को देखने के बाद उसी दिन हनोई लौट आइए। हालोंग बे से हनोई पहुँचने में 3-4 घंटे का समय लगेगा।

दिन 3: मै चाउ

वियतनाम की राजधानी हनोई से अगले दिन सुबह-सुबह मै चाउ के लिए निकल पड़िए। मै चाउ हनोई से लगभग 135 किमी. की दूरी पर है। हनोई से मै चाउ के लिए कई बसें चलती हैं जिनसे आप 3-4 घंटे में मै चाउ पहुँच जाएँगे। मै चाउ वियतनाम का एक छोटा-सा क़स्बा है जो कई पुराने गाँवों से घिरा हुआ है। इस जगह का जो मुख्य आकर्षण है यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता है। मै चाउ के चारों तरफ़ हरे-भरे पहाड़ और जंगल हैं, जिनको देखकर आपका दिल खुश हो उठेगा।

यदि आपको वियतनाम की कुदरती सुंदरता देखना हो और यहाँ की संस्कृति को समझना हो तो आपको मै चाउ जाना चाहिए। यहाँ पर आपको ठहरने के लिए कई सारी जगहें मिल जाएँगी। यहाँ पर कई सारे हट, होटल और होमस्टे हैं जिनमें आप ठहर सकते हैं। मैं चाउ में रहते हुए आप यहाँ के स्थानीय चावल का स्वाद भी ज़रूर लें। मैं चाउ में आपको वियतनाम के स्थानीय लोगों के साथ रहने का मौक़ा मिलेगा।

दिन 4: सापा

वियतनाम यात्रा के चौथे दिन आपको मै चाउ से सापा के लिए निकलना होगा। मै चाउ से सापा लगभग 373 किमी. की दूरी पर है। मै चाउ से सापा के लिए कई बसें चलती हैं। सापा पहुँचने में 14-15 घंटे का समय लगता है। सापा वियतनाम का एक शानदार स्थल है। इस जगह को बादलों का स्वर्ग भी कहा जाता है। आप सापा में चावल के खेतों में हाइक सकते हैं। ये उत्तर-पश्चिमी वियतनाम में चीनी सीमा के पास में स्थित है। इसे टोंकिनीज आल्प्स के नाम से भी जाना जाता है।

यदि आप वियतनाम में एडवेंचर की खोज में हैं तो सापा एकदम परफ़ेक्ट जगह है। सापा में आप सबसे ऊँची चोटी फांसिपान का ट्रेक कर सकते हैं। सापा में ट्रेकिंग के दौरान दी बेक वाटरफ़ॉल, हैम रॉन्ग माउंटैन, रतन ब्रिज, बंबू फ़ॉरेस्ट और ता फिन गुफा को ज़रूर देखें। इसके अलावा सापा में किट कैट गाँव, सापा लेक, मुआंग होआ वैली और सापा संग्रहालय को देख सकते हैं। इसके बाद सापा से हनोई के लिए निकल पड़िए और रात हनोई में ही गुज़ारिए।

दिन 5: निन्ह बिन्ह

वियतनाम में घूमने के लिए कई जगहें हैं और निन्ह बिन्ह निश्चित रूप से उनमें से एक है। इस जगह को देखे बिना आपकी यात्रा अधूरी रहेगी। यहां आपको घाटियां, गुफाएं और चूना पत्थर के पहाड़ मिलेंगे। आप गुफाओं के माध्यम से वियतनाम के आश्चर्यजनक दृश्यों को देख सकते हैं। वियतनाम यात्रा के आख़िरी दिन हनोई से सुबह-सुबह एक नई जगह के लिए निकल पड़िए, निन्ह बिन्ह। निन्ह बिन्ह हनोई से लगभग 95 किमी. की दूरी पर है। हनोई से निन्ह बिन्ह के लिए टैक्सी, बस और ट्रेन चलती हैं। हनोई से निन्ह बिन्ह पहुँचने में 2-3 घंटे का समय लगेगा। निन्ह बिन्ह वियतनाम का एक छोटा-सा शहर है जो लाल नदी के किनारे बसा है।

निन्ह बिन्ह में आप क्रूज़ की यात्रा कर सकते हैं। इसके अलावा आप बीच डोंग पगोडा मंदिर के लिए ट्रेकिंग पर जा सकते हैं। ये निन्ह बिन्ह की सबसे लोकप्रिय और अच्छी जगहों में से एक है। यहाँ पर प्राचीन गाँव होओ लो, हांग मुआ और कुक फुओंग नेशनल पार्क की सैर करने के लिए जा सकते हैं। इसके अलावा निन्ह बिन्ह में आप कई सारी स्थानीय डिशों का ज़ायक़ा ले सकते हैं। यहाँ आप कोम चेय और दे ताई चान्ह को स्वाद ज़रूर लें। निन्ह बिन्ह को एक्सप्लोर करने के बाद वापस हनोई लौट आइए। हनोई पहुँचने के बाद कुछ देर यहाँ घूमिए और फिर फ़्लाइट लेकर हिन्दुस्तान के लिए निकल पड़िए। इस तरह से आपकी 5 दिन की यात्रा पूरी हुई।

कब जाएँ?

वियतनाम वैसे तो आप कभी भी जा सकते हैं लेकिन इस बात का आपको ध्यान रखना होगा कि वियतनाम का मौसम क्षेत्रवार बदलता रहता है। हनोई उत्तरी वियतनाम में आता है। उत्तरी वियतनाम में मई से अक्टूबर का मौसम गर्म और बारिश वााला रहता है और नवंबर से अप्रैल का मौसम ठंडा रहता है। नॉर्थ वियतनाम को एक्सप्लोर करने के लिए सबसे अच्छा समय दिसंबर से मार्च का माना जाता है। आपको इस दौरान वियतनाम घूमने का प्लान बनाना चाहिए।

ध्यान देने वालीं बातें:

सभी पर्यटकों को हमेशा अपने साथ पासपोर्ट और वीज़ा रखना होगा।

वियतनाम की यात्रा में ट्रेवल इंश्योरेंस ज़रूर करवाएँ।

अपने साथ रेन कवर, पानी की बोतल, टोपी और गर्म कपड़े साथ में रखें।

स्वादिष्ट भोजन और अद्भुत दृश्यों के लिए वियतनाम की यात्रा का प्लान जल्द से जल्द बनाएँ और इस अद्भुत देश की सुंदरता का आनंद लें।

क्या आपने कभी वियतनाम की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

Further Reads