कुछ ही दिनों में साल 2023 की विदाई होने वाली है और उम्मीद है कि नया वर्ष 2024 हम सभी की जिंदगी में कहीं अधिक खुशहाली लेकर आएगा। अब 2024 ज्यादा दूर नहीं है और हम में से कई लोगों ने इससे जुड़े प्लान भी बना शुरू कर दिए होंगे। अब बात अगर प्लानिंग की हो और 2024 में घूमने के लिए नई और शानदार जगहों के बारे में प्लानिंग ना हो ऐसा तो ही नहीं सकता। तो अगर आपने उसी प्लानिंग के चलते इंटरनेट पर खूबसूरत जगहों के बारे में खोजना शुरू कर दिया है तो आज का हमारा ये लेख आपके बहुत काम आने वाला है। इस आर्टिकल में हम आपको 2024 में जाने के लिए 10 बेहतरीन जगहों के बारे में बताने वाले हैं। चलिए शुरू करते हैं...
1) कूर्ग, कर्नाटक
दक्षिण भारत के कर्नाटक राज्य में स्थित कूर्ग अपने खूबसूरत पर्यटन स्थलों और यहाँ की सुन्दर वादियों के लिए जाना जाता है। अगर आप प्रकृति प्रेमी है तो कूर्ग जैसा शानदार प्राकृतिक खूबसूरती से भरा हिल स्टेशन आपको जन्नत जैसा एहसास करवाने वाला है। यहाँ घने जंगल, धुंध की चादर ओढ़े हरी-भरी पहाड़ियां, झरनें, चाय और कॉफ़ी के बागान, पहाड़ी चोटियां, नेचर ट्रेल्स 2024 में प्रकृति की वास्तविक खूबसूरती के एहसास करवाने के लिए आपका इंतज़ार कर रहे हैं। इसीलिए अगर आप हरियाली और अन्य प्राकृतिक खूबसूरती से घिरी किसी शांत जगह जाना चाहते हैं तो कूर्ग को अपनी 2024 की ट्रेवल लिस्ट में जरूर रखियेगा। कूर्ग का एबी फॉल्स, मंडलपट्टी व्यूपॉइंट, पुष्पगिरी वन्यजीव अभ्यारण्य, किंग्स चेयर के साथ घनी हरियाली से घिरे कई प्रकृति की सैर वाले ट्रेक और चाय और कॉफ़ी के बागान आपकी कूर्ग की यात्रा को हमेशा के लिए यादगार बना देंगे।
2) जयपुर, राजस्थान
हमारे देश के अद्भुत प्रदेश राजस्थान की राजधानी गुलाबी नगरी जयपुर की यात्रा अगर अभी तक आपने नहीं की है तो आपको 2024 में इसे अपनी ट्रेवल लिस्ट में जरूर रखना चाहिए। किसी हिल स्टेशन या फिर समुद्रतटीय पर्यटन स्थल से हटकर यहाँ आपको अनेकों ऐतिहासिक और सुन्दर वास्तुकला वाली इमारतों में घूमते हुए एक शानदार शाही अनुभव तो मिलता ही है साथ ही राजस्थानी संस्कृति और मेहमाननवाज़ी के साथ यहाँ के स्वादिष्ट भोजन का आनंद भी आप जीवन भर नहीं भूल पाएंगे, इसका विश्वास हम आपको जरूर दिलाना चाहेंगे। जयपुर में घूमने के लिए अनेकों लोकप्रिय पर्यटन स्थल जैसे जल-महल, हवा-महल, आमेर का किला, जंतर मंतर, सिटी पैलेस, नाहरगढ़ का किला के साथ कुछ अन्य शानदार पर कम लोकप्रिय पर्यटन स्थल जैसे पन्ना मीना कुंड, सिसोदिया रानी का बाग़, गलता जी, विद्याधर का बाग़ भी आप देख सकते हैं।
3) जम्मू-कश्मीर
अगर अभी तक आप कश्मीर घूमने नहीं जा पाए हैं तो 2024 में यहाँ घूमने का प्लान जरूर बनायें। कश्मीर के लिए ऐसे ही नहीं कहा जाता कि 'अगर इस धरती पर कहीं स्वर्ग है तो यहीं है', यह बात आप जब भी कश्मीर की यात्रा करेंगे तब आपको आसानी से समझ आ जाएगी। प्रकृति ने इस खूबसूरत धरती की रचना करते समय कश्मीर को बेहद खास तरीके से बनाया है जहाँ आपको हर तरफ मन मोह लेने वाले नज़ारे ही देखने को मिलेंगे। कश्मीर में गुलमर्ग, सोनमर्ग, श्रीनगर, पहलगाम ये सभी अपनी एक अलग ही प्राकृतिक संरचना के लिए जाने जाते हैं और सभी जगह की प्राकृतिक सुंदरता आपको अपना दीवाना बना लेगी। यहाँ की यात्रा में अपनी सारी परेशानियां भूलकर आपको यह बार-बार एहसास जरूर होगा कि आखिर भगवान् ने इस धरती को कितना खूबसूरत बनाया है।
4) सिक्किम
पहाड़ों से प्यार करने वालों से पूछकर अगर उनकी पसंद की जगहों की लिस्ट बनाई जाये तो उसमें सिक्किम का नाम जरूर होगा। हमारे देश भारत में पूर्वोत्तर में बसा यह छोटा-सा प्रदेश चीन, भूटान और नेपाल की सीमाओं से भी लगा है और इसी वजह से यहाँ आपको एक अनूठी संस्कृति भी देखने को मिलेगी। भारत में दूसरा सबसे छोटा राज्य होने के बावजूद यहाँ सुकून चाहने वाले और प्रकृति के खूबसूरती के दीवाने लोग पूरे साल खींचे चले जाते हैं। बर्फ से ढके हिमालय के पहाड़ों की ख़ूबसूरती और उनके बीच कई सुन्दर झीलों के साथ सिक्किम में आप चारों ओर घनी हरियाली और बहती हुई अनेक सुन्दर नदियां भी देख सकते हैं। सिक्किम की खूबसूरती के दीवाने सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि विदेशो में भी मिल जायेंगे और अगर आपको भी बर्फ की चादर से ढके पहाड़ों के बीच सुकून से कुछ समय बिताना है तो 2024 की अपनी ट्रेवल लिस्ट में सिक्किम को जरूर शामिल करें।
यहाँ घूमने लायक पर्यटन स्थलों में वैसे तो राजधानी गंगटोक में भी काफी कुछ है लेकिन इसके अलावा भी अनेक पर्यटन स्थल जैसे नाथू ला दर्रा, लाचुंग गाँव, फूलों की घाटी (यमथांग घाटी), त्सोंगमो (चांगू) लेक, सेवन सिस्टर्स वाटर फॉल्स आदि भी देखने आप जरूर जाएँ।
5) मुन्नार, केरल
हिमालय के ऊँचे-ऊँचे पर्वतों से हटकर चाय के बागानों वाले सुदंर आकृति के वाले मुन्नार के पहाड़ पहली झलक में ही आपके मन में बस जायेंगे। अपने चाय के बागानों के लिए फेमस मुन्नार के बारे में आपको बता दें कि मुन्नार में स्थित कोलुक्कुमलाई के चाय बागान दुनिया में सबसे ऊंचे माने जाते हैं। चाय के बेहद सुन्दर दिखने वाले बागानों के साथ यहाँ आपको झीलें, नेशनल पार्क, झरनें, रोज गार्डन, आदि भी देखने को मिलते हैं। यहाँ दिखने वाली प्राकृतिक ख़ूबसूरती को शब्दों में नहीं बताया जा सकता लेकिन यकीन मानिये अपने पार्टनर के साथ सुकून से कुछ समय बिताने के लिए मुन्नार देश की सबसे बेस्ट जगहों में से एक है।
यहाँ घूमने के लिए आप कोलुक्कुमलाई के चाय बागान, टी म्यूजियम, एराविकुलम नेशनल पार्क,अट्टुकड़ झरना, इको पॉइंट, टॉप स्टेशन वगैरह जा सकते हैं।
6) कच्छ, गुजरात
अगर आप 2024 की शुरूआत में कहीं जाने का प्लान कर रहे हैं तो कच्छ के रण की यात्रा आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प रहेगा। 'ग्रेट रण ऑफ़ कच्छ' के नाम से जाना जाने वाला यह रण भारत के पश्चिमी राज्य गुजरात के कच्छ जिले में मौजूद नमक का एक विशाल दलदल जैसा क्षेत्र है जो कि थार रेगिस्तान में स्थित है और दुनिया के सबसे बड़े नमक के भंडारों में से एक है। सफ़ेद रेगिस्तान में कैंपिंग करना और अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच गुजरात के पारम्परिक भोजन (कच्छी व्यंजन) का आनंद लेना अपने आप में एक बेहद सुन्दर अनुभव होता है। साथ ही इतने विशाल सफ़ेद रेगिस्तान में पूर्णिमा के चाँद का नज़ारा वास्तव में होश उड़ा देने वाला होता है।
यहाँ घूमने के लिए रण ऑफ़ कच्छ के अलावा भी कच्छ संग्रहालय, विजय विलास पैलेस, आइना महल, धोलावीरा, रेगिस्तानी वन्यजीव अभयारण्य जैसे अनेक लोकप्रिय पर्यटन स्थल हैं।
7) अरुणाचल प्रदेश
हालाँकि अरुणाचल प्रदेश हमारे देश में पर्यटकों द्वारा बेहद कम एक्स्प्लोर किया गया है लेकिन क्या आपको पता है कि यह शांति और सुकून से भरा प्रदेश हमारे देश के सबसे खूबसूरत प्रदेशों में से एक है। सिक्किम की तरह अरुणाचल प्रदेश में तीन देशों- भूटान, तिब्बत(चीन) और म्यांमार से घिरा है जो बात भी इसे अपने आप में खास बनाती है लेकिन प्राकृतिक तौर पर भी यहाँ के खूबसूरत पहाड़, सुन्दर झीलें, दर्रे, और बर्फ और ढूंढ से घिरी ऊँची-ऊँची पर्वत चोटियां आपका बेसब्री से इंतज़ार कर रही हैं। इनके अलावा भी अरुणाचल प्रदेश कई सुन्दर और पौराणिक मठों के लिए भी जाना जाता है। यह एक ऐसा अद्भुत प्रदेश है जहाँ समुद्रतल से 7000 मीटर ऊँची जगह के साथ समुद्रतल से सिर्फ 300 मीटर ऊँची जगह भी मौजूद है।
यहाँ घूमने के लिए शानदार पर्यटन स्थलों की बात करें तो आप जीरो वैली, गोरीचेन पीक, तवांग, रोइंग, नमदाफा राष्ट्रीय उद्यान, ईटानगर आदि घूमना बिलकुल मिस ना करें।
8) बनारस, उत्तरप्रदेश
अपने मन को वास्तविक सुकून और जीवन से जुड़े परम ज्ञान को पाने या फिर खुद को तराशने का मन हो तो आपको 2024 में उत्तरप्रदेश में स्थित काशी (बनारस) की यात्रा अवश्य करनी चाहिए। काशी में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और इसके अलावा यहाँ की छोटी-छोटी गलियों से निकलते हुए जब आप गंगा घाट पर गंगा आरती का नज़ारा देखते हैं तो यकीन मानिये यह आपके मन को वो सुकून देगा जिसके लिए हम हमेशा तलाश में रहते हैं। बनारस की बात ही अलग है चाहे वो यहाँ गंगा नदी से सूर्योदय का सुन्दर नज़ारा हो या फिर यहाँ की हवा में मौजूद वो भीनी-भीनी महक और चन्दन की खुशबू हो, वो आपको भोले बाबा के बेहद करीब होने का एहसास जरूर करवा देगी।
यहाँ के मुख्य पर्यटन स्थल की बात करें तो काशी विश्वनाथ के दर्शनों के अलावा अनेकों गंगा घाट और उन पर की जाने वाली गंगा आरती, सारनाथ, चुनार का किला, रामनगर का किला आदि देखने आप जरूर जाएँ।
9) वेस्टर्न घाट्स, महाराष्ट्र
2024 में खास तौर पर मानसून में घूमने के लिए महाराष्ट्र एक बेहतरीन विकल्प रहेगा। यहाँ के वेस्टर्न घाट्स अद्भुत खूबसूरती के लिए जाने जाते हैं। मानसून में चारों ओर घनी हरियाली से ढके अद्भुत आकार के ऊँचे-ऊँचे पहाड़ और उनसे गिरते अनिगनत सुन्दर झरनें आपको हमारे देश में मौजूद कुदरत की कुछ और शानदार रचनाओं से रूबरू करवाएंगे। महाराष्ट्र में कई बेहद ऊँचे झरनें, नदियां, झीलें और घनी हरियाली से घिरे किले तो आप देख ही सकते हैं साथ ही यहाँ ट्रैकिंग लवर्स के लिए अनेकों शानदार ट्रेक भी मौजूद हैं।
महाराष्ट्र में मानसून के समय वेस्टर्न घाट्स के घूमने लायक पर्यटन स्थलों में लोनावला, खंडाला, महाबलेश्वर, माथेरान, नानेघाट, मालशेज घाट, इगतपुरी, भंडारदरा आदि बेहद प्रसिद्द हैं जहाँ आप जा सकते हैं।
10) पिथौरागढ़, उत्तराखंड
हमारे देश में देवभूमि के तौर पर जाना जाने वाला उत्तराखंड राज्य वैसे तो पर्यटन की दुनिया में काफी लोकप्रिय है लेकिन फिर भी यहाँ कुछ खूबसूरत प्राकृतिक नज़ारे वाले पर्यटन स्थल अधिकतर पर्यटकों की नज़रों से अभी तक छिपे हुए हैं। उत्तराखंड के कश्मीर के तौर पर जाना जाने वाला पिथौरागढ़ ऐसी ही जगहों में से एक है जहाँ आपको बेहद अद्भुत प्राकृतिक नज़ारे देखने को मिलेंगे वो भी अधिक पर्यटकों की भीड़ के बिना। उत्तराखंड के कुमाऊं में स्थित पिथौरागढ़ अपनी अनेक पहाड़ी चोटियां और चारों ओर घनी हरियाली से ढकी पहाड़ियों के साथ सुकून से कुछ दिन सुकून से बिताने के लिए एक शानदार स्थान है।
यहाँ घूमने के लिए वैसे तो किसी खास जगह की जरुरत नहीं है क्योंकि हर तरफ आपको सुन्दर नज़ारे ही देखने को मिलेंगे लेकिन फिर भी यहाँ का मुनस्यारी, आदि कैलाश, पिथौरागढ़ किला, काफिनी ग्लेशियर, पाताल भुवनेश्वर आदि आप देखने जरूर जाएँ।
तो इसी के साथ आपकी 2024 की यात्राओं के लिए बेहतरीन जगहों को सुझाने की कोशिश हमने हमारे इस लेख में की है। अगर आपको ये जानकारी अच्छी लगी तो इस आर्टिकल को लाइक जरूर करें और साथ ही ऐसी अन्य जानकारियों के लिए आप हमें फॉलो भी कर सकते हैं।
साथ ही अगर आप ऐसे ही कुछ और बेहतरीन स्थानों और जानकारियों के बारे में जानना चाहते हैं तो आप हमारे यूट्यूब चैनल WE and IHANA पर या फिर हमारे इंस्टाग्राम अकाउंट @weandihana पर भी जा सकते हैं।
क्या आपने हाल में कोई की यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
बांग्ला और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें।