
दोस्तों, हमारे देश में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। इस दिन को भारत में बहुत खास माना जाता है, क्योंकि भारत के राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी का जन्म हुआ था। सभी लोग गांधी जी को अपना आदर्श मानते हैं, इसलिए आज तक 2 अक्टूबर को बहुत धूम धाम से मनाया जाता हैं। इस बार अगर आप भी 2 अक्टूबर को खास बनाना चाहते हैं तो आपको एक बार दिल्ली की इन जगहों पर जरूर जाना चाहिए। दिल्ली के इन जगहों पर आज भी महात्मा गांधी से जुड़ी सभी चीजों को संभाल कर रखा गया है। गांधी जयंती पर आपको बच्चों के साथ एक बार यहाँ जरूर आना चाहिए। इन जगहों पर जाकर आपको गांधी जी को करीब से जानने का मौका मिलेगा। क्योंकि ये वो जगहें हैं जहाँ महात्मा गांधी ने कभी समय बिताया था। इसलिए आज इस आर्टिकल में हम आपको दिल्ली की कुछ खास जगहों के बारे में जानकारी देने वाले हैं, जहाँ जाकर आप बापू के बारे में जान सकते हैं। तो आइए जानते हैं वो बेहतरीन जगहें कौन सी हैं।
1. महर्षि वाल्मीकि मंदिर (बापू आवास)

दिल्ली के इस मंदिर के बारे में बहुत कम लोग ही जानते होंगे। दिल्ली के वाल्मीकि मंदिर परिसर के एक कमरे में महात्मा गांधी रुके थे। वैसे तो इस बात को लगभग 72 साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी उनसे जुड़ी यादों को इस जगह पर उसी तरह संजो कर रखा गया है। उनका चरखा, मेज, लकड़ी से बना कलम स्टैंड, आसन और बिस्तर वैसा ही रखा हुआ है जैसा बापू ने इसका इस्तेमाल किया था। महर्षि वाल्मीकि मंदिर में बाईं तरफ गांधीजी का कमरा है। बापू, अप्रैल 1946 से जून 1947 के बीच 214 दिन यहां ठहरे थे। इस गांधी जयंती पर आपको एक बार यहाँ जरूर जाना चाहिए। यहाँ पर महात्मा गांधी के अलावा कई अन्य क्रान्तिकारियों और कई महान लोगों की तस्वीरे और किताबें भी मौजूद हैं।
2. गांधी संग्रहालय

गांधी म्यूजियम नई दिल्ली में स्थित एक संग्रहालय है। यह महात्मा गांधी के जीवन और सिद्धांतों को प्रदर्शित करता है। गांधी संग्रहालय में आकर आप भी गांधी जी की वस्तुओं को करीब से देख सकते हैं। क्योंकि यहाँ उनसे जुड़ी सभी वस्तुओं को बहुत संभाल कर रखा गया है। इस जगह पर आपको गांधी जी से जुड़ी हुई चीजें, फोटोग्राफ, पुराने अखबार, किताबें आदि देखने को मिल जायेंगे। अगर आप 2 अक्टूबर को यहाँ जाते हैं तो यहाँ पर खास कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। यहाँ जाने के लिए आपको जूते-चप्पल बाहर ही निकालने होंगे। क्योंकि अंदर जूते-चप्पल पहन कर नहीं जाते हैं। यह संग्रहालय सुबह 10 बजे से शाम 5:30 तक खुला रहता है।
3. गांधी स्मृति (बिड़ला हाउस)

दोस्तों, गांधी स्मृति, दिल्ली में स्थित एक संग्रहालय है जिसे पहले बिड़ला हाउस या बिरला भवन के रूप में जाना जाता था। यह संग्रहालय नई दिल्ली, में टीस जनवरी रोड पर स्थित है। जो कि महात्मा गांधी को समर्पित है। आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि यह वो स्थल है जहाँ पर महात्मा गांधी जी ने अपने जीवन के अंतिम 144 दिन व्यतीत किए थे। अगर आपको गांधी जी के बारे में कुछ भी जानना है, तो यह जगह आपके लिए बेस्ट है। अगर आप यहाँ जाते हैं तो गांधी जी से जुड़ा एक शो भी वहाँ दिखाया जाता है, जिसे देखकर आप गांधी जी के बारे में और भी विस्तार से जान पाएंगे। यहाँ आप सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जा सकते हैं।
4. राजघाट

बापू का समाधि स्थल हैं, राजघाट। राजघाट के परिचय के लिए किसी भी तरह की भूमिका की जरूरत नहीं है। यह महात्मा गांधी का समाधि स्थल है जिसे 31 जनवरी ,1948 को उनकी अंत्येष्टि के बाद बनाया गया था। महात्मा गांधी का स्मारक होने साथ ही राजघाट गांधी जी के शानदार जीवन को भी प्रस्तुत करता है। गांधीजी के दर्शन को राजघाट स्थित गांधी स्मारक संग्रहालय में चित्र, मूर्तिकला और तस्वीरों के माध्यम से पेश किया गया है। यहाँ पर उनके जीवन को और सर्वोदय आंदोलन को भी फिल्म के माध्यम से दिखाया जाता है। आप यहाँ महात्मा गांधी की समाधि देखने अलावा पार्क में लगें फूल पौधे भी देख सकते हैं। यहाँ इतनी शांति रहती है। कि मन को बहुत सुकून मिलता हैं अगर आप राज घाट की यात्रा करते हैं तो यहाँ प्रवेश करने से पहले अपने जूते को उतारना अनिवार्य होता है।
5. कस्तूरबा कुटीर

दोस्तों, कस्तूरबा कुटीर भी ऐसी जगह है, जहाँ जानें पर आपको महात्मा गांधी से जुड़ी हुई कई चीजें देखने को मिलेंगी। कस्तूरबा कुटीर को लोग किंग्सवे कैंप से भी जानते हैं, यह एक छोटा सा म्यूजियम है। इस जगह पर पहले गांधी जी अपनी पत्नी कस्तूरबा गांधी और पुत्र देवदास के साथ रहते थे। अगर आपको गांधी जी के जीवन को करीब से महसूस करना हो तो एक बार यहाँ ज़रूर जाएं।
क्या आपने हाल ही में कोई यात्रा की हैं अगर हाँ, तो अपनी यात्रा के अनुभव को हमारे साथ शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।
रोज़ाना टेलीग्राम पर यात्रा की प्रेरणा के लिए यहाँ क्लिक करें।