भारत के इन प्रमुख 10 समुद्रतटीय शहर में घूमने का अपना मजा है

Tripoto
Photo of भारत के इन प्रमुख 10 समुद्रतटीय शहर में घूमने का अपना मजा है by Nikhil Vidyarthi

.. कहते हैं, समुद्र के तट पर अपना एक दिन बिताना, दुनिया रूपी मोहमाया से बचने का सबसे अच्छा तरीका है।

अब दुनिया की तीसरी सबसे ताकतवर इकॉनमी बन चुकी भारत अपने आप में एक महान सांस्कृतिक विरासत लिए हुए है। और इसमें ऐतिहासिक स्मारक, भाषाएं, बोलियां और लोग भी शामिल हैं। वही प्राकृतिक संपदा की बात करें तो भारत की एक लंबी तटरेखा है। जो लगभग 7517 किमी लंबी है। इनमें बंगाल की खाड़ी (बे ऑफ बंगाल) में अंडमान और निकोबार आइलैंड समूह तथा अरब सागर में लक्षद्वीप द्वीप समूह की कोस्टल-लाइन शामिल है। इन क्षेत्रों में पाए जाने वाले समुद्रतटों की सुंदरता अद्वितीय माना जाता है। भारत में ऐसी कई खूबसूरत समुद्र तट हैं, जहां आप बेहतरीन बीच वैकेशन बिता सकते हैं। भारत के टॉप समुद्र तटीय शहरों के बारे में जानने के लिए आगे पढ़ें।

समुद्र के किनारे अपना समय बिताना मतलब कुछ पा लिया हो। शहर के भागदौड़, जीवनगाड़ी और नौकरी से मन अशांत हो गया है? और आप शांति के पल जीना चाहते हैं? तो यहां आपके लिए बीच वैकेशन के लिए प्रसिद्ध भारतीय समुद्र तटीय शहर के बारे में बताया जा रहा है। समुद्र तटों के साथ खास बात यह है कि धूप की किरणें सीधे समुद्र तल पर पड़ती हैं, दूर तक चमचमाती रेत एक लम्हे के बाद आपको समुद्र लगने लगता है। आप आंख बंद करते हैं और लहरें पैरों से टकरा जाती हैं। यह समुद्र तटों की सुंदरता को बढ़ाता है और उन्हें प्राकृतिक रूप से महत्वपूर्ण बनाता है। यदि आप भारतीय समुद्र की तटों पर वैकेशन मनाने की सोच रहे हैं, तो यहां भारत के टॉप 10 समुद्र तटों की जानकारी है। जो वैकेशन प्लान करने में आपकी मदद कर सकती है।

1. गोकर्णा

गोकर्णा में ऐसी क्या प्रसिद्धि है?

कर्नाटक स्थित गोकर्णा अपने रमणीय समुद्री तटों और प्राचीन जल के लिए जाना जाता है। यह शहर उन ट्रेवलर या टुरिस्ट का फेवरेट है, जो शांतिपूर्ण छुट्टियों का मजा लेना चाहते हैं। इसे कहा जाता है कि यह गोवा से आरामदायक और सस्ता वर्जन है। गोवा से इसकी दूरी मात्र 190 किमी है।भारत में अगर आप पूरी तरह से फैमिली वैकेशन, सोलो ट्रिप या कपल ट्रिप करना चाहते हैं वो भी समुद्र तट पर छुट्टी तो गोकर्णा एक उचित गंतव्य हो सकता है। आप अपना दिन धूप सेंकते हुए या समुद्र तट पर पेड़ों के नीचे छाया में आराम करते हुए बिता सकते हैं। शहर की प्रसिद्धि यहां के तीर्थ स्थानों के कारण भी है। समुद्र किनारे बसा यह शहर मनोरंजन के साथ धर्म को खूबसूरती से मिक्स करता है

गोकर्णा के प्रमुख समुद्र तट

गोकर्णा में कुछ प्रसिद्ध समुद्र तट की बात करें तो देश भर में प्रसिद्ध ओम समुद्र तट के अलावा और भी बीचेस हैं। जैसे कुडले बीच और एकांत में स्थित हाफ मून और पैराडाइज बीच। इन समुद्र तटों की खास बात हैं, यहां महीन रेत और चट्टानी रेट वाली तट दोनों हैं।

2. मैंगलोर

मैंगलोर में ऐसी क्या प्रसिद्धि है?

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले का शहर मंगलूरु अरब सागर के तट पर स्थित है। यह अपने अद्भुत समुद्र तटों, संस्कृति और बंदरगाहों के लिए जाना जाता है। इसे मंगलूर और मैंगलोर के नाम से भी जाना जाता रहा है। यह दक्षिण कन्नड़ जिला का मुख्यालय है। साथ ही राज्य के प्रमुख शहरों में गिना जाता है। इतना ही नहीं, भारत के सबसे अधिक स्वच्छ शहरों में भी मैंगलोर का नाम है। शहर के उत्तर में गुरुपुर नदी और दक्षिण में नेत्रवती नदी पूर्व से आकर अरब सागर में मिल जाती है। इस शहर का पूर्वी हिस्सा पश्चिमी घाट की पहाड़ियों से घिरा है। हम इस आर्टिकल में आपको भारत के 10 बेस्ट समुद्र तट वाले शहर के बारे में बता रहे हैं।

मैंगलोर के प्रमुख दर्शनीय स्थल

मैंगलोर से 79 किमी दूर एक दिवसीय यात्रा के लिए बेस्ट जगह है। यह एक मौसमी झरना है। जो कुद्रेमुख राष्ट्रीय उद्यान में स्थित है। यह मौसमी झरना करकला और लाक्या बांधों के बीच स्थित है। यहां आने का सबसे अच्छा समय मॉनसून के बाद माना जाता है।

मैंगलोर शहर में कई प्रसिद्ध सी बीच स्पॉट हैं। यह पनाम्बुर, तन्निर्भवी, एनआईटीके समुद्र तट, ससिहिथलू, सोमेश्वर, उल्लाल, कोटेकर और बटापडी जैसे समुद्र तटों के लिए प्रसिद्ध है। पनाम्बुर और तन्निर्भवी बीच देश भर के पर्यटकों को अपनी ओर खीचते हैं। यहां जेट स्की सवारी, नौकायन और डॉल्फिन को देखने सहित बहुत विकल्प हैं। यहां पर प्रशिक्षित कोस्टल लाइफगार्ड और गश्ती वाहन पर्यटकों की सुरक्षा के लिए मौजूद रहते हैं।

इस शहर में तीर्थ के लिए मंदिरों और इमारतों की बात करें तो मंगलादेवी मंदिर, कादरी मंजुनाथ मंदिर, सेंट अलॉयसियस चैपल, रोसारियो कैथेड्रल, मिलाग्रेस चर्च आदि शामिल हैं।

3. कोवलम

क्यों प्रसिद्ध है कोवलम?

केरल का यह गांव अपने आयुर्वेदिक उपचारों और योग केंद्रों के लिए प्रसिद्ध है। कोवलम भारत का एक और लोकप्रिय समुद्र तट गंतव्य है। जिसे हाल के कुछ वर्षों में खासी लोकप्रियता हासिल की है। तरोताजगी से भरते हुए तनाव-मुक्त छुट्टियां बिताने के लिए यह बेस्ट जगह है। कोवलम मूल रूप से मछली पकड़ने वाला गांव है। यह जगह नारियल के पेड़ों से घिरा है और अपने शांत समुद्री तटों के लिए पर्यटकों को बहुत आकर्षित करता है।

कोवलम में शीर्ष समुद्र तट

कोवलम बीच केरल में स्थित एक अंतरराष्ट्रीय प्रसिद्धि प्राप्त समुद्र तट है। यह 1930 के दशक से ही पर्यटकों को बहुत आकर्षित कर रहा है। कोवलम बीच पर एक विशाल चट्टानी क्षेत्र है, शांत पानी की एक सुंदर खाड़ी बनाती है। यह समुद्र स्नान के लिए बेहतर है। इस समुद्र तट पर अवकाश के विकल्प प्रचुर और विविध हैं।

अगर आप भारत में ही एक यादगार समुद्र तट की छुट्टी का आनंद लेना चाहते हैं। तो कोवलम के समुद्र तटों पर घूम लीजिए। जहां चिकनी रेत, साफ और शांत पानी और लहराते नारियल के पेड़ मन मोह लेते हैं। हावा, लाइटहाउस, समुद्र और वर्कला बीच कोवलम के अन्य लोकप्रिय समुद्र तट हैं।

4. गोवा

दोस्तों भारत में जब भी पर्यटन की बात उठती है तो गोवा का नाम सबसे कॉमन है। मुख्यतः अपने समुद्र तटों के लिए जाना जाने वाला राज्य गोवा छोटी छुट्टियों के लिए बेस्ट जगह है। गोवा के रेतीले समुद्र तट और धूप वाला मौसम लाखो देसी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। गोवा में एंटरटेनमेंट करने के लिए कई सुविधाएं हैं। यहां मनोरंजन के लिए आप ट्रांस पार्टियों और नाइटलाइफ को एंजॉय कर सकते हैं।

गोवा इतना किस लिए प्रसिद्ध है?

गोवा पर 450 से भी ज्यादा वर्षों तक पुर्तगाली शासन रहा था। जिसके कारण गोवा की संस्कृति में पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही शैलियों को देखने मिलता है। हालांकि गोवा के लाइफ स्टाइल पर पश्चिमी शैली का प्रभाव अधिक दिखता है। यहां झांकी दीपस्तंभ, क्रॉस, घोड़े मोदनी धार्मिक सद्भाव का दिखाती है। राजाओं की यूरोपीय शाही पोशाक गोवा की सांस्कृतिक विरासत का उतना ही हिस्सा है, जितना इस राज्य के विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के अनूठे मिश्रण को दर्शाने वाले क्षेत्रीय नृत्य हैं। गोवा के स्थानीय त्यौहार क्रिसमस, ईस्टर, कार्निवल, दिवाली, शिग्मो, चावोथ, संवत्सर पड़वो, दशहरा आदि हैं। गोवा कार्निवल और क्रिसमस-नए साल का जश्न मनाने के लिए पर्यटकों का फेवरेट जगह बन चुका है।

वही अगर गोवा की अन्य पर्यटक स्थलों के बारे में बताऊं तो कुछ प्रमुख के नाम आगे दिए गए हैं। अगुआड़ा किला, दूधसागर वाटर फाल्स, फरहान अख्तर निर्देशित दोस्ती केन्द्रित फिल्म दिल चाहता है का लोकेशन 'चपोरा किला', बेसिलिका ऑफ बॉम जीसस, फॉन्टेन्हास और साओ टोम, ब्रैगेंज़ा हाउस, महादेव मंदिर, मंगेशी मंदिर, रीस मैगोस किला आदि घूम सकते हैं। इन्हें देखते हुए स्थापत्य प्रतिभा कौशल से आप आश्चर्यचकित रह जाएंगे।

5. वर्कला, केरल

वर्कला में क्या प्रसिद्ध है?

केरल के दक्षिणी हिस्से में स्थित वर्कला समुद्र तटीय शहर है। जो अरब सागर से सटे और 15 मीटर ऊंचे 'उत्तरी चट्टान' के लिए जाना जाता है। हिप्पी संस्कृति, चट्टान पर स्थित बेहतरीन सी फूड्स खिलाने वाली झोंपड़ियों और वैश्विक संगीत बजाने तथा केरल के संत श्री नारायण गुरु की समाधि के लिए वर्कला काफी लोकप्रिय है। वर्कला में प्रसिद्ध जर्दाना स्वामी मंदिर भी स्थित है।

वर्कला के अन्य दर्शनीय और पर्यटक स्थल

इस तटीय शहर वर्कला में कुछ बेहतरीन प्राचीन समुद्र तट, पहाड़ियां, झीलें, किले, प्रकाशस्तंभ, प्राकृतिक मत्स्य पालन और झरने देखने को मिलते हैं। ये सब मिलकर इस शहर को बहुत दर्शनीय बनाते हैं। अगर आप स्थानीय मार्केट में घूमने जाना है तो बहुत विकल्प हैं। आप हिब्रू में साइनबोर्ड वाली योगा मैट, ऑक्सीडाइज़्ड चांदी आभूषण और कपास से बने हरम पैंट बेचने वाली कई दुकानों को खंगाल सकते हैं। यहां आयुर्वेदिक स्पा, किफायती रिसॉर्ट्स, हॉस्टल, साफ समुद्र तट का होना इसे केरल का खूबसूरत शहर बनाता है।

वर्कला ऐसे पहुंच सकते हैं

वर्कला रेल और सड़क मार्ग से शेष भारत से जुड़ा है। वर्कला शहर के लिए नियमित रेल और बस सेवाएं चलती रहती हैं; बसें निजी और सरकारी दोनों, खासकर केरल राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा संचालित की जाती हैं। वर्कला के लिए कोई सीधी उड़ान कनेक्टिविटी नहीं है। वैसे लगभग 40 किमी दूर तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डा है, जो निकटतम हवाई अड्डा है। जो वर्कला को शेष भारत से जोड़ता है। वर्कला के लिए सबसे अच्छा समय अक्टूबर से फरवरी (शीतकालीन) है। क्योंकि गर्मियों की तुलना में तापमान आरामदायक होता है और सूरज हल्का होता है।

वर्कला में रहने का साधन

यहां कॉटेज, बीच कॉटेज, होमस्टे, बीच रिज़ॉर्ट और स्पा, योगारिज़ॉर्ट के साथ-साथ कई बजट में आ जाने वाली जगहें हैं।

6. पुदुचेरी

क्या है प्रसिद्ध पुदुचेरी में?

भारतीय केंद्रशासित राज्य पुदुचेरी खूबसूरत तटीय क्षेत्रों से परिपूर्ण है। पुदुचेरी भारत का सुंदर फ्रांसीसी कॉलोनी है। यह अपने अंदर पुराने विश्व परिवेश को संरक्षित करते हुए बेहतरीन औपनिवेशिक वास्तुकला, चर्च, मूर्तियों और व्यवस्थित सिटी प्लान को समेटे हुए है। यह भारत के सबसे लोकप्रिय समुद्र तट स्थलों में से एक है। वैकेशन के दौरान शांति की तलाश करने वाले मुसाफिरों के लिए पांडिचेरी एक आदर्श ठिकाना है। पुदुचेरी में आप बैकवाटर नौकायन, कैनोइंग, कायाकिंग और धूप सेंकने जैसी गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं।

पुदुचेरी के प्रमुख समुद्र तट

पुदुचेरी के समुद्र तट सुबह की सैर, जॉगिंग और टहलने के साथ-साथ कई जल क्रीड़ा गतिविधियों का आनंद लेने के लिए आदर्श हैं। पुदुचेरी के सभी समुद्र तटों में से आप ऑरोविले बीच, प्रोमेनेड बीच, सेरेनिटी बीच, पैराडाइज बीच, माहे बीच और कराईकल बीच पर जा सकते हैं। पांडिचेरी की यात्रा का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च तक है क्योंकि इन महीनों के दौरान मौसम पर्यटन के लिए सुखद होता है। अक्टूबर महीने से मार्च तक पुदुचेरी घूमने जाने अच्छा उपयुक्त समय है। क्योंकि इन महीनों के दौरान मौसम घूमने के अनुकूल रहता है।

कैसे पहुंचा जाए पुदुचेरी?

दक्षिण भारत में स्थित पुदुचेरी हवाई, रेल और सड़क नेटवर्क के माध्यम से देश के बाकी हिस्सों से जुड़ा हुआ है। यह केंद्रशासित राज्य दुनिया के अधिकांश प्रमुख शहरों से भी बहुत अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। यहां का निकटतम हवाई अड्डा चेन्नई में है। जो 125 किलोमीटर की दूरी पर है। पुदुचेरी पहुंचने के लिए निकटतम रेलवे स्टेशन विल्लुपुरम रेलवे जंक्शन है, जो तमिलनाडू में है। यह पांडिचेरी से करीब 37 किलोमीटर दूर है।

पुदुचेरी में रहने के लिए होटल और स्थान

अगर आप पहली बार यहां रहे हैं तो आसपास में ही स्थित व्हाइट टाउन और हेरिटेज टाउन रहने के लिए अच्छे विकल्प हैं। यहां ठहरने के बहुत सारे विकल्प मौजूद हैं। जिनमें लक्जरी होटल, हेरिटेज प्रवास, मध्य-श्रेणी के होटल और होमस्टे शामिल हैं। हेरिटेज प्रवास में आपको फ्रांसीसी प्रभाव और तमिल स्थापत्य शैली का मिश्रण मिलता है। साथ ही सर्वोत्तम सुविधाएं, आउटडोर और इनडोर खेल गतिविधियां और स्वादिष्ट व्यंजन मिलता है। होटलों के अलावा, आपको इनकी सड़कों पर कई बोहेमियन स्टोर, प्राचीन इमारतें, आकर्षक बुटीक और बिस्ट्रोस मिल सकते हैं।

7. अलीबाग

क्या प्रसिद्ध है महाराष्ट्र के मिनी गोवा में?

मिनी गोवा नाम से भी प्रसिद्ध अलीबाग एक छोटा सा समुद्र तटीय शहर है। जो महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में स्थित है। यह महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में आता है। अलीबाग अपने समुद्र तटों, विला और सुंदर दृश्यों के लिए बहत प्रसिद्ध है। यहां सालों भर पर्यटकों का तांता लगा रहता है। अलीबाग मुंबई और पुणे में रहने वाले लोगों के बीच वीकेंड मनाने के लिए बहुत लोकप्रिय है। अलीबाग में पैरासेलिंग, बनाना बोट, जेट स्की और स्पीड बोटिंग जैसे वॉटर स्पोर्ट्स बहुत लोकप्रिय हैं। अधिकांश पर्यटक अलीबाग में कम- से-कम एक रात जरूर रहते हैं।

इतिहास में डूबा हुआ यह अनोखा शहर अलीबाग मुंबई से लगभग 96 किमी और पुणे से 150 किमी दूर है। यहां रेतीले समुद्र तटों, स्वच्छ अप्रदूषित हवा और पुराने किलों के अलावा मंदिरों से भरा हुआ है। यहां के बीच ताड़ के पेड़ों के साए को तलाशते हैं।

अलीबाग के मुख्य समुद्र तट

अलीबाग बीच, नागांव बीच, काशिद बीच, मुरुड बीच, रेवास बीच, वर्सोली बीच, कोरलाई बीच, मांडवा बीच और किहिम बीच अलीबाग में आपके समुद्र तट की छुट्टी पर घूमने के लिए कुछ लोकप्रिय जगह हैं। कोंकण क्षेत्र के रायगढ़ जिले में स्थित, अलीबाग महाराष्ट्र राज्य का एक अद्भुत तटीय शहर है। अलीबाग का शाब्दिक अर्थ है 'अली का बगीचा'। यह भारत के अवश्य देखे जाने वाले समुद्रतटीय स्थलों में से एक है।

कैसे पहुंचा जाए अलीबाग?

अलीबाग सड़क, रेल और फेरी के माध्यम से महाराष्ट्र और देश के प्रमुख शहरों से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। इसके पास के दो प्रमुख शहर मुंबई और पुणे हैं। अधिकांश पर्यटक मांडवा जेट्टी से फेरी द्वारा मुंबई से अलीबाग की यात्रा करना पसंद करते हैं। जहां पहुंचने में लगभग एक-डेढ़ घंटा लगता है। अलीबाग का निकटतम रेलवे स्टेशन पेन और कोहा (रायगढ़) में है। यहां से निकटतम हवाई अड्डे पुणे और मुंबई हैं। अलीबाग आने का नवंबर से मार्च सबसे अच्छा समय है। क्योंकि इस समय मौसम शुष्क और ठंडा होता है। मानसून का मौसम जून में शुरू होता है और सितंबर तक जारी रहता है। इसके अलावा बारिश के मौसम में मुंबई और अलीबाग के बीच फेरी सेवा बंद रहती है।

अलीबाग में कॉटेज से ले कर लक्जरी होटल तक हैं

यहां के समुद्र तटों से खूबसूरत सूर्योदय और सूर्यास्त, रेतीले समुद्र तटों पर नारियल के पेड़ों की सुंदरता को देखने के लिए समुद्र तट के किनारे कॉटेज में रहने से बेहतर क्या होगा। अलीबाग, किहिम, वर्सोली और नागांव बीच में कई कॉटेज हैं। जो अच्छा माहौल, आरामदायक कमरे, ऑन-साइट रेस्तरां और जल क्रीड़ा भी पेशकश करते हैं। समुद्र तटों के नजदीक लक्जरी होटल और रिसॉर्ट्स के लिए भी अलीबाग खूब प्रसिद्ध है। जहां आपको आधुनिक सुविधाएं, उत्कृष्ट आतिथ्य और प्रामाणिक महाराष्ट्रीयन व्यंजन मिलते हैं। जो आरामदायक छुट्टी का सर्वोत्तम विकल्प है।

8. मामल्लापुरम

तमिलनाडू का शहर महाबलीपुरम अपने जटिल नक्काशीदार मंदिरों और चट्टानों को काटकर बनाई गई गुफाओं के लिए प्रसिद्ध है। इसे मामल्लापुरम भी कहा जाता है। यह तमिलनाडू में बंगाल की खाड़ी के साथ कोरोमंडल तट पर स्थित एक ऐतिहासिक रूप से प्रमुख और पसंद किया जाने वाला पर्यटन स्थल है। एक समय प्रसिद्ध राक्षस राजा महाबली का निवास स्थान रहे महाबलीपुरम का बाद में नाम बदलकर मामल्लापुरम कर दिया गया।

कुछ प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल स्मारक समूह जैसे शोर मंदिर और पांच रथ, मगरमच्छ बैंक जो मगरमच्छों की कुछ उत्कृष्ट प्रजातियों का घर है।

मामल्लापुरम जाने का सही समय

महाबलीपुरम घूमने जाने का सबसे अच्छा समय सर्दियों का मौसम होता है। यानि अक्टूबर और मार्च के बीच। इन महीनों में दिन गर्म और ठंडी रातों के साथ जलवायु अच्छी रहती है। यह शहर को घूमने के लिए बहुत उपयुक्त होता है। नवंबर से फरवरी तक की अवधि पर्यटन के लिहाज से बहुत अच्छा होता है और जलवायु स्वास्थ्यप्रद होती है। गर्मियों के दौरान महाबलीपुरम की यात्रा आमतौर पर टाली जाती है। क्योंकि बहुत अधिक तापमान और थका देने वाली गर्मी होती है, जिससे शहर में दर्शनीय स्थलों की यात्रा करना मुश्किल हो जाता है।

कैसे पहुंचें?

महाबलीपुरम चेन्नई के बहुत ही निकट है। इसलिए चेन्नई से सड़क मार्ग से आगे बढ़ना सबसे अच्छा तरीका है। शहर के केंद्र में कोयम्बेडु (सीएमबीटी) या तिरुवन्मियूर (चेन्नई में) और कांचीपुरम से बसें आती हैं। यह ईस्ट कोस्ट रोड से हो कर चेन्नई से ड्राइव करना एक अद्भुत अनुभव देता है।

9. अंडमान निकोबार द्वीप

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुल 572 द्वीप शामिल हैं। जिनमें से केवल 37 द्वीप पर लोग बसे हुए हैं और कुछ पर्यटकों के लिए खुले हैं। हैवलॉक द्वीप अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के सबसे बड़े और सबसे लोकप्रिय द्वीपों में से एक है। यात्री आम तौर पर फ्लाइट या शिप के माध्यम से पोर्ट ब्लेयर से प्रवेश करते हैं और हैवलॉक और नील द्वीपों में कई रातें बिताते हैं। यहां कुछ बेहतरीन रिसॉर्ट्स हैं।

पोर्ट ब्लेयर से आम तौर पर आसपास के द्वीपों तक फेरी से जाने के लिए बेस सिटी है। हालांकि, पर्यटक शहर और आसपास के समुद्र तटों का पता लगाने के लिए यहां एक या दो दिन भी बिताते हैं। लोग पोर्ट ब्लेयर से रॉस द्वीप और नॉर्थ बे द्वीप या बाराटांग और जॉली बॉय द्वीप की दिन की यात्रा भी करते हैं।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह कैसे पहुंचे?

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तक केवल हवाईजहाज और जलमार्गों के द्वारा पहुंचा जा सकता है। क्योंकि यह भारत के पूर्वी तट के साथ बंगाल की खाड़ी में द्वीपों का एक अलग समूह है। पोर्ट ब्लेयर का अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, वीर सावरकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पूरे भारत के प्रमुख शहरों से जुड़ा है और केंद्र शासित प्रदेश में प्राथमिक प्रवेश द्वार के रूप में कार्य करता है।

10. विशाखापत्तनम

विशाखापत्तनम को आमतौर पर वाइजैग के नाम से भी जाना जाता है। यह देश के सबसे पुराने बंदरगाह शहरों में से है। आंध्र प्रदेश के केंद्र में स्थित विशाखापत्तनम को 31 जनवरी, 2023 को आंध्र प्रदेश की राज्य राजधानी के रूप में घोषित किया गया था। यह शहर अपने सुरम्य समुद्र तटों और शांत परिदृश्य के साथ-साथ एक समृद्ध सांस्कृतिक अतीत के लिए जाना जाता है। विशाखापत्तनम का बंदरगाह पूरे भारत में सबसे पुराने शिपयार्ड का घर होने के लिए प्रसिद्ध है।

यदि आपको इतिहास पसंद है, तो बोर्रा गुफाएं यहां के सबसे अच्छे पर्यटक आकर्षणों में से एक हैं। अराकू घाटी में अनंतगिरि पहाड़ियों के बीच स्थित बोर्रा गुफाएं हजारों साल पुरानी हैं। यह भारत में पाई जाने वाली सभी गुफाओं से बड़ी हैं। पूरी तरह से प्राकृतिक कास्टिक चूना पत्थर से बनी, गुफाएं प्रकृति में बहुरूपदर्शक हैं। जिस पर झरनों के साथ चट्टानों पर पड़ने वाली रोशनी एक अत्यंत रंगीन प्रभाव पैदा करती है। यह पूरे वातावरण में जादू भर देता है। इसके अलावा सबमरीन संग्रहालय, रुशिकोंडा बीच, याराडा बीच, कैलाससगिरि (शिव मंदिर) आदि स्थान हैं जहां आप घूम सकते हैं।

क्या आपने हाल में कोई यात्रा की है? अपने अनुभव को शेयर करने के लिए यहाँ क्लिक करें

बंगाली और गुजराती में सफ़रनामे पढ़ने और साझा करने के लिए Tripoto বাংলা और Tripoto ગુજરાતી फॉलो करें

Further Reads