नदी किनारे बसे 5 खूबसूरत शहर जहाँ आप नैसर्गिक सौंदर्य से आत्मसात हो सकते हैं

Tripoto
Photo of नदी किनारे बसे 5 खूबसूरत शहर जहाँ आप नैसर्गिक सौंदर्य से आत्मसात हो सकते हैं by Rishabh Dev

हमारी जिंदगी मशीन न बन जाए इसलिए लोग नई-नई जगहों पर घूमने जाते हैं। अपनी जिंदगी को खूबसूरत बनाने के लिए घुमक्कड़ी सबसे अच्छा तरीका है। हर कोई चाहता है कि वो घूमते हुए किसी नदी किनारे बैठे और पानी में पैर डालकर सामने के नजारे को देखे। ऐसा करने के लिए आजाद पंक्षी बनना पड़ता है। भारत में कई खूबसूरत शहर हैं जो नदी किनारे बसे हैं। ये नदियां ही इस जगह को सुंदर और लोकप्रिय बनाती हैं। नदी किनारे बसे इन शहरों की एक बार यात्रा तो करनी ही चाहिए।

1- देवप्रयाग

उत्तराखंड में स्थित देवप्रयाग एक तीर्थनगरी है। समुद्र तल से 1500 फीट की ऊंचाई पर स्थित देवप्रयाग उत्तराखंड के 5 प्रयागों में से एक है। यहाँ का सबसे मनोरम दृश्य भागीरथी और अलकनंदा का संगम है। इन दोनों के मिलने से ही गंगा नदी बनती है। गंगा नदी के किनारे बसे इस शहर में कई प्रसिद्ध मंदिर हैं जिनको देखा जा सकता है। पहाड़ों से घिरे इस शांत और सुंदर शहर को देखे बिना उत्तराखंड की घुमक्कड़ी अधूरी है।

कैसे पहुँचे: सबसे निकटतम रेलवे स्टेशन ऋषिकेश और देहरादून हैं। वहीं नजदीकी एयरपोर्ट देहरादून का जॉली ग्रांट हवाई अड्डा है।

2- आगरा

ताजनगरी आगरा भारत के ही नहीं दुनिया के सबसे मशहूर शहरों में से एक है। यमुना किनारे स्थित इस शहर की यात्रा हर कोई करना चाहता है। यमुना भारत की सबसे लंबी नदियों में से एक है। ताजमहल के पीछे से गुजरती इस नदी में ताजमहल का अक्श दिखाई देता है जो बेहद सुंदर होता है। आगरा के पास में ही फतेहपुर सीकरी है जिसको आप एक्सप्लोर कर सकते हैं। यमुना किनारे बसे इस आगरा में कई आगरा हैं जिनके बारे में आपको इस शहर में घूमते हुए पता चलेगा।

कैसे पहुँचे: सबसे निकटतम एयरपोर्ट लखनऊ में है और नजदीकी रेलवे स्टेशन आगरा जंक्शन और आगरा कैंट है।

3- महेश्वर

महेश्वर मध्य प्रदेश की उन जगहों में से एक हैं जिनके बारे में कम लोगों को पता है। नर्मदा किनारे बसे महेश्वर को मध्य प्रदेश का बनारस भी कहा जाता है। नदी किनारे बने घाट को देखकर लगता है कि वाराणसी को उठाकर यहाँ रख दिया हो। इस ऐतिहासिक शहर में देखने और जानने को बहुत कुछ है क्योंकि कम लोगों की बकेट लिस्ट में महेश्वर होता है। नर्मदा किनारे बसा महेश्वर आपकी घुमक्कड़ी की लिस्ट में है?

कैसे पहुँचे: सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन मरवाहा जंक्शन है और नजदीकी हवाई अड्डा इंदौर एयरपोर्ट है।

4- कोलकाता

अपनी कला और संस्कृति के लिए फेमस कोलकाता भारत के सबसे आधुनिक शहरों में से एक है। कोलकाता के हावड़ा ब्रिज के बारे में हर कोई जानता है। इस ब्रिज के नीचे से गुजरती है हुगली नदी। हुगली नदी कोलकाता को और भी खूबसूरत बना देती है। कोलकाता की मेट्रो से लेकर यहाँ के म्यूजियम को आपको देखना चाहिए। इस शहर में घूमते हुए आप इस जगह के बारे में समझ पाएंगे।

कैसे पहुँचे: सबसे निकटतम रेलवे स्टेशन हावड़ा है और नजदीकी हवाई अड्डा नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट है।

5- वाराणसी

बनारस को अक्खड़बाजों का शहर कहा जाता है। गंगा किनारे बसे इस शहर की बात ही निराली है। यहाँ मुर्दे भी शान से जलते हैं। बनारस को 1-2 दिन में घूमा तो जा सकता है लेकिन जब तक यहाँ कुछ दिन रहेंगे नहीं, मजा नहीं आएगा। काशी के घाट से लेकर मणिकर्णिका की पैदल यात्रा आपको गंगा के कई रूप दिखाएगी। आप नाव से गंगा किनारे के जीवन को देख सकते हैं। बनारस के घाट आपको कभी खाली नहीं मिलेंगे। दुनिया का सबसे प्राचीन शहर बनारस अपने आप में एक दुनिया है।

कैसे पहुँचे: सबसे निकटतम रेलवे स्टेशन वाराणसी और बनारस जंक्शन हैं। नजदीकी एयरपोर्ट बाबतपुर हवाई अड्डा है।

क्या आपने नदी किनारे बसे इन शहरों की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।

रोज़ाना Telegram पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।

Further Reads